Headlines

पंकज चौधरी यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष होंगे:भास्कर ने एक दिन पहले बताया था; शाह के करीबी, पता चला तो मां खुशी से रोने लगीं

LIVE

पंकज चौधरी यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष होंगे:भास्कर ने एक दिन पहले बताया था; शाह के करीबी, पता चला तो मां खुशी से रोने लगीं

सचिन मुद्गगल/संतोष सिंह/तुषार रायकुछ ही क्षण पहले
यूपी में BJP अध्यक्ष के लिए केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर सीएम योगी, डिप्टी सीएम केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक मौजूद थे।

केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष होंगे। शनिवार को उन्होंने लखनऊ में भाजपा कार्यालय में नामांकन दाखिल किया। चौधरी के अलावा किसी और ने नामांकन नहीं किया। ऐसे में पीएम मोदी-अमित शाह के करीबी चौधरी का निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना तय है।

सीएम योगी, दोनों डिप्टी सीएम केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत 10 नेताओं ने चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा। अब रविवार को लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान करेंगे। दैनिक भास्कर ने कल ही बता दिया था कि पंकज चौधरी ही यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष होंगे।

इधर, गोरखपुर में दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने चौधरी की मां को बेटे के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की बात बताई तो वह भावुक हो गईं। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। रोते हुए कहा- बेटा आगे बढ़े, यही आशीर्वाद है।

बेटे के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बनने की खबर सुनकर मां उज्जवला भावुक हो गईं और अपने आंसू नहीं रोक पाईं।

इससे पहले, दोपहर ढाई बजे तक यूपी भाजपा अध्यक्ष के नाम पर सस्पेंस बना रहा। सुबह 11 बजे पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति पार्टी दफ्तर पहुंचीं तो अचानक हलचल तेज हो गई थी, जब साध्वी से नए अध्यक्ष को लेकर सवाल किया तो वह मुस्कुराने लगीं। बोलीं- थोड़ी देर में सबकुछ सामने आ जाएगा।

डेढ़ बजे पंकज चौधरी दिल्ली से लखनऊ पहुंचे तो उन्होंने सस्पेंस और बढ़ा दिया। कहा- अभी पार्टी दफ्तर जा रहा हूं, बाद में पता चलेगा। हालांकि, कुछ देर बाद मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पहली बार बिना नाम लिए नए प्रदेश अध्यक्ष का खुलासा किया।

उन्होंने कहा- नए अध्यक्ष 7 बार सांसद रहे हैं। वे अपने समाज में भी लोकप्रिय हैं। उन्होंने पार्टी में अहम जिम्मेदारी निभाई है। स्वतंत्र देव का स्पष्ट इशारा पंकज चौधरी की तरफ था।

पंकज चौधरी योगी के गढ़ गोरखपुर से हैं। वह महाराजगंज से 7 बार के सांसद हैं। ओबीसी के कुर्मी बिरादरी से आते हैं। बता दें कि यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति 15 जनवरी 2025 को होनी थी, लेकिन महाराष्ट्र चुनाव तो कभी यूपी उपचुनाव और फिर बिहार चुनाव के चलते मामला लटकता चला गया।

कुछ तस्वीरें…

पंकज चौधरी के नामांकन के लिए सीएम योगी भाजपा दफ्तर पहुंचे। महेंद्र नाथ पांडे और स्वतंत्र देव सिंह ने उनका स्वागत किया। इस दौरान सभी हंसी ठहाके लगाते नजर आए।
पंकज चौधरी के नामांकन के वक्त सीएम योगी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहे।

पंकज चौधरी पर क्यों दांव लगाया, जानिए

  • पॉलिटिकल एक्सपर्ट कहते हैं- पंचायत और विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी ने ओबीसी के कुर्मी समाज से आने वाले चौधरी पर दांव लगाया है, क्योंकि कुर्मी समाज की आबादी यादवों के बाद सबसे ज्यादा है। कुर्मी समाज को बीजेपी का वोट बैंक माना जाता है, लेकिन लोकसभा में इस समाज का एक हिस्सा PDA के नाम पर सपा के साथ गया था। इसे देखते हुए भाजपा ने दांव खेला है।

भाजपा के चौथे कुर्मी जाति के अध्यक्ष होंगे…

  • पंकज चौधरी कद्दावर नेता हैं। अच्छे प्लानर माने जाते हैं। पार्षद से राजनीति की शुरुआत की। गोरखपुर के डिप्टी मेयर रहे। 1991 में पहली बार सांसद बने। राहत रूह तेल कंपनी के मालिक हैं।
  • 2024 में 11 कुर्मी सांसद चुने गए। इनमें 3 भाजपा, 7 सपा के हैं। कुर्मी वोटों का ध्रुवीकरण हुआ। भाजपा अब नहीं चाहती कि कुर्मी वोट बंटे।
  • यूपी भाजपा में इससे पहले तीन बार कुर्मी भाजपा अध्यक्ष रह चुके हैं- विनय कटियार, स्वतंत्र देव सिंह और ओम प्रकाश सिंह। पंकज बने तो भाजपा के चौथे कुर्मी जाति के अध्यक्ष होंगे।
  • गोरखपुर की राजनीति में योगी और पंकज चौधरी ही बीजेपी के दो बड़े क्षत्रप हैं। दोनों की राजनीति का तरीका अलग है। एक को सरकार और एक को संगठन की कमान सौंपने के भी कई राजनीतिक मायने हैं।

लाइव ब्लॉग में आगे बढ़ने से पहले इस पोल पर अपनी राय दीजिए…

यूपी BJP प्रदेश अध्यक्ष चुनाव से जुड़े अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…

लाइव अपडेट्स

05:00 PM13 दिसम्बर 2025

मंत्री दयाशंकर बोले-सपा सिर्फ परिवार के लिए राजनीति करती है

मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा-भाजपा में हर जाति, हर वर्ग के लोग राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष बनने का सपना देख सकते हैं। एक ही नामांकन दाखिल हुआ है इसलिए वे(पंकज चौधरी) निर्विरोध निर्वाचित होंगे। कल इसकी घोषणा होगी। विपक्ष का कोई PDA नहीं है, समाजवादी पार्टी सिर्फ अपने परिवार के लिए राजनीति करती है इसलिए समाजवादी पार्टी का कोई कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री बनने तक का सपना नहीं देख सकता।

04:58 PM13 दिसम्बर 2025

अजय राय बोले- मुखिया बदलने से भाजपा का कुछ नहीं होने वाला

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा-कोई भी मुखिया बदले जब तक अपनी कार्यप्रणाली नहीं बदलेंगे, जैसे कफ सिरप मामला कितनी तेजी से चल रहा है लेकिन प्रदेश सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की, सिर्फ एक कमेटी बनाकर खानापूर्ति कर दी। इससे साबित करता है कि सरकार कोडिन कफ सिरप तस्करों के साथ खड़ी है, केंद्र सरकार द्वारा ED को भेजा गया। इससे प्रदेश और केंद्र में जो तकरार है वह सामने आ गई है। प्रदेश के मुखिया बदलने से कुछ नहीं होने वाला क्योंकि जनता इनके कार्य से संतुष्ट नहीं है।

04:20 PM13 दिसम्बर 2025

स्वतंत्र देव सिंह बोले- सिर्फ एक ही नामांकन दाखिल हुआ

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव पर कहा, “एक नामांकन हुआ है, पंकज चौधरी ने अपना नामांकन दाखिल किया है। 3 बजे तक समय निर्धारित था, और सिर्फ एक नामांकन हुआ है। घोषणा कल की जाएगी, राज्य के लिए भाजपा की चुनाव प्रक्रिया आज खत्म हो गई है, और लोग भी उत्साहित हैं।”

04:09 PM13 दिसम्बर 2025

ममेरे भाई ने कहा- हम लोग बहुत खुश

ममेरे भाई ने कहा- हम लोग बहुत खुश है। पहली बार सभासद को चुनाव जीते, फिर डिप्टी मेयर रहे। इसके बाद 7 बार सांसद रहे। बड़े भाई प्रदीप चौधरी उन्हें राजनीति मे लेकर आए थे। हालांकि, वह इस दुनिया में नहीं हैं।

04:07 PM13 दिसम्बर 2025

पंकज चौधरी के घर पर जश्न, एक-दूसरे को खिलाई मिठाई

पंकज चौधरी के घर पर जश्न का माहौल है। परिवार के लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।

04:04 PM13 दिसम्बर 2025

गोरखपुर में पंकज चौधरी की मां भावुक हुईं, बोली- बेटा आगे बढ़े, यही आशीर्वाद

गोरखपुर में दैनिक भास्कर की रिपोर्टर में पंकज चौधरी की मां उज्ज्वला चौधरी से पूछा- आपके बेटे यूपी भाजपा अध्यक्ष बनने वाले हैं, इस पर आप क्या कहेंगी? यह सुनते ही चौधरी की मां भावुक हो गईं। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। रोते हुए कहा- पंकज को उनके बड़े भाई प्रदीप राजनीति में लेकर आए। जो भी जिम्मेदारी मिले, पंकज उसे पूरी ईमानदारी से निभाए। बेटा आगे बढ़े, यही मेरा आशीर्वाद है।

03:38 PM13 दिसम्बर 2025

पंकज चौधरी के घर पर परिवार ने टीवी पर देखा नामांकन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024