Headlines

BMC मेयर पद- शिवसेना ने फिर दावेदारी के संकेत दिए:शिंदे बोले- कार्यकर्ताओं की इच्छा, बाल ठाकरे जन्मशती पर शिवसैनिक मेयर बने

BMC मेयर पद- शिवसेना ने फिर दावेदारी के संकेत दिए:शिंदे बोले- कार्यकर्ताओं की इच्छा, बाल ठाकरे जन्मशती पर शिवसैनिक मेयर बने

मुंबई11 घंटे पहले
एकनाथ शिंदे ने 18 जनवरी को पार्षदों से मुलाकात के बाद कहा था कि मेयर महायुति का ही होगा।

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने सोमवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) मेयर पद पर शिवसेना की दावेदारी के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि 23 जनवरी से शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे की जन्मशती वर्ष की शुरुआत हो रही है। शिवसैनिकों की इच्छा है कि इस मौके पर BMC में शिवसेना का मेयर होना चाहिए।

हालांकि शिंदे ने यह भी स्पष्ट किया कि शिवसेना कोई ऐसा फैसला नहीं करेगी जो जनादेश के खिलाफ हो। उन्होंने याद दिलाया कि BMC चुनाव शिवसेना और बीजेपी ने गठबंधन में लड़ा था। जिन नगर निगमों में शिवसेना और बीजेपी ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा है, वहां महायुति का ही मेयर बनेगा।

महाराष्ट्र में BMS समेत 29 नगर निगमों में 15 जनवरी को चुनाव हुए थे और 16 जनवरी को रिजल्ट आया था। BMC के 227 सीटों में भाजपा को 89 और शिंदे गुट को 29 सीटें मिली थीं। मेयर के लिए बहुमत का आंकड़ा 114 है। इसके लिए भाजपा को शिंदे गुट के 25 पार्षदों के समर्थन की जरूरत होगी।

नतीजों के बाद शिवसेना ने अपने 29 पार्षदों को बांद्रा के होटल ताज लैंड्स एंड में ठहराया है। हालांकि, पार्टी का कहना है कि होटल में पार्षदों के लिए ओरिएंटेशन वर्कशॉप किया जा रहा है, ताकि उन्हें देश की सबसे समृद्ध नगर निकाय BMC के कामकाज की जानकारी दी जा सके।

एकनाथ शिंदे ने 18 जनवरी की शाम बांद्रा के होटल में अपने सभी 29 पार्षदों से मुलाकात की।

मेयर पद के लिए 22 जनवरी को निकालेगी लॉटरी

29 नगर निगमों में मेयर पद के लिए 22 जनवरी को लॉटरी निकाली जाएगी। इसमें यह तय होगा कि पद ओपन कैटेगरी, अनुसूचित जाति/जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग या महिलाओं के लिए आरक्षित रहेगा। कैटेगरी तय होते ही उसी दिन या अगले दिन अधिसूचना जारी की जाएगी।

इसके बाद सात दिन का नोटिस अनिवार्य होने के कारण मेयर चुनाव 29 या 30 जनवरी को होने की संभावना है। अगर अधिसूचना 23 जनवरी को जारी हुई तो मतदान 30 या 31 जनवरी को कराया जा सकता है। मुख्यमंत्री फडणवीस 24 जनवरी को स्विट्जरलैंड से वापस आएंगे।

राजनेताओं की प्रतिक्रियाएं…

  • शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने सोमवार को दावा किया कि शिंदे के बाद भाजपा भी अपने पार्षदों को किसी सुरक्षित जगह पर ले जाने की योजना बना रही है। राउत ने कहा- शिंदे अपने पार्षदों को पहले ही फाइव स्टार होटल में भेज चुके हैं। सवाल है- कौन किससे डर रहा है?
  • शिंदे गुट के नेता संजय निरुपम ने साफ कहा कि मुंबई का अगला मेयर महायुति से ही होगा और शिवसेना (यूबीटी) के मेयर बनने की कोई संभावना नहीं है।
  • शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता हर्षल प्रधान ने आरोप लगाया कि बीजेपी और शिंदे सत्ता के लिए भूखे हैं और उन्हें अपनी अंदरूनी लड़ाई में उद्धव गुट को नहीं घसीटना चाहिए।

पूरा विपक्ष जुटे तब भी 8 पार्षद कम, मुंबई कांग्रेस में ‘गृहयुद्ध’

शिवसेना (यूबीटी) 65 वार्डों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि MNS ने 6 सीटें और NCP (एसपी) को 1 सीट मिली है। इन तीनों की कुल सीटें 72 हैं। कांग्रेस ने 24 वार्डों में, ओवैसी की पार्टी ने 8 सीटों पर और समाजवादी पार्टी ने 2 वार्डों में जीत हासिल की है। अगर पूरा विपक्षी खेमा एक हो भी जाए तो कुल आंकड़ा 106 होगा। यानी बहुमत से 8 सीटें कम।

यहीं से पार्षदों की खरीद-फरोख्त और दलबदल का खतरा नजर आ रहा है। ठाकरे परिवार अगर 8 पार्षदों को अपने साथ मिलाने में कामयाब होता है तो BMC पर भाजपा का कब्जा रोक सकती है।

बीएमसी चुनाव में हार के बाद मुंबई कांग्रेस की आंतरिक कलह सड़कों पर आ गई है। हार का ठीकरा मुंबई अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ पर फोड़ने वाले नेता जगताप को कांग्रेस आलाकमान ने ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024