केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि कोई माई का लाल जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल-370 को वापस नहीं ला सकता है। आगे उन्होंने कहा कि 2 निशान,2 प्रधान की बात करने वालों को जनता स्वीकार नहीं करेगी।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के लीडर और जम्मू-कश्मीर के पूर्व CM फारूक अब्दुल्ला ने दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में आर्टिकल-370 बहाल करने के लिए सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही थी। जिसे लेकर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए ये बातें कहीं।
नित्यानंद राय ने कांग्रेस और फारूक अब्दुल्ला के गठबंधन पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि मैं तो कांग्रेस से पहले पूछना चाहता हूं कि फारूक अब्दुल्ला के चुनावी एजेंडा में जो घोषणाएं है, उससे क्या वह सहमत हैं ? उन्होंने कहा इस देश में दो निशान और दो प्रधान की बात नहीं चलेगी। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस घोषणा भी कर रही है कि हमारी सरकार आएगी तो धारा 370 वापस लाएंगे, लेकिन कोई माई का लाल इसे वापस नहीं ला सकता है। भारत के माथे पर जो कलंक था उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समाप्त कर दिया गया।
उदंडता का नेतृत्व कर रहे तेजस्वी
वहीं नित्यानंद राय ने तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा है। नित्यानंद राय ने कहा कि तेजस्वी के नेतृत्व में उनके कार्यकर्ता उदंडता करते आ रहे हैं। यह राजद का संस्कार बन चुका है। दरअसल, अपनी यात्रा को लेकर तेजस्वी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से उदंडता छोड़ने को कहा है, इसे लेकर जब पत्रकारों ने सवाल किया तो केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि राजद के कार्यकर्ता उदंडता छोड़ दे, यह संभव नहीं है। यह उनकी परंपरा है। राजद के लोग ना ही उदंडता छोड़ने वाले हैं और ना उन्हें बिहार के विकास से कोई मतलब है। तेजस्वी जो भी कह लें, वो उदंडता का नेतृत्व करते हैं। वह क्या किसी को सीख देंगे।
फारूक बोले ‐ जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा देना पड़ेगा
जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। आर्टिकल-370 हटने के बाद यह पहला विधानसभा चुनाव है। वोटिंग तीन फेज में 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को होगी। होने वाले चुनाव को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस के लीडर और जम्मू-कश्मीर के पूर्व CM फारूक अब्दुल्ला से दैनिक भास्कर की टीम ने बात की। इस इंटरव्यू में उन्होंने बालाकोट एयरस्ट्राइक पर सवाल उठाए। कहा कि इसमें नुकसान तो हमारा ही हुआ। साथ ही जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद बढ़ने पर केंद्र को घेरा और आर्टिकल-370 बहाल करने के लिए सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही। पूरा इंटरव्यू यहां पढ़िए।
