पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर को फिलहाल आज बंद कर दिया गया है। कोचिंग के बाहर ताला लटका हुआ है। सदर एसडीएम ने मंगलवार को निरीक्षण किया था। हालांकि, कोचिंग बंद होने को लेकर गार्ड को कोई जानकारी नहीं है। बोरिंग रोड चौराहे के पास जो कोचिंग है, उसमें एंट्री और एग्जिट गेट भी एक ही हैं। यह तय मानक के अनुरूप नहीं हैं।
दिल्ली के एक कोचिंग संस्थान की लाइब्रेरी में तीन छात्रों की मौत के बाद पटना में भी जांच के लिए डीएम की ओर से टीम गठित की गई थी। मंगलवार को पटना में कई कोचिंग संस्थानों की जांच की गई। इसमें खान सर की कोचिंग भी शामिल थी। जिला प्रशासन की ओर से पटना शहर के कोचिंग संस्थानों की जांच चल रही है। हालांकि अभी तक किसी संस्थान को सील नहीं किया गया है।
एक महीना के अंदर रजिस्ट्रेशन कराने का निर्देश
वहीं, पटना डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने आज कोचिंग संचालकों के साथ बैठक की। मीटिंग खत्म होने के बाद उन्होंने बताया कि कोचिंग के लिए जो क्राइटेरिया है, उसे संचालकों को बताया गया है। जिस कोचिंग का रजिस्ट्रेशन नहीं है, उन्हें एक महीने का समय दिया गया है। इस बीच वह अपना रजिस्ट्रेशन करवा लें अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
अग्नि सुरक्षा और स्टूडेंट्स के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था कोचिंग में करनी होगी। एक क्लास रूम में क्षमता से अधिक बच्चे बैठ रहे हैं। इंस्पेक्शन में ये बातें सामने आई है। इसमें सुधार के लिए सभी कोचिंग संचालकों को एक महीने का समय दिया गया है।
कई कोचिंग संस्थान में एंट्री और एग्जिट गेट एक तरफ से ही है। उन्हें दो गेट बनाने का निर्देश दिया गया है। किसी भी सूरत में बेसमेंट में क्लास नहीं चलेगी। जो लोग नियम के खिलाफ कोचिंग चलाएंगे, उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मीटिंग में 50 से अधिक संचालक हुए शामिल
मीटिंग करीब एक घंटे तक चली। जिसमें गुरु रहमान, एसके झा, रौशन सर समेत 50 से अधिक संचालक शामिल हुए। खान सर मीटिंग में नहीं पहुंचे थे। उनकी जगह कोचिंग के मैनेजर शामिल हुए।
10 मिनट बाद खान सर से हुई मुलाकात
दिल्ली के राजेन्द्र नगर के कोचिंग में हुई घटना के बाद पटना के SDM श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर टीम के साथ कई कोचिंग संस्थानों का जायजा लिया। खान सर के GS रिसर्च सेंटर भी पहुंचे थे। पहले खान सर के कर्मचारियों ने एसडीएम को क्लास रूम दिखाने के नाम पर सीढ़ियों से खूब ऊपर-नीचे करवाया। लेकिन क्लास रूम नहीं दिखाया। उनके पहुंचने के 10 मिनट बाद खान सर उनसे मिले।
एसडीएम दफ्तर में दिखाएंगे डॉक्यूमेंट
एसडीएम और मीडियाकर्मियों को देख खान सर असहज होने लगे। मीडियाकर्मियों को अपने कमरे से बाहर कर दिया। मीडिया के बाहर निकलने के कुछ ही मिनट बाद SDM भी बाहर आ गए। मीडियाकर्मियों को बताया कि खान सर ने एसडीएम से कोचिंग के सभी दस्तावेज देने के लिए समय मांगा है।
पटना में 30 कोचिंग सेंटर की जांच की गई है। इसमें पाया गया कि बहुत कम जगह में ज्यादा स्टूडेंट पढ़ रहे हैं। कई कोचिंग का रजिस्ट्रेशन भी नहीं है। कई संस्थानो में फायर सिस्टम होना चाहिए। फायर एनओसी होना चाहिए। वो भी नहीं है।
