प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बुधवार को हिमाचल, चंडीगढ़, पंजाब समेत 19 जगहों पर छापेमारी की। हिमाचल में 40 वाहनों में 150 अधिकारियों की टीम कांगड़ा और ऊना में अलग अलग जगह दस्तावेज खंगाल रही है।
ईडी की टीम आयुष्मान भारत योजना में अनियमितताओं को लेकर नगरोटा बगवां से कांग्रेस विधायक आरएस बाली के घर और उनके निजी फोर्टिस अस्पताल की जांच कर रही है। इसके अलावा टीम देहरा से 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी और प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा के घर और उनके बालाजी अस्पताल में दस्तावेज खंगाल रही है।
कांगड़ा में ही ईडी की टीम द नर्सिंग हॉस्पिटल नगरोटा बगवां में भी रेड कर रही है। यहां पर भी सुबह से ईडी की रेड जारी है। वहीं सिटी हॉस्पिटल कांगड़ा के एमडी डॉ. प्रदीप मक्कड़ के घर पर भी ईडी की रेड जारी है।
कुल्लू जिला के ढालपुर श्री हरिहर अस्पताल में भी ईडी की टीम पहुंची है। अस्पताल के बाहर पेरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात है और भीतर ईडी की टीम दस्तावेज खंगाल रही है।
मंदिर से राजेश को उठाकर ले गई ईडी
रेड से पहले डॉ. राजेश शर्मा बुधवार सुबह स्थानीय मंदिर में मूर्ति की स्थापना व पूजा-अर्चना कर रहे थे। इस दौरान ईडी की टीम उन्हें अपनी गाड़ी में उठाकर ले गई। आरएस बाली और राजेश शर्मा के घर व अस्पताल के बाहर CRPF के जवान तैनात हैं। अंदर ईडी की टीम दस्तावेज खंगाल रही है। कांगड़ा के अन्य निजी अस्पताल पर भी रेड की सूचना है।
ऊना के प्राइवेट अस्पताल पर भी ED की रेड
उधर, ऊना जिला में भी ED की टीम ने श्री बांके बिहारी प्राइवेट अस्पताल पर रेड की है। टीम के अधिकारी दो गाड़ियों में पहुंचे और अस्पताल के भीतर जांच का सिलसिला जारी है। ED की टीम अस्पताल के रिकॉर्ड को खंगाल रही है। इसके अतिरिक्त ED की टीम मैहतपुर के बसदेहड़ा में भी जांच जारी है। यह ठिकाना भी इसी अस्पताल से जुड़ा है।
आपको बता दें कि राज्य सरकार ने बीते सप्ताह ही प्राइवेट अस्पतालों में हिम केयर कार्ड के तहत निशुल्क उपचार पर रोक और इसमें सुधार करने का निर्णय लिया था। संभव है कि सरकार को पहले ही गड़बड़ियों का अंदेशा हो गया था।
