मन की बात का 128वां एपिसोड:PM ने कहा- नए साल की खरीदारी में वोकल फॉर लोकल अपनाएं, कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी मिलना शानदार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 128वें एपिसोड में रविवार को भारत में खेलों की प्रगति, विंटर टूरिज्म, वोकल फॉर लोकल के साथ ही वाराणसी में होने वाले काशी-तमिल संगमम का जिक्र किया।
PM ने कहा कि भारतीय खेलों के लिए यह महीना शानदार रहा। शुरुआत महिला टीम की ICC महिला वर्ल्ड कप जीत से हुई। भारत को कॉमनवेल्थ खेलों की मेजबानी का भी ऐलान हुआ। टोक्यो में हुए डेफ ओलिंपिक्स में भारत ने रिकॉर्ड 20 मेडल जीते। महिला कबड्डी टीम ने वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा और बॉक्सिंग कप में भी भारत ने 20 मेडल हासिल किए।
PM मोदी ने बताया कि 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ पर सेंट्रल हॉल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ। वंदेमातरम् के 150 वर्ष होने पर पूरे देश में होने वाले कार्यक्रमों की शानदार शुरुआत हुई | 25 नवंबर को अयोध्या में राम मंदिर पर धर्मध्वजा का आरोहण हुआ | इसी दिन कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में पांचजन्य स्मारक का लोकार्पण हुआ |
मन की बात की 5 बड़ी बातें…
- वोकल फॉर लोकल अपनाने की अपीलः PM ने कहा कि वे हमेशा वोकल फॉर लोकल की बात करते हैं। G-20 में भी उन्होंने यही भावना रखकर विदेशी नेताओं को भारतीय शिल्प के उपहार दिए। दक्षिण अफ्रीका को नटराज प्रतिमा, कनाडा को चांदी का अश्व, जापान को चांदी के बुद्ध, इटली को सिल्वर मिरर और ऑस्ट्रेलिया को ब्रास उरली। उन्होंने कहा कि देश अब स्वदेशी उत्पादों को अपना रहा है, दुकानदारों और युवाओं ने भी इसे अपनाया है। उन्होंने त्योहार और नए साल की खरीदारी में भी वोकल फॉर लोकल अपनाने की अपील की।
- नौसेना तेजी से आत्मनिर्भर बन रहीः PM ने कहा कि भारत की सुरक्षा मजबूत होने पर हर नागरिक गर्व महसूस करता है। हाल ही में INS माहे को नौसेना में शामिल किया गया। इसका स्वदेशी डिज़ाइन चर्चा में रहा और पुडुचेरी-मालाबार के लोग इसके नाम से खुश हुए, क्योंकि यह ऐतिहासिक जगह माहे पर आधारित है। इसके क्रेस्ट में उरुमी और कलारिपयट्ट की पारंपरिक तलवार जैसी झलक है। PM ने बताया कि नौसेना तेजी से आत्मनिर्भर बन रही है। 4 दिसंबर को नौसेना दिवस मनाया जाएगा।
- उत्तराखंड में विंटर टूरिज्म बढ़ रहाः PM ने कहा कि सर्दियों के साथ ही विंटर टूरिज्म का मौसम भी शुरू हो गया है। कई देश स्कीइंग, स्नो-ट्रेकिंग और विंटर फेस्टिवल से बड़ी कमाई करते हैं। भारत में भी पहाड़, संस्कृति और एडवेंचर की पूरी क्षमता है। उत्तराखंड का विंटर टूरिज्म तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, खासकर औली, मुनस्यारी, चोपटा और डेयारा।
- स्थानीय उपाद अपनाने की अपीलः PM ने कहा कि शहद के पीछे लोगों की मेहनत और प्रकृति का तालमेल छिपा होता है। जम्मू-कश्मीर का सफेद रामबन सुलाई शहद अब GI टैग मिलने के बाद देशभर में प्रसिद्ध हुआ है। कर्नाटक के पुत्तुर और तुमकुरु में संस्थाओं ने आधुनिक प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और bee-boxes देकर किसानों की कमाई बढ़ाई है। नागालैंड में ऊँची चट्टानों से जोखिम भरा शहद संग्रह किया जाता है। देश में शहद उत्पादन अब डेढ़ लाख मीट्रिक टन पार कर चुका है और निर्यात तीन गुना बढ़ा है।
- वाराणसी में चौथा काशी-तमिल संगममः PM ने कहा कि काशी और तमिल संस्कृति का संगम अनोखा है। 2 दिसंबर से नमो घाट पर चौथा काशी-तमिल संगमम शुरू हो रहा है, जिसकी थीम है- Learn Tamil। यह कार्यक्रम तमिल भाषा प्रेमियों के लिए महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। काशी वासियों को इसमें नए लोग और नई चीजें सीखने का मौका मिलता है। इस बार भी वे पूरे उत्साह से तमिलनाडु से आए लोगों का स्वागत करने को तैयार हैं।
22 भाषाओं में ब्रॉडकास्ट होता है मन की बात कार्यक्रम
मन की बात को 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा 11 विदेशी भाषाओं में भी ब्रॉडकास्ट किया जाता है। इनमें फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तो, फारसी, दारी और स्वाहिली शामिल हैं।
मन की बात की ब्रॉडकास्टिंग आकाशवाणी के 500 से अधिक ब्रॉडकास्टिंग सेंटर से होती है। पहले एपिसोड की टाइम लिमिट 14 मिनट थी। जून 2015 में इसे बढ़ाकर 30 मिनट कर दिया गया था।
‘मन की बात’ के पिछले पांच एपिसोड की खबरें पढ़ें…
- 127वें एपिसोड में कहा- त्योहारों में स्वदेशी वस्तुओं की जबरदस्त खरीदारी हुईः प्रधानमंत्री के रेडियो शो मन की बात के 127वां एपिसोड में पीएम ने छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं और लोगों से इस उत्सव में शामिल होने की अपील की। पीएम मोदी ने मन की बात में GST बचत उत्सव, सरदार पटेल की 150वीं जयंती, रन फॉर यूनिटी जैसे विषयों पर बात की।
- 126वें एपिसोड की शुरुआत लता मंगेश्कर को श्रद्धांजलि देने से की: पीएम ने कहा- आज लता मंगेशकर की जयंती है। भारतीय संस्कृति और संगीत में रूचि रखने वाला कोई भी उनके गीतों को सुनकर अभिभूत हुए बिना नहीं रह सकता। उनके गीतों में वो सब कुछ है जो मानवीय संवेदनाओं को झकझोरता है।
- 125वें एपिसोड में मानसून पर बात की, प्रतिभा सेतु ऐप के बारे में बताया: पीएम ने पिछली बार मानसून से हो रही तबाही पर कहा था कि प्राकृतिक आपदाएं हमारे देश की परीक्षा ले रही हैं। आगे उन्होंने प्रतिभा ऐप और सितंबर में लिबरेशन डे मानने की जानकारी भी दी थ
- 124वें एपिसोड में स्पेस और शुभांशु शुक्ला पर बात की थी: पीएम ने कहा जैसे ही एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला धरती पर उतरे, लोग उछल पड़े। हर दिल में खुशी की लहर दौड़ गई। पूरा देश गर्व से भर गया। इससे साइंस-स्पेस को लेकर बच्चों में नई जिज्ञासा जागी है। अब छोटे-छोटे बच्चे कहते हैं कि हम भी स्पेस में
- 123वें एपिसोड में योग दिवस और इमरजेंसी पर बात की थी: पीएम ने शुरुआत में योग दिवस के बारे में बात की। उन्होंने कहा- 21 जून को देश-दुनिया के करोड़ों लोगों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में हिस्सा लिया। योग की भव्यता बढ़ती जा रही, लोग दैनिक जीवन में इसे अपना रहे। बाद में कहा- इमरजेंसी के दौर में लोगों को प्रताड़ित किया गया। अनेक लोगों को कठोर यातनाएं दी गई। आखिर में जनता की जीत हुई और आपातकाल हटा लिया गया।
