पटना में भाई-बहन की हत्या, शव को बेड पर जलाया:मुंह पर कपड़े बंधे थे; पिता बोले- वारदात में 2 से 3 लोग शामिल
पटना चुनाव आयोग के कर्मचारी के 2 बच्चों को गुरुवार को जिंदा जला दिया गया। मृतकों की पहचान 14 साल की अंजलि कुमारी और 12 साल के अंशु के रूप में हुई है। घटना के वक्त घर में सिर्फ भाई-बहन थे। बेड पर जली लाशें मिली हैं। घटना जानीपुर थाना क्षेत्र के नगवां गांव की है।
बच्चों के पिता ललन गुप्ता ने बताया कि ‘दोपहर 12 से डेढ़ बजे के बीच यह घटना हुई है। किसी ने दोनों की हत्या की है। इसके बाद बेड पर शव जलाए गए हैं।’ बच्चों की मां AIIMS में सिक्योरिटी गार्ड है।
परिवार का ये भी आरोप है कि बच्चों के साथ कुछ गलत करने की कोशिश की गई। विरोध करने पर पहले हत्या की फिर दोनों को जिंदा जला दिया गया।
बच्चों की लाश मिलने के बाद परिवार गुस्से में हैं। सड़क जाम कर आगजनी की गई है। पुलिस लोगों को समझाने में जुटी है।
घटना के बाद की 3 तस्वीरें देखिए
2-3 लोगों ने घटना को दिया अंजाम
ललन गुप्ता ने बताया कि ‘मैं ड्यूटी पर था। पत्नी ने 2.30 बजे घटना की जानकारी दी, इसके बाद घर पहुंचे। घटना के आधे घंटे बाद पुलिस पहुंची। 2 या 3 लोगों ने मिलकर कुछ किया है।’
‘आग लगी होती तो बच्चा चिल्लाता-छटपटाता, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। दोनों की हत्या कर जलाया गया है। पुलिस अपराधी को आज ही पकड़े। रूम अंदर से बंद था। मेन गेट खुला था।’
घटना की सूचना मिलते ही जानीपुर थाने की पुलिस और फुलवारी शरीफ के SDPO दीपक कुमार मौके पर पहुंचे हैं। लोगों को शांत करवाने की कोशिश कर रहे हैं। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है।
2 बजे मां घर पहुंची तो देखी लाशें
माता-पिता रोज ड्यूटी पर चले जाते थे। बच्चे स्कूल से लौटने के बाद घर में अकेले रहते थे। मां 2 बजे के बाद घर लौटी तो बच्चे ने दरवाजा नहीं खोला। अंदर से बदबू आ रही थी। इसके बाद पति को फोन किया। पति तुरंत घर पहुंचे। अंदर देखा तो बेड पर बच्चों की जली हुई लाशें पड़ी थीं। बच्चों के मुंह पर कपड़ा था। आशंका जताई जा रही है कि मुंह दबाकर दोनों की हत्या की गई फिर लाशें जला दी गईं।
पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है
पुलिस ने तुरंत मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि, कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि दबंगों ने घर में जानबूझकर आग लगा दी है। इन आरोपों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को बुलाया है। एफएसएल टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है।
CM अचेत, बदमाश सचेत
