विपक्ष के सांसदों का हंगामा, लोकसभा कल तक स्थगित:PM मोदी की स्पीच टली; शाम 5 बजे धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलने वाले थे प्रधानमंत्री
विपक्षी सांसदों के लगातार हंगामे के चलते बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही 4 बार स्थगित हुई, जिसके बाद शाम 5 बजे सदन को गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। हंगामे के कारण पीएम नरेंद्र मोदी का आज शाम 5 बजे होने वाले राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर संबोधन भी टल गया।
संसद में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के ऑफिस में विपक्ष और बीजेपी सांसदों के बीच भी बहस हुई है। ऑफिस का जो वीडियो सामने आया है इसमें विपक्ष की महिला सांसद केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू से कुछ कहती नजर आ रही हैं।
वहीं, लोकसभा में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने गांधी परिवार और कांग्रेस पर लिखी किताबें और नोट्स दिखाए। उन्होंने कहा इन किताबों में गांधी परिवार और कांग्रेस परिवार की मक्कारी, गद्दारी, भ्रष्टाचार और अय्याशी का जिक्र है।
निशिकांत की कोट की गई किताबों में एडविना एंड नेहरू, रेमिनिसेंस ऑफ द नेहरू एज, द रेड साड़ी, एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर समेत दूसरी किताबें और नोट्स दिखाए। आज फिर चेयर की तरफ विपक्षी सांसदों ने पेपर उड़ाए।
विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही बार-बार बाधित हुई। सुबह सदन सिर्फ 5 मिनट चला और 12 बजे तक स्थगित हुआ। इसके बाद 12 बजे हंगामा होने पर दोपहर 2 बजे तक और 2 बजे दोबारा शुरू होकर 8 मिनट में ही रुक गया। शाम 5 बजे फिर शुरू होने के बाद भी हंगामे के चलते लोकसभा को कल सुबह 11 बजे तक स्थगित करना पड़ा।
पीयूष गोयल ने कहा- अमेरिका और भारत की ट्रेड डील ऐतिहासिक
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में अमेरिका से टैरिफ डील पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि डील ऐतिहासिक है। भारत के कृषि और खाद्य क्षेत्र का पूरा ध्यान रखा गया है। यह डील भारत के विकास में बेहद फायदेमंद होगी।
गोयल के भाषण के दौरान विपक्षी सांसद हंगामा करते रहे। विपक्ष ने ‘LoP (राहुल गांधी) को बोलने दो’, नरेंद्र मोदी-सरेंडर मोदी और ‘डरता है डरता है नरेंद्र मोदी डरता है’ के नारे लगाए। विपक्ष के हंगामें पर लोकसभा को दोपह 2 बजे तक स्थगित किय गया।
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के अपडेट्स के लिए नीचे के ब्लॉग से गुजर जाएं…
अपडेट्स
खड़गे के आरोपों पर नड्डा बोले- ट्रेड डील में किसानों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के आरोपों पर जेपी नड्डा ने राज्यसभा में कहा कि अमेरिका ट्रेड डील में किसानों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा, लिखित में कहा जा चुका है। तब भी आप बार बार किसानों के मुद्दे पर सवाल उठा रहे हैं।
खड़गे बोले- देश में बुलडोजर पॉलिटिक्स हो रही है
- देश खतरनाक दौर से गुजर रहा। भारत की पहचान डाइवर्सिटी और थॉट्स की प्रैक्टिस रही है। उत्तराखंड में सद्बभावना को मार दिया गया। जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो कैसे सुरक्षा मिलेगी। आपके पास सहिष्णुता नहीं है। आप केवल वोटों के लिए लड़ते हैं। भाजपा के एक सीएम मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाकर बयान दे रहे। ये सीएम हमेशा मुसलमानों के खिलाफ बात करते हैं।
- देश में सिलेक्टिव टार्गेटिंग और बुलडोजर पॉलिटिक्स का इस्तेमाल हो रहा है। नड्डा जी आपकी मजबूरी है कि मोदी का समर्थन कर रहे हैं। मोदी केरल में चुनाव आने पर चर्च में जाते हैं लेकिन उन पर होने वाले अत्याचार पर खामोश रहते हैं। इसाइयों और मसुलमानों के खिलाफ जहर उगले बिना भाजपा के लोगों को खाना हजम नहीं होता। आपको पावर मिला है उसका ठीक से इस्तेमाल करो देश की छवि को नुकसान पहुंच रहा है।
- राष्ट्रपति जिन्होंने गरीब और कमजोर की पीड़ा को खुद देखा है। उनके भाषण में उसका जिक्र नहीं था। पीएम संसद में सवालों से बचते हैं। 16वीं 17वीं लोकसभा में 8123 सवाल पूछे गए। सिर्फ 13 पर जवाब दिया किया। बाकी सब खारिज हो गए। स्टेटहुड पर जम्मू और कश्मीर और लद्दाख पर मेरे सवालों को खारिज कर दिया। उसको हाइपोथेटिकल (काल्पनिक) कहा गया।
- सरकार बोलती है सबका साथ सबका विकास लेकिन ये बोलने भर की है। गैर-एनडीए राज्यों में राजभवन में आरएसएस बीजेपी के दफ्तर बन गए हैं। कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल में राज्यपालों ने भाषण पढ़ने से इनकार किया। क्या अध्यक्ष जी आपने कभी इनकार किया।
- भारत में 1% लोगों के पास 40% संपत्ति है, जबकि 50% आबादी के पास सिर्फ 15% एसेट हैं। गुजरात के सीएम रहते मोदी ने रुपये की गिरावट को मनमोहन जी की उम्र से जोड़ा था, आज रुपया मोदी जी की उम्र भी पार कर चुका है। जब विपक्ष में थे तब भी देश की इज्जत की चिंता नहीं थी। नौजवानों की पीड़ा से सरकार बेपरवाह है। सरकारी 9.7 लाख पद आज भी खाली हैं।
- नोटबंदी, लॉकडाउन, बुलेट ट्रेन, काला धन, ये सब जुमले कहां गए। लोग भुलाना चाहते हैं पर भुला नहीं पाते। कितने झूठ बोलते हैं। आप देश को युवाओं को इजराइल जैसे एक्टिव वॉर जोन में भेज रहे हैं। विश्व गुरु बन रहे हैं। अरे गुरू लोगों को नौकरी तो दो।
- मनरेगा एक्ट को खत्म मत करो। नया एक्ट किसानों-मजदूरों महिलाओं के खिलाफ है। गांधी जी के नाम पर कम से कम राइट टू वर्क बहाल होने दो। हाल के महीने में लेबर कोड को सरकार ने जोरशोर से प्रचार किया।
- मनरेगा खत्म मत करो। नया एक्ट किसान-मजदूर-महिलाओं के खिलाफ है। गांधी के नाम पर राइट टू वर्क तो रहने दो। लेबर कोड के बहाने पुराने श्रमिक कानून दोस्तों के फायदे के लिए खत्म किए गए, यूनियनों को दबाया गया। अंबेडकर का नाम लेते हो और उनके कानून मिटाते हो। 11 साल के अच्छे दिन प्रदूषण में गायब हैं। लोग हवा खरीद रहे हैं। ईज ऑफ लिविंग की बात करने वाले ईज ऑप ब्रीथिंग नहीं दे पा रहे।
- 1971 के बाद पहली बार बांग्लादेश-चीन-पाकिस्तान नजदीक आए। यह विदेश नीति की नाकामी है। चीन से सख्ती की बातें कर आज सरेंडर किया गया। इस सरकार के कार्यकाल में 2300 आतंकी हमलों में 1000 से ज्यादा मौतें हुईं। बातें बहुत, काम जीरो। मोदी जी गुमराह कर रहे हैं; सत्ता ने उन्हें अंधा कर दिया है। आपकी नफरतें बताती हैं कि आपको प्यार की जरूरत है। जीत ने अंधा कर दिया है तुम्हे, आपको एक हार की जरूरत है।
राज्यसभा में खड़गे की स्पीच की बड़ी बातें…
- मैं आपको यह दिखाना चाहता हूं कि देश की जनता की भलाई के लिए कितना समय दिया गया और कितना समय देश के बाहर बिताया गया। पिछले 11 सालों में मोदी सरकार ने सामाजिक न्याय को कमजोर किया है।
- महिलाओं को बीजेपी केवल वोटबैंक की तरह देखती है। अगर प्रधानमंत्री मोदी वाकई महिलाओं को आगे लाना चाहते, तो अब तक महिला आरक्षण को लागू कर चुके होते। 100 साल पहले महिलाओं को वोट देने का अधिकार नहीं था और भारत में भी करीब 77–78 साल पहले तक महिलाओं को यह अधिकार नहीं मिला था, लेकिन उस दौर में कांग्रेस ने सरोजनी नायडू को पार्टी का अध्यक्ष बनाया। इसके विपरीत, आज तक न तो बीजेपी ने और न ही आरएसएस ने किसी महिला को अध्यक्ष बनाया है।
- कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में एससी-एसटी समुदाय के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं और काम किए थे, लेकिन मोदी सरकार ने उन योजनाओं को खत्म कर दिया। मौजूदा सरकार उनके लिए कुछ खास नहीं कर रही है, जिससे इन वर्गों की समस्याएं और बढ़ती जा रही हैं।
- प्रधानमंत्री अभ्युदय जैसी योजनाओं के नाम भले ही आकर्षक रखे गए हों, लेकिन काम का हाल खराब है। इन योजनाओं में 41.59 प्रतिशत तक का अंडर-यूटिलाइजेशन है, जो साफ दिखाता है कि योजनाएं जमीन पर सही तरीके से लागू नहीं हो रहीं। सिर्फ बोलने से काम नहीं चलता। काम करना पड़ता है, जो इस सरकार से नजर नहीं आता।
- इसी तरह कई स्कीम्स में अंडर यूटिलाइजेशन है। एससी एसटी और महिलाओं पर अपराध बढ़ रहे हैं। आप आंकड़े छिपाते हैं। सबको पता है कि हर अपराध दर्ज नहीं होता है। जातिगत हिंसा करने वालों को बढ़ावा मिल रहा है।
- मणिपुर जला सरकार मौन रही। सामाजिक सद्बावना की बात मणिपुर के बिना अधूरी। मणिपुर को मिलिट्री एरिया बना दिया। अपने नेता की इतनी तारीफ ना करो कि ऊपर से नीचे गिरे तो हड्ड पसली ना मिले। मोदी सरकार को मणिपुर पहुंचने में 2 साल लग गए। वास्को डिगामा ने 11 महीने में नई दुनिया ढूंढ निकाली थी। भारत की आत्मा पर हमला हो रहा है।
खड़गे बोले- भाजपा सरकार ने देश की हालत खराब कर दी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा में कहा- भाजपा सरकार ने देश की हालत बहुत खराब कर दी है। देखना होगा आने वाले दिनों में क्या होती है। 6062 शब्दों का भाषण इस सरकार ने तैयार करवाया है। पर कई अहम सवालों पर अभिभाषण मौन है।
मैं सदन में पांच जरूरी मुद्दे रखना चाहता हूं, जिन पर बात नहीं हुई।
सामाजिक न्याय सामाजिक सद्भाव संसदीय लोकतंत्र पर हमला अर्थव्यवस्था, किसान-मजदूरों की दिक्कतें विदेश नीति की खामियां
मकर द्वार पर सस्पेंड सांसदों का विरोध प्रदर्शन
लोकसभा से निलंबित विपक्ष के 8 सांसदों ने पोस्टर लेकर विरोध जताया। पोस्टर पर लिखा- पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड (प्रधानमंत्री ने समझौता किया)। पोस्टर पर पूर्व आर्मी चीफ नरवणे, पीएम नरेंद्र मोदी और जेफ्री एपस्टीन की तस्वीर थी।
इन सांसदों को चेयर की तरफ पेपर उछालने की शिकायत पर पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित किया गया है। आज सुबह लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही अमेरिका-भारत ट्रेड डील पर विपक्ष ने हंगामा किया।
अखिलेश बोले- ये डील नहीं, सरेंडर है
अमेरिका-भारत ट्रेड डील पर सपा सांसद अखिलेश यादव ने कहा- यह कोई डील नहीं बल्कि सरेंडर है।सरकार ने पूरा भारतीय बाजार अमेरिका के हवाले कर दिया है। इस तरह के समझौते से देश के हितों पर असर पड़ेगा और सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए।
गोयल बोले- यह समझौता ‘विकसित भारत 2047’ की दिशा में कदम
