Headlines

अमेरिकी ट्रेड डील पर राहुल बोले- मोदी ने देश बेचा:अडाणी पर केस और एपस्टीन फाइल्स से पीएम डरे हुए

अमेरिकी ट्रेड डील पर राहुल बोले- मोदी ने देश बेचा:अडाणी पर केस और एपस्टीन फाइल्स से पीएम डरे हुए

नई दिल्लीकुछ ही क्षण पहले

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी ट्रेड डील में देश बेच दिया है। आपकी मेहनत को खून-पसीने को बेच दिया है, क्योंकि वे कॉम्प्रोमाइज्ड हैं।

राहुल ने कहा- नरेंद्र मोदी डरे हुए हैं, क्योंकि जिन्होंने उनकी इमेज बनाई वे अब यह इमेज तोड़ रहे हैं। अमेरिका में अडानी पर केस है, यह असल में मोदी पर केस है। वो मोदी जी के फाइनेंशियल स्ट्रक्चर को टारगेट कर रहे हैं।

वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि राहुल देश को गुमराह कर रहे हैं। अमेरिकी के साथ ट्रेड डील से देश को फायदा होगा। देश-विदेश में इसकी तारीफ हो रही है। कृषि-डेयरी क्षेत्र को संरक्षित रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि ट्रेड डील पर दोनों देश जल्द साझा बयान जारी करेंगे।

दरअसल, ट्रम्प ने सोमवार को भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने भारत पर लगाए गए 50% टैरिफ को घटाकर 18% कर दिया है। ट्रम्प ने यह भी कहा कि भारत अब रूस से तेल खरीदना अब बंद कर देगा।

राहुल ने आरोप लगाया कि एपस्टीन फाइल्स में और भी बहुत कुछ है जो अमेरिका ने अभी तक रिलीज नहीं किया है। उसकी वजह से भी पीएम पर प्रेशर है। ये दो प्रेशर पॉइंट्स हैं। देश को यह समझना चाहिए कि प्रधानमंत्री कॉम्प्रोमाइज्ड हैं।

राहुल ने कहा कि इतिहास में पहली बार राष्ट्रपति के भाषण पर नेता विपक्ष को बोलने नहीं दिया गया है। जनता को इस बारे में सोचने की जरूरत है।

पीयूष गोयल के बयान की 5 बड़ी बातें

  • हम सब जानते हैं कि प्रधानमंत्री ने प्रेसिडेंट ट्रंप के साथ अपने दोस्ताना रिश्ते और करीबी रिश्तों का फायदा उठाते हुए, अमेरिका के साथ एक ट्रेड डील फाइनल की है, जो हमारे सभी पड़ोसियों, सभी आस-पास के देशों और हमारे साथ मुकाबला करने वाले सभी देशों की तुलना में भारत को मिली सबसे अच्छी डील है।
  • यह हम सभी के लिए एक बड़ी डील है। राहुल गांधी और सभी विपक्षी दल की ओछी सोच है। वे भारत का उज्जवल भविष्य नहीं चाहते। वे हर प्रकार से राजनीतिक अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। संसद में सभी ने उनका चरित्र देखा। वे भारतीय सेना पर सवाल उठाते हैं।
  • मैं सबकी तरफ से PM नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देता हूं और आप सभी को बधाई देता हूं, क्योंकि यह ट्रेड डील, जिसे प्रधानमंत्री ने कल फाइनल किया, सच में भारत की इकॉनमी के लिए, भारत के सभी 140 करोड़ नागरिकों के लिए, गांवों में रहने वाले हर गरीब व्यक्ति, किसान, मछुआरे, नौजवान और महिला, हमारी बहनों और महिलाओं के लिए बहुत सारे मौके लाएगी।
  • PM मोदी ने हमेशा एग्रीकल्चर और डेयरी दोनों सेक्टर को सपोर्ट किया है, उनके हितों की रक्षा की है और इस सेक्टर के लोगों के लिए एक अच्छा भविष्य और भरपूर मौके पक्का करने के लिए बिना थके काम किया है।
  • मुझे खुशी है कि पूरा देश इसे समझता है और इसकी तारीफ़ करता है, और यह उनके दिल से जुड़ता है। भारत की इकॉनमी के सेंसिटिव फैक्टर्स, खासकर एग्रीकल्चर और डेयरी, को सुरक्षित रखा गया है। हमने पूरे देश से रिपोर्ट्स देखी हैं।
  • बड़े पैमाने पर उत्साह है। भारत के एक्सपोर्ट से जुड़े सभी लोग, भारत के टेक्नोलॉजी सेक्टर से जुड़े लोग, जो लोग भारत में मॉडर्न टेक्नोलॉजी लाना चाहते हैं या ग्लोबल सप्लाई चेन और ग्लोबल वैल्यू चेन का हिस्सा बनना चाहते हैं, जो लोग ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर बनाना चाहते हैं, और जो लोग अलग-अलग सेक्टर में इन्वेस्ट करना चाहते हैं, खासकर ऐसे सेक्टर जिनमें ज़्यादा मेहनत लगती है और जो लाखों लोगों को रोजगार देते हैं। सभी इससे उत्साहित हैं।

जयराम रमेश बोले- वॉशिंगटन में मोगैम्बो खुश

कांग्रेस ने अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने X पर लिखा- वॉशिंगटन में मोगैम्बो खुश है। ऐसा लग रहा है कि PM मोदी ने आखिरकार हार मान ली है।

कांग्रेस ने भी सोशल मीडिया पर सरकार से सवाल पूछा। लिखा अमेरिका की कृषि मंत्री ब्रुक रोलिंस ने कहा है – अब अमेरिका के किसानों के प्रोडक्ट भारत के बाजार में बिकेंगे। इससे अमेरिका के ग्रामीण इलाकों में पैसा आएगा। अमेरिका के किसानों के लिए भारत का मार्केट बेहद जरूरी है। ट्रम्प ने इस डील से अमेरिका के किसानों का फायद कराया है। ये भारत के लिए बेहद चिंताजनक है।

अमेरिका की कृषि मंत्री के बयान से साफ है कि मोदी सरकार ने भारत के किसानों के हितों को नजरअंदाज करके ये डील की है।

इस फैसले से भारत में किसानों को नुकसान होगा। अब उन्हें अपने ही देश में अमेरिका के किसानों के साथ प्रतिस्पर्धा करनी होगी। ये पूरी तरह से भारत के किसानों पर वार है। नरेंद्र मोदी को जवाब देना चाहिए कि उन्होंने भारत के किसानों के हितों का सौदा क्यों किया।

ट्रम्प बोले- भारत हमसे 500 अरब डॉलर का सामान खरीदेगा

ट्रम्प ने सोशल मीडिया ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट के जरिए PM मोदी के साथ फोन पर बातचीत और भारत के साथ ट्रेड डील की जानकारी दी। उन्होंने लिखा- भारत के प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी।

हमने कई मुद्दों पर चर्चा की, जिनमें व्यापार और रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करना भी शामिल था। प्रधानमंत्री मोदी ने सहमति जताई कि भारत रूस से तेल खरीदना बंद करेंगे और अमेरिका से कहीं ज्यादा तेल खरीदेगा। इसके अलावा वेनेजुएला से तेल खरीदने की संभावना पर भी बात हुई।

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘बाय अमेरिकन’ को लेकर भी बड़ी प्रतिबद्धता जताई है। इसके तहत भारत हमसे 500 अरब डॉलर से ज्यादा के ऊर्जा, तकनीक, कृषि, कोयला और अन्य उत्पाद खरीदेगा। मुझे पूरा भरोसा है कि भारत और अमेरिका के रिश्ते आगे और भी मजबूत होंगे।

PM मोदी ने भी ट्रम्प को शुक्रिया कहा

ट्रम्प के पोस्ट के बाद PM मोदी ने भी X पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा- मुझे राष्ट्रपति ट्रम्प से बात करके बहुत खुशी हुई। यह जानकर बेहद संतोष है कि अब मेड इन इंडिया उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18% कर दिया गया है। इस शानदार फैसले के लिए मैं भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रम्प का दिल से धन्यवाद करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024