दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में 31 मार्च को INDIA ब्लॉक ‘महारैली’ करने वाला है। इसमें 26 दलों के नेता शामिल हो सकते हैं। लोकसभा चुनाव से पहले यह विपक्ष की पहली बड़ी रैली होगी। शनिवार को AAP नेता गोपाल राय और दिलीप पांडे ने रामलीला मैदान में तैयारियों का निरीक्षण किया।
गोपाल राय ने कहा कि गठबंधन के नेता ‘तानाशाही हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ रैली में पहुंच रहे हैं। केंद्र सरकार एजेंसियों की मदद से विपक्ष के नेताओं को निशाना बना रही है। एक चुने हुए मुख्यमंत्री को किसी के आरोपों के आधार पर जेल में डाल दिया गया। ये जो खेल चल रहा है, इसी के खिलाफ कल महारैली होने जा रही है।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि INDIA गठबंधन में शामिल दलों के नेताओं को राज्यों में कोई भी पूछने वाला नहीं है। इसलिए जहां भीड़ इकट्ठा होती है, वहां अपना भाषण देते हैं। आज जनता ने इन्हें अस्वीकार कर दिया है।
आतिशी और सौरभ भारद्वाज ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी मार्लेना और सौरभ भारद्वाज ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शराब कारोबारियों की साउथ लॉबी से BJP के तार जुड़े हुए हैं।
दोनों ने कहा- अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बयान देने वाले मगुंटा श्रीनिवासलु रेड्डी और उनका बेटा राघव मगुंटा 28 मार्च को BJP की सहयोगी पार्टी TDP में शामिल हो गए। मार्च 29 को मगुंटा श्रीनिवासलु रेड्डी को TDP ने लोक सभा का चुनाव लड़ने का टिकट मिलता है ।
साउथ लॉबी के शरथ रेड्डी भाजपा को 55 करोड़ का चंदा देते हैं। मगुंटा श्रीनिवासलु रेड्डी को भाजपा की सहयोगी पार्टी टिकट देती है, तो क्या अब ED भाजपा को शराब घोटाले की जांच में आरोपी बनाएगी?
1 अप्रैल तक ED की हिरासत में हैं दिल्ली सीएम
28 मार्च को शराब नीति केस में राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल की ED कस्टडी 4 दिन और बढ़ा दी। अब वे एक अप्रैल तक हिरासत में रहेंगे। केजरीवाल ने खुद अपने केस की पैरवी की। वे ऐसा करने वाले देश के पहले सिटिंग सीएम बन गए हैं। ED ने कोर्ट से केजरीवाल की 7 दिन की कस्टडी और मांगी थी।
केजरीवाल ने अपनी गिरफ्तारी का विरोध करते हुए कहा कि इस केस में मेरा नाम सिर्फ चार जगह आया है। 4 स्टेटमेंट दिए गए और उनमें से कोर्ट के सामने वो बयान लाया गया, जिसमें मुझे फंसाया गया। क्या ये 4 स्टेटमेंट एक मुख्यमंत्री को गिरफ्तार करने के लिए काफी हैं?
इसके जवाब में ED ने कहा- मुख्यमंत्री कानून से ऊपर नहीं हैं। वहीं, कोर्ट में पेशी के लिए जाते वक्त उनसे पूछा गया कि LG ने कहा था कि सरकार जेल से नहीं चलेगी। इसके जवाब में केजरीवाल ने कहा कि ये पॉलिटिकल षड्यंत्र है, जनता इसका जवाब देगी। पूरी खबर यहां
