Headlines

खड़गे बोले- योगी के मुंह में राम बगल में छुरी:PM मोदी को एक होकर सेफ होना है तो मनुस्मृति को जलाना होगा

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे नागपुर पहुंचे। उन्होंने भाजपा के ‘बटेंगे तो कटेंगे’ नारे का जवाब देते हुए कहा- योगी के मुंह में राम है और बगल में छुरी है। योगी साधु की कपड़े में आते हैं और फिर बोलते हैं कि बटेंगे तो कटेंगे। बांटने वाले भी वो ही हैं और काटने वाले भी वो ही हैं।

खड़गे ने कहा- इन्होंने हजारों साल पहले मनुस्मृति में बांटा और तब से काटते आ रहे हैं। मनुस्मृति में ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, शूद्र और अतिशूद्र में बांटा। PM नरेंद्र मोदी बोलते हैं कि एक हैं तो सेफ हैं। अगर मोदी को एक होकर सेफ होना है तो मनुस्मृति को जलाना होगा।

खड़गे की स्पीच की 3 बड़ी बातें

1. कांग्रेस ने एक होकर काम किया

  • वोटों के लिए एक होना और वोटों के लिए बांटने की बात कांग्रेस नहीं करती है। कांग्रेस ने हमेशा एक होकर और एक रहकर काम किया है। इसलिए महात्मा गांधी ने अपने प्राण दे दिए। गांधी की हत्या करने वाले गोडसे इनकी विचारधारा वाला था।
  • इंदिरा गांधी को भी इन्हीं की विचारधारा वालों ने हत्या की। हम एक रहना चाहते हैं तो गोलियां हमारे ऊपर ही चलती है। राजीव गांधी भी इस देश को एक रखना चाहते थे। उनकी भी हत्या कर दी गई। उनके टुकड़े-टुकड़े कर दिए गए।

2. जनगणना देश के लिए जरूरी

  • भाजपा वाले हमारे लोगों को भड़काने के लिए कहते है कि कांग्रेस वाले देश में जातीय आधारित जनगणना कराके देश को बांटना चाहती है। जनगणना करवाने में गलत क्या है। जनगणना तो हर 10 साल में होता है।
  • अगर ट्राइबल की जनगणना नहीं होती तो उनकी संख्या के अनुसार उनको रिजर्वेशन कैसे मिलता। इसी तरह से बैकवर्ड क्लास के लिए जनगणना की जरूरत है। हमें उनकी गरीबी, शिक्षा नौकरी के आकड़े चाहिए।

3. मोदी हमेशा बांटने की बात करते हैं

  • मोदी जी खुश है क्योंकि उन्हें चंदा मिलता है, लेकिन देश में गरीबों के पास खाने के लिए पैसे नहीं है। काम नहीं है, शिक्षा नहीं है।
  • अंबेडकर ने कहा था कि विद्या हासिल करो और अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर लड़ो। लेकिन मोदी हमेशा बांटने की बात करते हैं।

2019 की तुलना में कांग्रेस कम सीटों पर लड़ रही

2019 के विधानसभा चुनाव की तुलना में कांग्रेस इस बार कम सीटों पर लड़ रही है। कांग्रेस ने पिछली बार 147 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे। इस बार 44 उम्मीदवार कम उतारे हैं। MVA से भाजपा ने 103 , उद्धव गुट ने 89, शरद गुट ने 87 उम्मीदवार उतारे हैं।

महाराष्ट्र के राजनीतिक समीकरण पर एक नजर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024