मंत्री विजयवर्गीय बोले- फोकट सवाल मत करो:इंदौर में दूषित पानी से मौत मामले में मीडियाकर्मी पर झल्लाए, अपशब्द कहे
देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से अब तक 10 मौत हो चुकी हैं। 150 से ज्यादा लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। बुधवार शाम डॉ. मोहन यादव इंदौर पहुंचे। अलग-अलग अस्पताल जाकर बीमार लोगों से मुलाकात की। इसके बाद अधिकारियों की बैठक ली।
सीएम ने कहा- ऐसी कष्टदायक स्थिति फिर कभी निर्मित न हो, आप सब इसके व्यापक प्रबंध करने में जुटें। मामले में जिम्मेदार बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई को लेकर उन्होंने कहा- रिपोर्ट मिलने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में हिस्सा लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बाहर आए तो मीडिया ने सवाल किए। एक रिपोर्टर ने पूछा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजन को इलाज में खर्च पैसों का रिफंड अभी तक नहीं मिला है। इस पर मंत्री विजयवर्गीय ने कहा- अरे छोड़ो यार, तुम फोकट सवाल मत पूछो।
इस पर रिपोर्टर ने कहा- यह फोकट सवाल नहीं है। हम वहां होकर आए हैं। इसके जवाब में मंत्री विजयवर्गीय ने झल्लाते हुए अपशब्द कह दिए।
हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से मांगी स्टेटस रिपोर्ट मामले में हाई कोर्ट की इंदौर बेंच ने प्रदेश सरकार से 2 जनवरी तक स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। इंदौर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रितेश इंसानी ने बुधवार सुबह जनहित याचिका दायर कर शहर के नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की थी। इस पर कोर्ट ने त्वरित सुनवाई कर राज्य सरकार से जवाब मांगा है।
कांग्रेस ने बनाई 5 सदस्यीय जांच समिति कांग्रेस ने मामले की जांच के लिए 5 सदस्यीय समिति बनाई है। इसमें पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा, जयवर्धन सिंह, बदनावर विधायक भंवर सिंह शेखावत, तराना विधायक महेश परमार और सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल शामिल हैं।
भोपाल में भी अलर्ट, पानी की जांच करने पहुंची टीम इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से मौतों को लेकर भोपाल नगर निगम भी अलर्ट हो गया है। महापौर मालती राय ने नगर निगम के सब इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और सुपरवाइजर को निरीक्षण करने को कहा है। वहीं, अधीक्षण यंत्री और कार्यपालन यंत्री को नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
पीने की पाइप लाइन जांचने के लिए बुधवार को नगर निगम की टीम अवधपुरी पहुंची। कुछ घरों से पानी के सैंपल भी लिए।
इंदौर में पानी से मौतें… और सस्पेंशन-मुआवजे का सरकारी ड्रामा
मामले से जुड़े मिनट टु मिनट अपडेट्स के लिए नीचे दिए ब्लॉग से जरूर गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
जीतू पटवारी ने लिखा- बदतमीज मंत्रियों से तत्काल इस्तीफा लीजिए
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने X पर लिखा- इंदौर में जहरीला पानी पीने से मौतों की संख्या 8 से बढ़कर 10 हो गई है, लेकिन भाजपा नेताओं की बदतमीजी, बेशर्मी और अहंकार जस का तस बना हुआ है। इस जहरीले पानी की जिम्मेदारी पर सवाल किया जाए तो मंत्री जी पत्रकार पर अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
@drmohanyadav51 जी यह क्या तमाशा कर रही है आपकी सरकार और आपके मंत्री। न पीड़ितों को मुफ्त इलाज मिल रहा है, न संवेदना, ऊपर से आपके अहंकारी मंत्री अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
थोड़ी सी भी शर्म बची है तो ऐसे बदतमीज मंत्रियों से नैतिकता के आधार पर तत्काल इस्तीफा लीजिए।
कांग्रेस प्रवक्ता ने लिखा- न मान है, न मर्यादा…ये कैसी सियासत है?
