NCP(SP) चीफ शरद पवार ने बुधवार को कहा कि महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के बीच विलय की चर्चा में शामिल नहीं थे। इसलिए उन्हें इस पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।
शरद ने दावा किया कि NCP (SP) नेता जयंत पाटिल और उनके भतीजे और NCP चीफ अजित पवार विलय की बातचीत का नेतृत्व कर रहे थे।
दरअसल CM फडणवीस ने पिछले दिनों कहा था कि अगर NCP मर्जर की बातचीत सच में चल रही होती, तो अजित पवार ने उनके साथ यह बात शेयर की होती।
महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी CM अजित पवार की 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में प्लेन दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद ही शरद पवार और उनकी पार्टी के नेताओं ने दावा किया था कि विलय के लिए 12 फरवरी की तारीख तय की थी।
बारामती में आज के 2 घटनाक्रम
अजित पवार के लिए कश्मीर से कन्याकुमारी तक कलश यात्रा
NCP यूथ कांग्रेस दिवंगत डिप्टी सीएम और पार्टी प्रमुख अजित पवार के लिए कश्मीर से कन्याकुमारी तक ‘कलश यात्रा’ निकाल रही है। यह यात्रा 4 से 7 फरवरी के बीच देश के चारों कोनों को कवर करेगी। यह यात्रा 14 राज्यों से होकर गुजरेगी।
अजित की मौत के बाद विद्या प्रतिष्ठान में पहली बैठक
NCP (SP) प्रमुख शरद पवार की अध्यक्षता में विद्या प्रतिष्ठान में एक बैठक हुई। इसमें अजित पवार के बेटे पार्थ पवार, जय पवार, विजया पाटिल और दूसरे सदस्य शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद यह पहली बैठक थी।
शरद पवार और अजित पवार के बेटों पार्थ पवार और जय पवार के बीच एक बंद कमरे में भी बैठक हुई। यह बैठक विद्या प्रतिष्ठान के परिसर में हुई। सूत्रों ने बताया कि बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चली। बैठक के एजेंडे के बारे में तत्काल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। सूत्रों के अनुसार बैठक में NCP के दोनों गुटों का संभावित विलय और आगामी जिला परिषद चुनाव पर बातचीत हुई।
