Headlines

नकवी बोले- राहुल विपक्षी गठबंधन के लिए बोझ:हर कोई PM बनने की होड़ में; राहुल ने कहा- ये लड़ाई पार्टी नहीं विचारों की है

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज मुंबई में समापन हो रहा है। मुंबई के शिवाजी पार्क में शाम को INDIA की रैली होगी। राहुल-प्रियंका समेत 15 से ज्यादा दलों के नेता शामिल होंगे।

विपक्षी दलों का लोकसभा चुनाव से पहले यह शक्ति प्रदर्शन होगा। हालांकि बीजेपी का दावा है, आने वाले चुनावों में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी।

बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने न्यूज एजेंसी PTI से बातचीत में कहा- I.N.D.I.A गठबंधन में आपस में ही खींचतान है। हर कोई पीएम बनने की होड़ में लगा है। राहुल गांधी तो पूरे गठबंधन के लिए बोझ बन गए हैं।

नकवी बोले- INDIA गठबंधन में न कोई नेता, न कोई नीति
नकवी ने आगे कहा- INDIA गुट उनके सहयोगियों के लिए ही एक चुनौती बन गया है। गठबंधन में शामिल सभी दलों के बीच कंफ्यूजन फैला है। न तो कोई नेता है, न कोई नीति।

हर किसी की प्रधानमंत्री पद की महत्वाकांक्षा है। जनता रिमोट कंट्रोल वाली सरकार नहीं चाहती है। गठबंधन की जमीनी हकीकत कुछ नजर नहीं आ रही।

नकवी ने आगे कहा चुनाव के बाद कई राजनीतिक दलों को कम वोटों के चलते अपनी मान्यता खोने का डर रहेगा। उन्होंने कहा, देश का मूड बिल्कुल स्पष्ट है कि वे उन राजनीतिक दलों को हराएंगे जो सुशासन की राह में बाधाएं पैदा कर रहे हैं।

राहुल की न्याय यात्रा समापन में INDIA गठबंधन के नेता शामिल होंगे
कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज 63 दिन बाद महाराष्ट्र के मुंबई में समापन हो रहा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मुंबई में मणि भवन से अगस्त क्रांति मैदान तक न्याय संकल्प पदयात्रा निकाली।

राहुल ने एक रैली में कहा, भाजपा बहुत शोर मचाती है, लेकिन उसमें संविधान बदलने की हिम्मत नहीं है। हमारे साथ लोगों का सपोर्ट है। राहुल ने यह कमेंट भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े के हालिया बयान पर दिया।

भाजपा सांसद ने कहा था- संविधान से धर्मनिरपेक्ष शब्द हटाया जा सकता है
कर्नाटक के भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े ने 10 मार्च को कहा था- हिंदुओं को फायदा पहुंचाने के लिए संविधान से धर्मनिरपेक्ष शब्द हटाया जा सकता है। उत्तर कन्नड़ जिले में एक सार्वजनिक रैली में हेगड़े बोले- अगर यह सब बदलना है, तो सिर्फ लोकसभा में बहुमत के वोटों से नहीं होगा। हमें लोकसभा के साथ-साथ राज्यसभा में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी।

लड़ाई बीजेपी-कांग्रेस की नहीं बल्कि दो विचारों की है

कांग्रेस की न्याय संकल्प पदयात्रा आज मुंबई के मणि भवन से निकली।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि यह लड़ाई बीजेपी और कांग्रेस के बीच नहीं बल्कि दो विचारों के बीच है। कोई सोचता है कि देश को केंद्र (सरकार) से चलना चाहिए, जहां एक व्यक्ति के पास सारा ज्ञान हो। इसके विपरीत, हम सोचते हैं लोगों की आवाज सुनी जानी चाहिए।

(प्रधानमंत्री) मोदी और RSS का सोचना है कि ज्ञान एक व्यक्ति के पास है। किसानों, मजदूरों और बेरोजगार युवाओं के पास कोई ज्ञान नहीं है।

14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई यात्रा
राहुल गांधी ने 14 जनवरी को मणिपुर से न्याय यात्रा शुरू की थी। इस दौरान वे देश के 14 राज्यों में गए। न्याय यात्रा मणिपुर से नगालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए महाराष्ट्र में पहुंची थी।

मुंबई में यात्रा खत्म होने तक राहुल ने 6700 किलोमीटर का सफर तय किया। इस दौरान राहुल ने बस में सफर किया। वे कई किलोमीटर भी पैदल चले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024