Headlines

नोएडा में मंदिर की घंटी बजाने पर प्रदूषण का नोटिस:बोर्ड ने कहा-धीमे और कम देर तक बजाएं; विरोध पर आदेश वापस

नोएडा में मंदिर की घंटी बजाने पर प्रदूषण का नोटिस:बोर्ड ने कहा-धीमे और कम देर तक बजाएं; विरोध पर आदेश वापस

नोएडा27 मिनट पहले
ग्रेटर नोएडा के गौड़ सौंदर्यम सोसाइटी में ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ मंदिर बना है।

यूपी पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने मंदिर की घंटी बजाने को लेकर ग्रेटर नोएडा की एक सोसाइटी को नोटिस भेजा। जांच में घंटी की आवाज मानकों से अधिक मिली। बोर्ड ने अपार्टमेंट ऑनर एसोसिएशन से घंटी की आवाज कम करने को कहा।

पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के नोटिस के बाद अपार्टमेंट ऑनर एसोसिएशन ने सोसाइटी के वॉट्सऐप ग्रुप और नोटिस बोर्ड पर एक सूचना जारी की। इसमें कहा गया कि लोग घंटी धीरे बजाएं और ज्यादा देर तक न बजाएं।

मामला सामने आने के बाद सोसाइटी के लोग नाराज हो गए। उन्होंने पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड का जमकर विरोध किया। सोशल मीडिया पर इसके विरोध में अभियान चलाया। मामले को तूल पकड़ता देख पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने बुधवार देर रात घंटी धीमी बजाने का आदेश वापस ले लिया। मामला ग्रेटर नोएडा के गौड़ सौंदर्यम सोसाइटी का है।

मंदिर की यही वो घंटी है, जिसके बजाने पर ध्वनि प्रदूषण की शिकायत की गई थी।

जांच में आवाज 72 डेसिबल मिली, 55 से कम चाहिए

गौड़ सौंदर्यम सोसाइटी के 2 टावरों के बीच कॉमन एरिया में ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ मंदिर बना है। यहां सोसाइटी के लोग पूजा-अर्चना करते हैं। मंदिर में एक बड़ी घंटी लगी है। पूजा करने आने वाले लोग घंटी बजाते हैं। घंटी की तेज आवाज से सोसाइटी के किसी सदस्य को परेशानी हो रही थी। इसकी शिकायत मुदित बंसल नाम की मेल आईडी से पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड को की गई।

30 जुलाई को शिकायत मिली। 5 अगस्त को पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने जांच की तो घंटी की आवाज मानकों से अधिक मिली। आवाज 72 डेसिबल थी, जबकि 55 डेसिबल से कम होनी चाहिए।

जांच अफसरों ने बताया कि कई बार निगरानी करने के बाद अपार्टमेंट ऑनर एसोसिएशन (AOA) को नोटिस जारी कर आवाज कम करने का आग्रह किया गया। इसके बाद भी वैसी ही स्थिति बनी रही। फिर नोटिस जारी किया गया। नोटिस में कहा गया है कि मंदिर की घंटी की आवाज दिन में 55 डेसिबल और रात में 45 डेसिबल से अधिक हो रही है।

ग्रेटर नोएडा का गौड़ सौंदर्यम सोसाइटी। (फाइल फोटो)

AOA ने लोगों के लिए जारी की सूचना
AOA के पदाधिकारियों ने बताया, पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के नोटिस के बाद सोसाइटी के लोगों के लिए सूचना जारी की गई। लोगों से घंटी धीरे और कम देर तक बजाने का अनुरोध किया गया। मंदिर में पूजा के दौरान घंटी को धीमी आवाज पर बजाने की अपील की गई। इसके बाद लोगों की नाराजगी सामने आई।

ग्रेटर नोएडा के गौड़ सौंदर्यम सोसाइटी में दो टावरों के बीच कॉमन एरिया में ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ मंदिर बना है।

क्षेत्रीय अधिकारी बोले- विरोध के बाद आदेश वापस लिया
नोटिस भेजने पर यूपी पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डीके गुप्ता ने कहा- गौड़ सौंदर्यम सोसाइटी के कुछ निवासियों ने मंदिर की घंटी की तेज आवाज की शिकायत की थी। जांच की तो घंटी की आवाज मानकों से अधिक मिली। जिस पर AOA को ध्वनि प्रदूषण के मानकों का पालन करने का नोटिस जारी किया गया। लोगों के विरोध के बाद आदेश वापस ले लिया है।

यही वो नोटिस है जो यूपी पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डीके गुप्ता ने भेजी थी।

नोटिस पर लोगों ने नाराजगी जताई
नोटिस की कॉपी सामने आने के बाद लोगों ने कहा- विभाग प्रदूषण पर नियंत्रण करने में नाकाम साबित हो रहा है। फैक्ट्रियों आदि के प्रदूषण की जगह मंदिर की घंटी पर नोटिस भेजा जा रहा है, जो गलत हैं। मंदिर की घंटी से ध्वनि प्रदूषण नहीं होता है।

X पर अखिलेश तिवारी ने लिखा- प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने हद कर दी…लगता है कि नोएडा को प्रदूषण मुक्त कर दिया है। इनको तो सम्मानित किया जाना चाहिए। क्योंकि साहब ने मंदिर में घंटी बजाने पर पाबंदी लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024