प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार (28 फरवरी) शाम महाराष्ट्र के यवतमाल पहुंचे। यहां उन्होंने 4900 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया। इसके साथ ही देश के 9 करोड़ किसानों को पीएम किसान योजना की 16वीं किस्त भी जारी की।
यवतमाल से पहले पीएम तमिलनाडु के थूथुकुडी में थे। उन्होंने यहां 17 हजार 300 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स की नींव रखी थी। थुथूकुडी से पहले 27 फरवरी को पीएम तमिलनाडु के तिरुपुर और केरल के तिरुवनंतपुरम भी पहुंचे थे।
यवतमाल में पीएम मोदी ने कहा, ‘साल 2014 से पहले देश के गांवों में अराजकता थी। लेकिन तत्कालीन INDI गठबंधन की सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं थी। आजादी से लेकर 2014 तक देश के गांवों में अराजकता का माहौल था।’
उन्होंने कहा कि पहले 100 में से केवल 15 परिवारों को पाइप के माध्यम से पानी मिलता था। इसे समाप्त करने के लिए मैंने हर घर जल की गारंटी दी। अब 100 में से 75 ग्रामीण परिवारों को पाइप के माध्यम से पानी मिलता है।
गांव के घरों में पाइप से पानी पहुंचा
पीएम मोदी ने कहा कि मैं छत्रपति शिवाजी महाराज की धरती को नमन करता हूं। मैं बाबा साहेब अंबेडकर को भी नमन करता हूं। जब 10 साल पहले मैं चाय पर चर्चा के लिए यवतमाल आया था, तो आपने (जनता) हमें आशीर्वाद दिया था। भारत की जनता ने NDA को 300 के पार पहुंचाया। 2019 में भी हम 350 के पार पहुंचे। सभी वर्गों की महिलाएं हमें आशीर्वाद देने के लिए यहां आई हैं।
उन्होंने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तो दिल्ली से एक रुपया निकलता था और गंतव्य तक 15 पैसे पहुंचते थे। अगर अभी कांग्रेस की सरकार होती तो जो 21 हजार करोड़ रुपए, 18 हजार करोड़ रुपए आज आपके पास हैं। वो बीच में ही लुट गया होता।
पीएम मोदी ने यवतमाल में महाराष्ट्र के एक करोड़ आयुष्मान कार्ड के वितरण की शुरुआत की। पीएम नरेंद्र मोदी ने ‘नमो शेतकरी महा सम्मान निधि’ की दूसरी और तीसरी किस्त जारी की भी जारी की।
