बहराइच के महसी इलाके में शूटर्स ने भेड़िए को घेर लिया था, लेकिन भेड़िया चकमा देकर भाग गया। मुख्य वन संरक्षक रेनू सिंह ने कहा- भेड़िए पल-पल अपनी लोकेशन बदल रहे हैं। इसके चलते ऑपरेशन लंबा खिंच रहा है।
इधर, कौशांबी में भी भेड़िए की एंट्री हो गई है। यहां भेड़िए ने मासूम समेत 3 लोगों पर हमला कर दिया। इसमें से 2 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाराबंकी में बच्चों ने भेड़िए के डर से स्कूल जाना छोड़ दिया है।
बहराइच में 300 वन कर्मियों की टीम आदमखोर भेड़ियों की तलाश में जुटी है। बुधवार रात को 12 टीमों ने पूरे जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया। 25 ड्रोन से निगरानी की, लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ। रात में भेड़िए ने 3 मवेशियों पर अटैक कर मार डाला।
बुधवार को वन मंत्री अरुण सक्सेना ने अफसरों के साथ हाईलेवल मीटिंग की। उन्होंने कहा- हर आदमी की जान बचाना जरूरी है। हम चाहते हैं कि आदमखोर भेड़िए पकड़े जाएं। अगर पकड़े नहीं जाते हैं, तो मार देंगे।
