Headlines

आंध्र में YSRCP अध्यक्ष ने CM को गाली दी, गिरफ्तार:चंद्रबाबू नायडू की पार्टी कार्यकर्ताओं ने घर में तोड़फोड़ की, आग लगाई; माफी की मांग

आंध्रप्रदेश के गुंटूर में प्रदेश की YSR कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अंबाकी रामबाबू ने मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को गाली दी। इसके बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। पुलिस ने शिकायत के बाद रामबाबू को उनके घर से शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया।

इस दौरान सत्ताधरी तेलगु देशम पार्टी(TDP) कार्यकर्ताओं ने गुंटूर की सड़कों और रामबाबू के घर पर कई घंटों तक विरोध प्रदर्शन किया। दर्जनों TDP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अंबाती के घर और गाड़ियों में तोड़फोड़ की साथ ही आग भी लगा दी।

गुंटूर जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) वकुल जिंदल ने बताया कि रामबाबू को गिरफ्तार कर लिया गया है। रामबाबू पहले की YSRCP सरकार में सिंचाई मंत्री थे। उन्हें कड़ी सुरक्षा पुलिस अपने साथ ले गई। कार्यकर्ता TDP सुप्रीमो के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के लिए रामबाबू से माफी मांगने की मांग कर रहे थे।

3 तस्वीरों में देखें पूरी घटना

रामबाबू के घर पर दिन के वक्त TDP कार्यकर्ताओं ने घर और कार में तोड़फोड़ की।
प्रदर्शनकारियों ने रामबाबू के घर पर खड़ी कार में आग लगाई।
रात के वक्त रामबाबू के घर में भी प्रदर्शनकारियों ने आग लगा दी।

YSRCP ने कहा- रामबाबू की जान को खतरा

वाईएस जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली YSRCP ने आरोप लगाया कि रामबाबू पर जानलेवा हमला किया गया और कहा कि TDP समर्थकों के हमले के बाद उनकी जान को गंभीर खतरा है।

रेड्डी ने आरोप लगाया कि आंध्र प्रदेश में जंगल राज जैसी स्थिति हो गई है और नायडू कथित तौर पर अराजकता और राजनीतिक बदले की भावना वाले माहौल की अध्यक्षता कर रहे हैं।

YSRCP ने कहा कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ हिंसा और हत्या के प्रयास के मामले दिन-ब-दिन बढ़ रहे हैं और सरकार पर सवाल उठाने वाली आवाजों को डराने के लिए जानबूझकर ऐसा किया जा रहा है।

इस बीच, YSRCP संसदीय दल के नेता वाईवी सुब्बा रेड्डी ने केंद्रीय गृह सचिव और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष को अलग-अलग पत्र लिखकर राज्य में कानून-व्यवस्था की कथित खतरनाक स्थिति पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

YSRCP ने DGP को चिट्ठी लिखी

YSR कांग्रेस पार्टी ने पूर्व मंत्री अंबाती रामबाबू पर जानलेवा हमले की कड़ी निंदा की है, इसे एक खतरनाक, राजनीतिक मकसद वाला काम बताया।

DGP को लिखी चिट्ठी में YSRCP के जनरल सेक्रेटरी और सेंट्रल ऑफिस इंचार्ज MLC लेल्ला अप्पिरेड्डी ने कहा कि यह हमला सरकार पर सवाल उठाने वाली विपक्षी आवाजों को डराने की एक सोची-समझी साजिश थी।

पार्टी ने कहा कि यह घटना दिखाती है कि राज्य कितना असुरक्षित हो गया है। YSRCP ने पुलिस की तुरंत कार्रवाई न करने के लिए आलोचना की। उन्होंने इसे प्रशासनिक पंगुता और पुलिस पर राजनीतिक दबाव का सबूत बताया।

YSRCP ने हमलावरों और साजिशकर्ताओं दोनों को सजा देने के लिए तुरंत, निष्पक्ष जांच, अंबाती रामबाबू के लिए पूरी सुरक्षा और पूरे राज्य में विपक्षी नेताओं की सुरक्षा की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024