Headlines

बिहार में 2 साल में 21 पुल गिरे:सुल्तानगंज अगवानी ब्रिज में 3 साल में तीसरा हादसा; पिलर नंबर 9 का सुपर स्ट्रक्चर गिरा

बिहार में 2 साल में 21 पुल गिरे:सुल्तानगंज अगवानी ब्रिज में 3 साल में तीसरा हादसा; पिलर नंबर 9 का सुपर स्ट्रक्चर गिरा

भागलपुर2 घंटे पहले

भागलपुर में शनिवार सुबह सुल्तानगंज अगवानी गंगा पुल के पिलर 9 का सुपर स्ट्रक्चर गिर गया। गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण ये घटना घटी है। पिलर संख्या 9 और 10 के बीच का स्लैब के सेगमेंट के लिए बना स्ट्रक्चर नदी में समा गया।

ये तीसरी बार है, जब इस पुल का सुपर स्ट्रक्चर गिरा है। सुपर स्ट्रक्चर गिरने का वीडियो भी सामने आया है। इस हादसे में किसे के हताहत होने की सूचना नहीं है। बिहार में पिछले 2 साल में 21 पुल गिरे हैं। इनमें 15 से ज्यादा छोटे और पुराने पुल भी हैं।

बीते साल 4 जून 2023 को अगवानी की तरफ से पिलर संख्या 9,10, 11, 12 का सुपर स्ट्रक्चर गिर कर गंगा में समा गया था। इससे पहले 30 अप्रैल 2022 के रात में हवा के झोंके से पिलर संख्या पांच गिरा था। इस पुल के निर्माण के लिए 4 जुलाई 2024 तय की गई थी लेकिन अब 2026 कर दी गई है।

शनिवार सुबह निर्माणाधीन अगवानी पुल के पिलर 9 का सुपर स्ट्रक्चर गंगा में समा गया। 3 साल में ये तीसरा हादसा है।

2016 में शुरू हुआ था निर्माण

बता दें कि अगवानी फोरलेन सेतु के अप्रोच रोड को 440 मीटर लंबा बनाया जाना है। इसमें 128.64 करोड़ की राशि खर्च की जा रही है। इसी तरह 1716 करोड़ में अगवानी फोरलेन सेतु का निर्माण 2016 में शुरू किया गया था। नौ बार निर्माण पूरा करने की तारीख तय हुई, लेकिन काम पूरा नहीं हुआ। पुल को 2024 के अंत तक पूरा कर लिया जाना था, लेकिन अब इसका टारगेट 2026 तक कर दिया गया है

2023 में भी इस पुल का स्लैब गिरा था

एक साल पहले बिहार के खगड़िया के अगवानी-सुल्तानगंज के बीच गंगा पर बन रहा पुल के चार पिलर नदी में समा गए थे। पुल का करीब 192 मीटर हिस्सा नदी में गिरा था। हादसे के समय मजदूर वहां से 500 मीटर दूर काम कर रहे थे।

इतना बड़ा स्ट्रक्चर गिरने से गंगा नदी में कई फीट ऊंची लहरें उठनी थी। इससे नदी में नाव पर बैठे लोग सहम गए।

इसे एसपी सिंगला कंपनी बना रही है। पुल का शिलान्यास 2014 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था। पुल का निर्माण 2015 से चल रहा है। इसकी लागत 1710.77 करोड़ रुपए है। पुल की लंबाई 3.16 किलोमीटर है।

पुल गिरने से गंगा नदी में कई फीट ऊंची लहरें उठीं थी।

2022 में भी 100 मीटर हिस्सा गिरा था, जांच भी हुई

साल 2022 में भी इस निर्माणाधीन पुल का स्ट्रक्चर पिछले साल भी नदी में गिर गया था। तीन पिलर्स के 36 स्लैब यानी करीब 100 फीट लंबा हिस्सा भरभराकर ढह गया था। रात में काम बंद था, इसलिए जनहानि नहीं हुई थी। उस समय पुल निगम के MD के साथ एक टीम ने वहां जाकर जांच भी की थी।

प्रोजेक्ट पूरा होने पर झारखंड से जुड़ जाएगा उत्तर बिहार

ये पुल अगुवानी और सुल्तानगंज घाट (भागलपुर जिला) के बीच बन रहा है जो बरौनी खगड़िया NH 31 और दक्षिण बिहार के मोकामा, लखीसराय, भागलपुर, मिर्जाचौकी NH 80 को जोड़ेगा। प्रोजेक्ट पूरा होने पर बिहार के खगड़िया की ओर से 16 किलोमीटर और सुल्तानगंज की ओर से चार किलोमीटर लंबी एप्रोच रोड के जरिए उत्तर बिहार सीधे मिर्जा चौकी के रास्ते झारखंड से जुड़ जाएगा। पुल बनने से खगड़िया से भागलपुर आने के लिए 90 किलोमीटर की दूरी मात्र 30 किलोमीटर रह जाएगी।

इस पुल को सिंगला कंपनी बना रही है, कंपनी ने बिहार में 8 पुल बनाए हैं

19 जुलाई को कंपनी के ठिकानों पर ED ने रेड की थी

ED ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में पुल बनाने वाली सिंगला कंपनी पर पटना से दिल्ली तक छापेमारी की थी। कंपनी ने बिहार में 8 पुल बनाए हैं। 1700 करोड़ की लागत से पिछले साल कंपनी भागलपुर के अगुवानी घाट पर पुल बनवा रही थी। ये पुल दो बार गिरा गया था। जिसके बाद यह सिंगला कंपनी सुर्खियों में आई। कंपनी को बिहार में 9 हजार करोड़ के अलग-अलग ठेके मिले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024