अल्केमिस्ट एविएशन के लापता विमान को अब इंडियन नेवी खोज रही है। भारतीय नौसेना की टीम चांडिल डैम पहुंच चुकी है। तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। टीम अपने साथ चार हाइड्रोसलर्स मशीन और दूसरे जरूरी उपकरण लेकर आई है।
इससे पहले बुधवार को एनडीआरएफ की टीम ने 8 घंटे तक चांडिल डैम में मशक्कत की। इसके बाद भी एनडीआरएफ के हाथ खाली रहे और विमान का कुछ पता नहीं चल पाया। जिसके बाद जिला प्रशासन ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और सांसद संजय सेठ को पत्र भेजकर नेवी से सहयोग का आग्रह किया था। विशाखापट्टनम से नेवी के 15 लोगों की टीम विशेष विमान से बुधवार की देर रात रांची पहुंची।
इधर गुरुवार सुबह ट्रेनी पायलट शुभ्रोदीप दत्ता का शव चांडिल डैम से बरामद किया गया है। ट्रेनी पायलट का शव बरामद होने के साथ ही यह बात साफ हो गई है कि विमान डैम में गिरकर क्रैश हुआ था।
मंगलवार से लापता है ट्रेनी विमान
जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट से मंगलवार सुबह 10.30 बजे उड़ा ट्रेनी विमान उड़ान भरने के 50 मिनट बाद लापता हो गया। अलकेमिस्ट एविएशन लिमिटेड के ट्रेनी विमान को एक इंस्ट्रक्टर और जीत शत्रु आनंद एक ट्रेनी पायलट शुभ्रोदीप दत्ता उड़ा रहे थे। विमान का 11:20 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया। इसके बाद विमान का कोई पता नहीं चला। दोपहर करीब 3 बजे पटमदा के लोगों ने आमदा पहाड़ के पास एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने जिला पुलिस कंट्रोल रूम को और स्थानीय प्रशासन ने टाटा स्टील से संपर्क किया। इसके बाद टाटा स्टील का हेलीकॉप्टर सर्च एंड रेस्क्यू के लिए सोनारी एयरपोर्ट से रवाना हुआ। मंगलवार को जिला प्रशासन अपने स्तर पर तलाश करती रही, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।
स्थानीय लोगों की जानकारी पर चांडिल डैम में तलाशी
मंगलवार को दिन भर की तलाशी के बाद चांडिल डैम के पास के पपियालडीह गांव के रहने वाले रूसू मांझी और तपन हांसदा ने डैम में विमान डूबने की जानकारी दी। इसी जानकारी के आधार पर जिला प्रशासन एनडीआरएफ की 16 सदस्यीय टीम के साथ चांडिल डैम में तलाशी शुरू कर दी।
बुधवार को सुबह 10 बजे से करीब तलाशी अभियान शुरू हुआ। इस दौरान एनडीआरएफ की टीम ने अपनी हर तकनीक का इस्तेमाल किया। वहीं स्थानीय गोताखोर और लोगों के बताए उपाय पर भी प्रशासन ने अमल किया, लेकिन नतीजा सिफर रहा।
ग्रामीण बोले- डैम में समा गया विमान
चांडिल डैम के नौका विहार घाट के ठीक विपरीत दिशा में पियालडीह गांव है। इसी गांव के दो युवक रूसू मांझी और तपन हसदा ने मंगलवार को गायब विमान को दुर्घटनाग्रस्त होते देखा। दोनों युवकों ने बताया कि उन्होंने गांववालों की इस घटना की जानकारी दी तो उन्होंने अफवाह फैलाने से मना किया।
शाम को जो विमान की खोज शुरू हुई तो ग्रामीणों ने भरोसा किया और जिला प्रशासन को जानकारी दी। तपन हसदा के मुताबिक मंगलवार को वह गांव के कुछ युवाओं के साथ डैम में नहाने गया था। सुबह करीब 11:20 बजे एक विमान डैम के ऊपर उड़ता दिखा। विमान नीमडीह की ओर से आया था और पानी में करीब 200 फीट की ऊंचाई पर मंडरा रहा था।
विमान वापस नीमड़ीह की ओर जाने के लिए मुडा तो इंजन की आवाज आनी बंद हो गई। फिर विमान के इंजन से तेज आवाज आने लगा और विमान ऊंचाई पर जाने लगा। इसी बीच विमान तेजी से नीचे आया और पानी में समा गया।
पूर्व सांसद केडी सिंह ने शुरू किया था अलकेमिस्ट एविएशन
झारखंड और पश्चिम बंगाल से राज्यसभा सांसद रहे हरियाणा के कारोबारी केडी सिंह ने 2010 में सोनारी एयरपोर्ट से अलकेमिस्ट एविएशन की शुरुआत की थी। केडी सिंह के पास कई विमान थे और वे इस क्षेत्र से जुड़े हुए थे। सोनारी एयरपोर्ट से कई साल तक केडी सिंह ने खुद एविएशन का संचालन किया। बाद में घाटा होने पर इसे बेच दिया। झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन के पीएस (आप्त सचिव) रहे सोनारी के मनोहर पाल ने एविएशन को खरीदा था। मनोहर पाल की मृत्यु के बाद उनके बेटे मृणाल पाल एविएशन का काम संभाल रहे हैं।
ट्रेनिंग देती है अलकेमिस्ट एविएशन
अलकेमिस्ट एविएशन का संचालन अभी मृणाल पाल कर रहे हैं। इस कंपनी के पास 5 विमान हैं, जिससे पायलट ट्रेनिंग दी जाती है। इसमें एक दो सीटर और चार विमान चार सीटर हैं। हाल में अलकेमिस्ट ने 6 सीटर विमान का ऑर्डर दिया है।
