संसद की सुरक्षा में चूक:युवक दीवार फांदकर अंदर कूदा; पुलिस बोली- आरोपी विक्षिप्त, नाम भी नहीं बता पा रहा
संसद भवन की सुरक्षा में शुक्रवार (16 अगस्त) को सेंध का मामला सामने आया। एक युवक दोपहर में दीवार फांदकर संसद परिसर में घुस गया। वहां तैनात सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्सेज (CISF) के जवानों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौ
आरोपी की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं, जिसमें वह शॉर्ट्स और टी-शर्ट पहने हुए है। CISF के जवान उसे पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने बताया कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त लगता है। वह अपना नाम भी ठीक से नहीं बता पा रहा है।
न्यूज एजेंसी PTI ने CISF के सूत्रों के हवाले से बताया कि आरोपी के पास से आपत्तिजनक नहीं मिला। युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी मनीष के रूप में हुई है। मामले में जांच जारी है।
इम्तियाज खान मार्ग की तरफ हुई घटना
CISF के सूत्रों के अनुसार, घटना इम्तियाज खान मार्ग की तरफ हुई। संदिग्ध आरोपी दोपहर करीब 2:45 बजे दीवार फांदकर पार्लियामेंट एनेक्सी भवन के कैंपस के अंदर कूद गया। संसद परिसर की सुरक्षा देखने वाले CISF जवानों ने युवक को देखने के बाद पीसीआर कॉल की और स्थानीय पुलिस को सूचित किया।
पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और युवक को पास के पुलिस स्टेशन ले गई, जहां अधिकारियों ने उससे पूछताछ की। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह दीवार फांदकर कैंपस के अंदर कैसे चला गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
13 दिसंबर 2023 को नए संसद भवन की सुरक्षा में चूक हुई थी
13 दिसंबर 2023 को संसद पर आतंकी हमले की 22वीं बरसी पर नए संसद भवन की विजिटर्स गैलरी से बैठे 2 युवकों ने अपने जूतों से छिपा पीला स्प्रे भवन में फैला दिया था। पूरे सदन में भगदड़ मच गई थी।
ये लोग 5 लेयर की सुरक्षा तोड़कर लोकसभा में घुसे थे और हंगामा किया था। वहीं, इनके दो अन्य साथियों को संसद के बाहर प्रदर्शन करते हुए सिक्योरिटी ने पकड़ा था। पूरी खबर पढ़ें…
CISF को मई में संसद की सुरक्षा का जिम्मा मिला
इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस और सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) को संसद की आंतरिक सुरक्षा से हटा दिया गया था। दिल्ली पुलिस के पास अभी सिर्फ बाहरी सुरक्षा का जिम्मा है। संसद में तैनात रहे CRPF के पार्लियामेंट ड्यूटी ग्रुप (PDG) ने 17 मई को अपने 1400 जवानों को वापस बुला लिया था। साथ ही अपने सारे वाहन, हथियार और कमांडो भी हटा लिए।
20 मई से संसद की नई और पुरानी बिल्डिंग की सुरक्षा की जिम्मेदारी पूरी तरह से सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF) को सौंपी गई। CISF के 3317 जवान संसद की आतंकियों और किसी भी तरह के हमलावरों वालों से रक्षा करने के लिए तैनात किए गए हैं। पूरी खबर पढ़ें…
