PM मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ चीन का साथ मांगा:चीनी राष्ट्रपति को भारत आने का न्योता दिया; जिनपिंग बोले- ड्रैगन और हाथी एक हों
सात साल बाद चीन पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की। दोनों के बीच 50 मिनट बातचीत हुई। इसमें मोदी ने आतंकवाद का मुद्दा उठाया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक मोदी ने आतंकवाद को वैश्विक मुद्दा बताया और इसके खिलाफ लड़ाई में साथ देने की मांग की।
मोदी ने ये भी कहा कि भारत और चीन के बीच सहयोग से 2.8 अरब लोगों को फायदा होगा और यह पूरी मानवता के कल्याण का रास्ता खोलेगा।
इसके साथ ही उन्होंने जिनपिंग को भारत में आयोजित ब्रिक्स 2026 में आने के लिए न्योता दिया।
वहीं, मीटिंग में जिनपिंग ने कहा कि PM मोदी से मिलकर खुशी हुई। ड्रैगन (चीन) और हाथी (भारत) को साथ आना चाहिए।
गलवान झड़प के बाद मोदी का पहला चीन दौरा
मोदी शनिवार शाम 2 दिन के जापान दौरे के बाद चीन पहुंचे थे। जून 2020 में हुई गलवान झड़प के बाद भारत-चीन के संबंध खराब हो गए थे। इस यात्रा का मकसद दोनों देशों के बीच सीमा विवाद को कम करना भी है।
मोदी आज तियानजिन शहर में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की मीटिंग में हिस्सा लेंगे। इस बार चीन में इतिहास की सबसे बड़ी SCO समिट का आयोजन हो रहा है।
इसमें 20 से ज्यादा देश शामिल हो रहे हैं। मोदी और पुतिन के साथ-साथ सेंट्रल एशिया, मिडिल ईस्ट, साउथ एशिया और साउथ-ईस्ट एशिया के नेता भी इस समिट में शामिल होंगे।
पीएम मोदी सोमवार को रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मिलेंगे।
SCO समिट से जुड़ी 6 तस्वीरें…
मोदी के चीन दौरे से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
मिस्र के पीएम और बेलारूस के राष्ट्रपति से मिले मोदी
SCO समिट के दौरान मोदी ने मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मदबौली से मुलाकात की। उन्होंने कुछ साल पहले की अपनी मिस्र यात्रा को याद करते हुए कहा- भारत-मिस्र की दोस्ती नई ऊंचाइयों को छू रही है।
वहीं मोदी ने बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा- मुझे अलेक्जेंडर से मिलकर खुशी हुई। जहां तक हमारे देशों का संबंध है, हम दोनों ही भविष्य में मिलने वाले लाभकारी अवसरों को लेकर बहुत आशावादी हैं।
नेपाली पीएम के.पी ओली से मिले मोदी
नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. ओली से पीएम मोदी ने SCO समिट के दौरान मुलाकात की। उन्होंने कहा- के.पी. ओली से मिलकर मुझे बहुत खुशी हुई। नेपाल के साथ भारत के संबंध बहुत गहरे और विशेष हैं
मोदी ने SCO समिट में मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जू से मुलाकात की
मोदी ने SCO समिट के दौरान मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जू से बातचीत की। मोदी ने कहा-मालदीव के साथ भारत का विकासात्मक सहयोग हमारे लोगों के लिए खास है।
