मनीषा की मौत पर हरियाणा विधानसभा में हंगामा:कांग्रेसियों ने वेल में नारे लगाए, ‘बेटी बचाओ’ के पोस्टर लहराए, 6 बार सदन स्थगित हुआ
हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन भिवानी की लेडी टीचर मनीषा की मौत को लेकर जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस ने मनीषा की मौत और लॉ एंड ऑर्डर को लेकर काम रोको प्रस्ताव दिया था।
इस प्रस्ताव पर चर्चा की मांग करते हुए कांग्रेस विधायकों ने सदन में हंगामा शुरू कर दिया। वह ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के पोस्टर लेकर वेल में आ गए और कार्यवाही नहीं चलने दी।
इस हंगामे के बीच विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण को 4 घंटे में 6 बार सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। अंत में यह प्रस्ताव मंजूर कर लिया गया। इस पर 26 अगस्त को चर्चा होगी।
शुक्रवार दोपहर 2 बजे सदन की कार्यवाही करीब सवा 6 बजे सोमवार दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। कल यानी शनिवार (23 अगस्त) और रविवार (24 अगस्त) को छुट्टी की वजह से सदन नहीं चलेगा।
ऐसे चली विधानसभा की कार्यवाही…
BAC ने 27 अगस्त तक सत्र मंजूर किया विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की मीटिंग हुई। जिसमें फैसला लिया गया कि मानसून सत्र 27 अगस्त तक चलेगा। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही शुरू की गई।
कांग्रेस विधायक बिना नेता चौथी बार विधानसभा में पहुंचे कांग्रेस के 37 विधायक लगातार चौथी बार बिना विधायक दल नेता के विधानसभा की कार्यवाही में शामिल हुए। कांग्रेस हाईकमान की तरफ से अभी तक नेता विपक्ष पर फैसला नहीं लिया गया है। इस पर अनिल विज ने तंज भी कसा कि कांग्रेस में निर्णय लेने की क्षमता नहीं है।
प्रश्नकाल शुरू होते ही हंगामा मचा कार्यवाही की शुरुआत में शोक संदेश पढ़े गए। जैसे ही प्रश्नकाल शुरू हुआ तो मनीषा की मौत पर हंगामा शुरू हो गया। कांग्रेस MLA गीता भुक्कल ने कहा कि प्रदेश में बेटियों का मर्डर हो रहा है। ऐसे में कैसे सदन चलेगा। मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि ये जिम्मेदारी से भाग रहे। स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने प्रश्नकाल चलने देने की अपील की। इसके बाद सीएम सैनी ने भी कहा सदन में सवाल पर बहस कर लें लेकिन ये ऐसा नहीं करेंगे।
कांग्रेसियों का हंगामा, सदन की कार्यवाही 6 बार स्थगित
- पहली बार: सीएम के बयान के बाद कांग्रेस के विधायक वेल में आकर हंगामा करने लगे। इसके बाद स्पीकर ने सदन को आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया।
- दूसरी बार: आधे घंटे बाद कार्यवाही शुरू हुई तो कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते हुए फिर वेल में आ गए। स्पीकर ने कहा कि ये गलत है, ये बिल्कुल नहीं होने दिया जाएगा। विधायकों ने उनकी सीट पर जाने की अपील नहीं सुनी तो उन्होंने 20 मिनट के लिए सदन स्थगित कर दिया।
- तीसरी बार: सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि सदन में जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था। यह सुनकर कांग्रेसियों ने फिर हंगामा शुरू कर दिया। स्पीकर ने कहा कि नियम व प्रक्रिया के तहत ही सदन में विषय रखा जाएगा, सदन में नई परंपरा शुरू नहीं होगी। इस पर पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने पूछा कि काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा क्यों नहीं हो रही। इस पर सीएम ने कहा कि इनके राज में FIR तक दर्ज नहीं होती थी। इस पर हंगामा हुआ तो सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित करनी पड़ी।
- चौथी बार: इसके बाद सीएम ने सर्वदलीय मीटिंग बुलाई। इसमें स्पीकर हरविंद्र कल्याण, संसदीय कार्य मंत्री महिपाल सिंह ढांडा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल, इनेलो विधायक अर्जुन सिंह चौटाला और निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल मौजूद रहे। इस वजह से चौथी बार सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
- 5वीं बार: कांग्रेस MLA अशोक अरोड़ा ने कहा कि नियमों के मुताबिक सदन में चर्चा होनी चाहिए। विधायक बलवान दौलतपुरिया ने भी कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था खराब है। काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा होनी चाहिए। विपक्ष काम रोको प्रस्ताव पर अड़ा रहा और सर्वदलीय बैठक जारी रही। जिस वजह से कार्यवाही 5वीं बार स्थगित कर दी गई।
- छठी बार: मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि कांग्रेस का सदन चलना न्यायोचित नहीं है। कार्यवाही नहीं चलेगी तो जनता की समस्याओं को सदन में कैसे उठाया जा सकेगा। मनीषा मामले में पुलिस अपना काम कर रही है, जांच CBI करने जा रही है। ऐसे में जो भी इस केस में कार्रवाई होगी, वह की जाएगी। सर्वदलीय बैठक के चलते कार्यवाही छठी बार स्थगित कर सदन की कार्यवाही एक घंटे बढ़ा दी गई।
सरकार ने कांग्रेस की जिद मानी, काम रोको प्रस्ताव मंजूर कांग्रेस के काम रोको प्रस्ताव पर करीब 4 बजे सर्वदलीय बैठक शुरू हुई। कांग्रेस प्रस्ताव पर चर्चा के लिए अड़ी रही। करीब 6 बजे मीटिंग खत्म हुई और सदन की कार्यवाही फिर शुरू की गई। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि चर्चा में सहयोग करें। इसके बाद कांग्रेस का कानून व्यवस्था पर काम रोको प्रस्ताव मंजूर कर लिया गया।
कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इसके बाद स्पीकर ने 26 अगस्त की कार्यवाही में चर्चा के लिए इसकी सहमति दी।इसके बाद करीब सवा 6 बजे सदन की दिन की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। अब 25 अगस्त को दोपहर 2 बजे कार्यवाही शुरू होगी। स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने बताया कि 26 व 27 अगस्त को विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
CM सैनी ने कांग्रेस MLA पर तंज कसा सदन में कुरुक्षेत्र के थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा के साथ दुर्व्यवहार का मुद्दा उठा। इस पर सीएम नायब सैनी ने कहा- इनका जिस पार्षद पति से झगड़ा हुआ है, वह इनका मित्र है। ये एक ही थाली में खाना खाते थे। इस पर अशोक अरोड़ा ने आपत्ति जताई। हालांकि स्पीकर के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया।
मनीषा के मुद्दे पर CM सैनी और हुड्डा आमने-सामने हुए कांग्रेस ने मनीषा की मौत को लेकर लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। इस पर CM सैनी ने कहा- “कानून व्यवस्था का जो मुद्दा उठाया है, उस पर हम चर्चा के लिए तैयार हैं। पुलिस ने भिवानी की बेटी के मामले में कार्रवाई की है। कानून व्यवस्था की स्थिति इनके (कांग्रेस) समय में कैसी थी? FIR तक दर्ज नहीं होती थी। विपक्ष इस मामले में राजनीति न करे।” इसके जवाब में भूपेंद्र हुड्डा ने कहा- “CM की बात पर एतराज है। हमारे समय में ही हर मामले की FIR की कार्रवाई शुरू की थी।”
सत्र की पल-पल की अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
भूपेंद्र हुड्डा बोले- विनेश फोगाट से पुलिस ने अभद्रता की
सदन की कार्यवाही के बाद पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने सदन में कहा कि विधायकों के साथ लगातार दुर्व्यवहार के मामले सामने आ रहे हैं। कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के साथ भी पुलिस अधिकारी द्वारा अभद्रता की गई। इसके अलावा विधानसभा में होने वाले विकास कार्यों में लगाए जाने वाली शिलापट्टों में कांग्रेस विधायकों के नाम नहीं लिखे जा रहे हैं।
अशोक अरोड़ा वाले मामले में स्पीकर ने कहा कि ये मामला विशेषाधिकार समिति के पास है, इसलिए इस मामले में कोई सुनवाई नहीं होगी। उससे पहले सदन में समिति के द्वारा इस मामले में सुनवाई के लिए अगले सत्र की डेट तय की। इसके बाद कांग्रेस ने सदन का वॉकआउट कर दिया।
मंत्री कृष्ण बेदी ने कांग्रेस विधायकों के आचरण की निंदा की
सदन की कार्यवाही स्थगित
सदन की कार्यवाही सोमवार को दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
कांग्रेस MLA से दुर्व्यवहार का मामला उठा
सदन में कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा के साथ दुर्व्यवहार का मुद्दा उठा। इस पर सदन में कुरुक्षेत्र के थानेसर से विधायक अशोक अरोड़ा के मामले में सीएम नायब सैनी ने कहा, इनका जिस पार्षद पति से झगड़ा हुआ है, वह इनका मित्र है। ये एक ही थाली में खाना खाते थे। इस पर अशोक अरोड़ा ने आपत्ति जताई। हालांकि स्पीकर के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया।
स्पीकर की अपील- 26 अगस्त को सारे MLA साइकिल में आएं
26 तारीख को नशे के खिलाफ मैसेज देने के लिए स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने सभी विधायकों से विधानसभा साइकिल पर आने के लिए आग्रह किया
स्पीकर बोले- विधानसभा में पार्किंग प्रॉब्लम, साइकिल में आएं विधायक
सदन की कार्यवाही जारी है। स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि नशा एक राष्ट्रीय स्तर की समस्या हो चुकी है। नशे के खिलाफ सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने विधायकों से सदन में साइकिल से आने की अपील की।
दरअसल, विधानसभा में पार्किंग को लेकर परेशानी है। इससे पहले तैयारियों को लेकर हुई मीटिंग में भी स्पीकर ने विधायकों से अपना वाहन पार्किंग स्थल के बाहर ही खड़ा करने की अपील की थी।
25 अगस्त को दोपहर 2 बजे शुरू होगी कार्यवाही
स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने बताया कि 25 अगस्त को विधानसभा की कार्रवाई दोपहर 2 बजे और 26 व 27 अगस्त को विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
26 अगस्त की कार्यवाही में होगी प्रस्ताव पर चर्चा
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि चर्चा में सहयोग करें। इसके बाद कांग्रेस का कानून व्यवस्था पर काम रोको प्रस्ताव मंजूर कर लिया गया। कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने प्रस्ताव चर्चा के लिये प्रस्तुत किया। इसके बाद स्पीकर ने 26 अगस्त की कार्यवाही में चर्चा के लिए इसकी सहमति दी।
सर्वदलीय बैठक के बाद सदन की कार्यवाही शुरू
सर्वदलीय बैठक खत्म हो गई है। अब सदन की कार्यवाही शुरू हो गई है।
कांग्रेस काम रोको प्रस्ताव पर अड़ी
हरियाणा विधानसभा में 4 बजकर 10 मिनट से सर्वदलीय बैठक चल रही है। सूत्रों के मुताबिक बैठक में कांग्रेस सदन में काम रोको प्रस्ताव लाने पर अड़ी हुई है। हालांकि ये भी कहा जा रहा है कि कांग्रेस के नेताओं को मना लिया जाएगा, सदन की कार्यवाही सोमवार से सुचारु रूप से शुरू होगी।
छठी बार सदन की कार्यवाही स्थगित
सदन की कार्यवाही छठी बार स्थगित की गई है। साथ ही सदन का टाइम भी एक घंटा बढ़ाया गया है।
मंत्री ढांडा बोले- कार्यवाही न चलने देना ठीक नहीं
सदन के बाहर कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा- कांग्रेस की सदन की कार्यवाही नहीं चलने देने का फैसला न्यायोचित नहीं है। सदन की कार्यवाही यदि सुचारू रूप से चलेगी तो जनता की समस्याओं को सदन में उठाया जा सकेगा। जिसको सरकार दूर करने के लिए काम करेगी। भिवानी वाले मामले में पुलिस अपना काम कर रही है, जांच CBI करने जा रही है। ऐसे में जो भी इस केस में कार्रवाई होगी, वह की जाएगी।
सदन की कार्यवाही पांचवीं बार स्थगित
विधानसभा में सर्वदलीय बैठक जारी है। विपक्ष काम रोको प्रस्ताव की चर्चा पर अड़ा हुआ है। सदन की कार्यवाही पांचवीं बार 5:20 बजे तक स्थगित की गई है।
कांग्रेस विधायक दौलतपुरिया बोले- कानून व्यवस्था खराब
सदन के बाहर कांग्रेस विधायक बलवान दौलतपुरिया ने कहा- सदन में कांग्रेस के काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा होनी चाहिए। प्रदेश की कानून व्यवस्था बहुत खराब है।
कांग्रेस विधायक अरोड़ा बोले- नियम के तहत चर्चा करें
चौथी बार सदन स्थगित
सर्वदलीय बैठक के चलते चौथी बार सदन आधे घंटे के लिए स्थगित किया गया है।
सर्वदलीय बैठक शुरू
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक शुरू हो गई है। बैठक में स्पीकर हरविंद्र कल्याण, संसदीय कार्य मंत्री महिपाल सिंह ढांडा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल, इनेलो विधायक अर्जुन सिंह चौटाला और निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल मौजूद हैं।
CM सैनी ने सर्वदलीय बैठक बुलाई
सदन में कांग्रेस के हंगामे को देखते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है।
नायब सैनी ने कहा कि आम जनता के लिए विधानसभा सत्र प्रभावी रूप से कार्य करे यही हमारी प्राथमिकता है।
कांग्रेस विधायकों के हंगामे के बाद फिर सदन स्थगित
CM नायब सैनी के भाषण के दौरान कांग्रेस विधायकों ने काम रोको प्रस्ताव को लेकर फिर हंगामा करना शुरू कर दिया। कांग्रेस विधायक हंगामा करते हुए वेल तक आ गए। फिर स्पीकर ने आधे घंटे के लिए कार्यवाही स्थगित कर दी।
स्पीकर बोले- नई परंपरा सदन में शुरू नहीं होगी
स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा- सदन में आज जो भी हुआ है, वह होना नहीं चाहिए। इस पर फिर से कांग्रेस के विधायकों ने सदन में हंगामा शुरू कर दिया। स्पीकर ने कहा- ये आपको किसने अधिकार दिया है? क्या आप सदन में अध्यक्ष को बोलने नहीं देंगे? आप लोगों ने प्रश्नकाल तक नहीं चलने दिया, ये आप सही नहीं कर रहे हैं। इस सदन में जो भी विषय रखा जाएगा नियम और प्रक्रिया के तहत की रखा जाएगा। ऐसा नहीं होगा कि कोई नई परंपरा इस सदन में शुरू की जाए।
इस पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा- आपने मेरा नाम लिया है, इसलिए मैं खड़ा हुआ हूं। नहीं तो मैं नहीं खड़ा होता। स्पीकर ने कहा- आप विपक्ष के नेता नहीं हैं, लेकिन सदन आपको विपक्ष का नेता होने का सम्मान देता है। इस पर हुड्डा ने कहा कि मेरे लिए विपक्ष का नेता होना या न होना मेरे लिए कोई मायने नहीं है। मैं ये कहना चाहता हूं कि काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा क्यों नहीं हो रही है।
स्पीकर ने कहा कि पहले सदन में आवश्यक कार्य निपटाए जाते हैं, फिर प्रस्तावों पर चर्चा होती है।
वहीं सीएम सैनी ने कहा- मैं कहना चाहता हूं कि हमारे युवा साथी को ये पता नहीं होगा जब ये छोटे होंगे तो ऐसी घटनाएं होती थी जो इन्हें पता नहीं होंगी। इस पर फिर से कांग्रेस के सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। इनके समय में एफआईआर तक दर्ज नहीं होती थी। अब ये हम पर सवाल उठा रहे हैं।
सदन की कार्यवाही शुरू
मानसून सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही तीसरी बार फिर शुरू हो गई है।
कांग्रेस विधायक बत्रा बोले- काम रोको प्रस्ताव जायज मांग
सदन के बाहर कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने कहा- लॉ एंड ऑर्डर सूबे का अहम मुद्दा है। काम रोको प्रस्ताव हमारी जायज मांग है। स्पीकर को रूल्स के मुताबिक सदन में सारे काम को रोककर काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा कराना चाहिए। जब तक काम रोको प्रस्ताव की मांग सदन में नहीं मानी जाती है, तब तक कांग्रेस सदन नहीं चलने देगी।
हर चौथे दिन कोई न कोई मर्डर हो रहा है। सीएम कह देते हैं कि हम जांच करा रहे हैं, लेकिन हालात नहीं सुधर रहे। सदन में कांग्रेस का काम रोको प्रस्ताव जायज मांग है। हम अपनी रणनीति पर ही काम कर रहे हैं।
काम रोको प्रस्ताव क्या, जिसकी कांग्रेंस मांग कर रहा
काम रोको प्रस्ताव, जिसे स्थगन प्रस्ताव भी कहते हैं, सदन में जनहित के किसी विशेष मुद्दे पर चर्चा करने के लिए सदन की सामान्य कार्यवाही को स्थगित करने का एक प्रस्ताव है। यह सदन अध्यक्ष की अनुमति से पेश किया जाता है और इसके लिए कम से कम 50 सदस्यों के समर्थन की आवश्यकता होती है। यदि यह स्वीकार हो जाता है, तो सदन का सामान्य कार्य रुक जाता है ताकि उस जरूरी मुद्दे पर तत्काल ध्यान दिया जा सके।
मंत्री अनिल विज बोले- बिना नेता के हंगामा कर रहे
कांग्रेस के हंगामे पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा- ये क्यों हंगामा कर रहे हैं? इनके पास तो नेता ही नहीं है। ये निर्णय नहीं ले सकते।
मनीषा की मौत पर CM सैनी-हुड्डा आमने सामने
सदन की कार्यवाही स्थगित होने से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “कानून व्यवस्था का जो मुद्दा उठाया है, उस पर हम चर्चा के लिए तैयार हैं। पुलिस ने भिवानी की बेटी के मामले में कार्रवाई की है। कानून व्यवस्था की स्थिति इनके समय में कैसी थी? एफआईआर तक दर्ज नहीं होती थी। विपक्ष इस मामले में राजनीति न करे।”
इस पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, “CM की बात पर एतराज है। हमारे समय में ही हर मामले की FIR की कार्रवाई शुरू की थी।” सदन में भिवानी की मनीषा की मौत के मामले को लेकर और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर काम रोको प्रस्ताव पर कांग्रेस चर्चा की मांग कर रही है।
सदन की कार्यवाही 20 मिनट के लिए फिर स्थगित
दोबारा सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस विधायक फिर नारेबाजी करते हुए वेल तक आ गए।
स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा, “वेल में आने की परंपरा गलत है। ये बिल्कुल नहीं होने दिया जाएगा। मैं सभी सदस्यों से निवेदन कर रहा हूं कि सदन की कार्यवाही चलने दें। ये जो आप कर रहे हैं बिल्कुल ठीक नहीं है। आप अपनी सीट पर जाइए। ये लोगों के साथ आप धोखा कर रहे हैं।”
फिर स्पीकर ने सदन 20 मिनट के लिए स्थगित कर दिया।
कांग्रेस विधायक सुरजेवाला बोले- वोट चोरी का मुद्दा भी उठाएंगे
सदन के बाहर कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा- हम सदन में वोट चोरी और लॉ एंड ऑर्डर का मुद्दा भी उठाएंगे। इस बार कांग्रेस ने सदन में एकजुट होकर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। प्रदेश में मुद्दों की भरमार है, जनता परेशान है।
पूर्व विधायकों के लिए संशोधन बिल पेश होगा
हरियाणा विधानसभा के मानसून में एक बड़ा संशोधन विधेयक पेश किया जाएगा, जिससे राज्य के 550 पूर्व विधायकों को उनकी पेंशन और भत्तों पर लगी सीमा को समाप्त करके आर्थिक राहत मिल सकती है। हरियाणा विधानसभा (सदस्यों का वेतन, भत्ते एवं पेंशन) संशोधन विधेयक, 2025 संयुक्त मासिक पेंशन, महंगाई राहत और विशेष यात्रा भत्ते की एक लाख रुपए मासिक सीमा को समाप्त करने का प्रयास करता है। यदि इसे मंजूरी मिल जाती है, तो पूर्व विधायक कुल लाभ सीमा से बंधे बिना 10,000 रुपए प्रति माह तक यात्रा भत्ते के पात्र होंगे।
वेल में पहुंचे कांग्रेस विधायक, सदन आधे घंटे के लिए स्थगित
मनीषा की मौत को लेकर कांग्रेस विधायक हंगामा करते हुए वेल तक पहुंच गए। इसके बाद स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी।
स्पीकर बोले- प्रश्नकाल चलने दीजिए
स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि ये जरूरी नहीं है कि जो माहौल दिल्ली में बना हुआ है, वह हरियाणा में भी बनाया जाएगा। प्रश्नकाल लगा हुआ है, सदन में सभी सदस्यों ने प्रश्न लगाए हुए हैं। प्रश्नकाल चलने दीजिए।
सीएम नायब सैनी ने कहा, इनका सवाल लगा हुआ है। ये सदन में सवाल पर बहस कर लें, लेकिन ये ऐसा करेंगे नहीं।
सदन में प्रश्नकाल शुरू होते ही हंगामा
सदन में प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।
कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि प्रदेश में बेटियों का मर्डर हो रहा है। ऐसे में कैसे सदन चलेगा।
कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि इनकी मंशा साफ है। ये अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं।
आदित्य देवीलाल अब सदन में शोक प्रस्ताव पढ़ रहे
इनेलो के विधायक आदित्य देवीलाल चौटाला अब सदन में शोक प्रस्ताव पढ़ रहे हैं। वह पूर्व गवर्नर सत्यपाल मलिक के निधन पर शोक प्रस्ताव पढ़ रहे हैं।
पूर्व CM हुड्डा ने सदन में शोक प्रस्ताव पढ़ा
पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में मारे गए लोगों के प्रति शोक संवेदन प्रकट की। उन्होंने कहा, इस हादसे में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी के निधन पर सदन शोक प्रकट करता है।
सदन की कार्यवाही शुरू, सीएम ने शोक प्रस्ताव रखा
विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस समय शोक प्रस्ताव पढ़ रहे हैं। पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन पर सीएम ने सदन में शोक प्रस्ताव पेश किया।
थोड़ी देर में शुरू होगी विधानसभा की कार्यवाही
हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन की कार्यवाही कुछ देर में शुरू होगी। शुरुआत शोक प्रस्ताव से होगी, जिसके बाद पहले एक घंटे में प्रश्नकाल निर्धारित है। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक अपने-अपने सवाल पूछेंगे।
बिना नेता के चौथी बार विधानसभा में उतरेगी कांग्रेस
पिछले 10 माह में यह चौथा सत्र होगा, जिसमें कांग्रेस बिना नेता प्रतिपक्ष के नजर आएगी। कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के बाद संभावना जताई जा रही थी कि मानसून सत्र से पहले कांग्रेस अपनी पार्टी के विधायक दल के नेता का नाम घोषित कर सकती है। लेकिन कांग्रेस की ओर से ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई।
हालांकि विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ही बिना घोषणा के विपक्ष के नेता की भूमिका में होते हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पिछले बजट सेशन में कह चुके हैं कि हमारी नजर में हुड्डा ही विपक्ष के नेता हैं। संवैधानिक पदों पर होने वाली नियुक्तियों पर निर्णय लेने के लिए आयोजित बैठकों में हुड्डा ही कांग्रेस की ओर से शामिल होते रहे हैं।
कांग्रेस ने दिया काम रोको प्रस्ताव
कांग्रेस की ओर से कानून व्यवस्था की स्थिति पर दिए गए काम रोको प्रस्ताव पर हंगामा होने की संभावना है। विधानसभा स्पीकर हरविन्द्र कल्याण यदि आज ही इस प्रस्ताव को चर्चा के लिए स्वीकार नहीं करते तो कांग्रेस पहले दिन ही वॉकआउट कर सकती है।
कांग्रेस ने विधायक दल की मीटिंग बुलाई
विधानसभा के मानसून सत्र से पहले चंडीगढ़ प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस विधायक दल की मीटिंग हो रही है। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत विधायक मौजूद हैं। इसमें सरकार को घेरने की रणनीति बनाई जाएगी।
विधानसभा स्पीकर ने TV चैनलों को कवरेज के निर्देश जारी किए
