इतिहास की सबसे बड़ी बाढ़:मंत्री बोले- 1988 से ज्यादा पानी आया, बस पलटी-पुल डूबा; गोल्डन टेंपल के हेड ग्रंथी अरदास करते रो पड़े
पंजाब में बाढ़ की चपेट में आने वाले जिलों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। इससे अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, तरनतारन, कपूरथला, होशियारपुर, फिरोजपुर और फाजिल्का अब तक सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।
अब पटियाला और मानसा में भी पानी का असर दिखने लगा है। घग्गर नदी के ओवरफ्लो से कई गांवों के खेत जलमग्न हो गए हैं, जबकि सतलुज और रावी में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
प्रदेश की AAP सरकार के जल संसाधन मंत्री बरिंदर गोयल ने कहा-
पंजाब में 1988 से ज्यादा बड़ी बाढ़ आई है। 1000 गांव प्रभावित हो चुके हैं। पड़ोसी पहाड़ी राज्यों (हिमाचल प्रदेश और जम्मू) में ज्यादा बारिश से सारा पानी पंजाब में इकट्ठा हो गया है।

मंत्री के इस बयान से इसे इतिहास की सबसे बड़ी बाढ़ माना जा रहा है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 1988 में प्रदेश में 11 लाख 20 हजार क्यूसिक पानी आया था, इस बार अभी तक 14 लाख 11 हजार क्यूसिक पानी आ चुका है।
मानसून सीजन में अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 लोग लापता हैं। सरकार के मुताबिक आर्मी, BSF और दूसरी रेस्क्यू टीमों के जरिए 11,330 लोगों को बाढ़ से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह, पंजाब कांग्रेस के विधायक दल नेता प्रताप सिंह बाजवा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री मोदी से पंजाब का दौरा कर रिलीफ पैकेज जारी करने की मांग की है।
बाढ़ के हालात के ड्रोन शॉट…
बाढ़ से जुड़े बड़े अपडेट्स…
- गोल्डन टेंपल के हेड ग्रंथी हालात देख रो पड़े: बाढ़ में सबसे प्रभावित एरिया अमृतसर का अजनाला है। यहां फसल पूरी तरह तबाह हो गई है। इलाके का जायजा लेने पहुंचे गोल्डन टेंपल के हेड ग्रंथी रघबीर सिंह ने लोगों का हाल जाना। यहां उन्होंने सरबत के भले (सबकी भलाई) की अरदास की। अरदास करते वक्त ज्ञानी रघबीर सिंह फूट-फूटकर रो पड़े।
- मुक्तसर में बारिश में बस पलटी: शनिवार को बारिश के बीच मुक्तसर के गिद्दड़बाहा में सोथा रोड पर सवारियों से भरी प्राइवेट बस खेतों में पलट गई। बस रोड पर ट्रैक्टर को साइड देने के चक्कर में गीले रास्ते पर फिसल गई। यह बस प्राइवेट ट्रांसपोर्ट कंपनी की थी। इसमें ड्राइवर-कंडक्टर और एक सवारी घायल हो गए।
- अबोहर में छत गिरी, घरेलू सामान दबा: फाजिल्का जिले में अबोहर की ढाणी सुच्चा सिंह में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां बलकार सिंह के घर की छत अचानक गिर गई। सारा घरेलू सामान मलबे में दब गया। दूसरों कमरों के साथ पड़ोसी के घर भी दरारें आ गईं।
- फाजिल्का सरहद के 25 गांव डूबे: फाजिल्का में सतलुज उफान पर है। यहां भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित 25 सरहदी गांव डूब गए हैं। हालात ये हैं कि नदी पर बने पुल के ऊपर से पानी बहना शुरू हो गया है।
- पंजाब में गुजरने वाली 47 ट्रेनें रद्द: जम्मू में हुई तबाही के बाद पंजाब से गुजरने वाली करीब 47 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। पंजाब के साथ-साथ इसका सबसे ज्यादा असर हरियाणा और जम्मू आने-जाने वाले लोगों पर पड़ा है।
बाढ़ से जुड़े PHOTOS…
