उत्तराखंड में लैंडस्लाइड- पावर प्रोजेक्ट टनल में फंसे 11 कर्मचारी:IMD की चेतावनी- सितंबर में भी खतरा रहेगा; राजस्थान में किले की दीवार ढही
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में बारिश के चलते धौलीगंगा पावर प्रोजेक्ट की टनल पर लैंडस्लाइड हो गई। 19 कर्मचारी अंदर फंस गए थे, जिनमें से 8 को बाहर निकाल लिया गया है। 11 को निकालने का काम जारी है।
उधर IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने रविवार को एक ऑनलाइन प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सितंबर में उत्तराखंड में लैंडस्लाइड और बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
अगले महीने राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सितंबर में सामान्य (167.9 मिमी) से ज्यादा बारिश होगी।
उधर पंजाब के आठ जिलों में भारी बारिश के बाद 1018 गांवों में बाढ़ की स्थिति है। बाढ़-बारिश में अब तक 8 लोगों की मौत हो गई है। 3 लोग लापता हैं। 11 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगह शिफ्ट किया गया है
वहीं मानसा के जवाहरके गांव में बारिश के कारण ईंट भट्ठे के गोदाम की दीवार गिर गई। इसके नीचे दबकर साइकिल सवार किसान की मौत हो गई।
उधर राजस्थान के हनुमानगढ़ में स्थित भटनेर दुर्ग की दीवार बारिश की वजह से ढह गई। हेल्थ डिपार्टमेंट और अन्य विभागों ने कर्मचारियों की छुटि्टयां कैंसिल कर दी।
देशभर में बाढ़-बारिश की 3 तस्वीरें…
देशभर के राज्यों में बारिश का डेटा, मैप से समझें…
पूरे देश के मौसम का हाल जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
जम्मू-कश्मीर में बारिश के बाद बगलिहार बांध के गेट खोले गए
जम्मू-कश्मीर के रामबन में भारी बारिश के बाद चिनाब नदी का जल स्तर बढ़ गया। नदी पर बने बगलिहार बांध के गेट रविवार को खोल दिए गए।
उत्तराखंड- पिथौरागढ़ के DM बोले- 8 का रेस्क्यू, 11 फंसे
राजस्थान के हनुमानगढ़ में 10 मकानों की छत-दीवार गिरी
हनुमानगढ़ जिले में कई गांव में बीते तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से 10 मकान की छत, दीवार गिर गई।
राजस्थान के हनुमानगढ़ में किले की दीवार ढही
हनुमानगढ़ में स्थित भटनेर दुर्ग की दीवार बारिश की वजह से ढह गई। गनीमत रही की कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
यूपी: फर्रुखाबाद में सड़क बही, ग्रामीओं ने अस्थाई पुल बनाया
फर्रुखाबाद में गंगा नदी उफान पर है। 50 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। भुढ़िया भेड़ा में सड़क बाढ़ में बह गई। इसके बाद ग्रामीण नाव से आवागमन कर रहे थे, लेकिन तेज बहाव के कारण दिक्कतें आ रही थीं। अब ग्रामीणों ने यूकेलिप्टस (सफेदा) के पेड़ डालकर अस्थायी पुल बनाया है।
पंजाब: बाढ़ का कहर जारी, ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ा
पंजाब में इस समय सतलुज, ब्यास और रावी नदियां अपने उफान पर हैं। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश के चलते नदियों में बाढ़ का पानी बढ़ा है। इससे स्थिति और बिगड़ रही है।
कपूरथला कमिश्नर अमित कुमार पंचाल ने बताया कि तेज बारिश के कारण ब्यास नदी का जलस्तर बढ़कर 2.35 लाख क्यूसेक तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि निचले इलाकों में रहने वाले लोग तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।
मौसम विभाग ने भी जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सबसे ज्यादा प्रभावित जिले हैं – पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, कपूरथला, तरन तारन, फिरोजपुर, होशियारपुर और अमृतसर हैं।uttr
पंजाब में बाढ़-बारिश की 3 तस्वीरें…
राजस्थान: आज 29 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट
राजस्थान के 26 जिलों मे तेज बारिश का यलो अलर्ट है। सिरोही, पाली और जालोर में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इससे पहले शनिवार देर रात जयपुर शहर करीब एक घंटे तक तेज बरसात हुई। इससे शहर ही सड़कें एक बार फिर लबालब हो गईं। सीकर में भी रात 11 बजे बाद तेज बारिश हुई। जिले के फतेहपुर में करीब 10 घंटे तक रुक-रुककर बरसात हुई।
