Headlines

हरियाणवी मॉडल की गला रेतकर हत्या, बॉयफ्रेंड गिरफ्तार:हाथ-छाती के टैटू से शिनाख्त, आखिरी वीडियो कॉल- वह मुझे मार रहा, जबरन ले जा रहा

हरियाणवी मॉडल की गला रेतकर हत्या, बॉयफ्रेंड गिरफ्तार:हाथ-छाती के टैटू से शिनाख्त, आखिरी वीडियो कॉल- वह मुझे मार रहा, जबरन ले जा रहा

अमन वर्मा, राम सिंहमार, पानीपत/सोनीपत10 मिनट पहले
हरियाणवी मॉडल शीतल उर्फ सिम्मी चौधरी की शिनाख्त उसके शरीर पर बने टैटू से हुई है।

मशहूर हरियाणवी मॉडल शीतल उर्फ सिम्मी चौधरी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इसके बाद लाश को नहर में फेंक दिया गया। वह 2 दिन पहले पानीपत स्थित अपने घर से एल्बम की शूटिंग के लिए निकली थी।

सोमवार सुबह शीतल की लाश सोनीपत में खरखौदा की रिलायंस नहर से मिली। हाथ और छाती पर बने टैटू से शीतल की पहचान हुई। शीतल की बहन नेहा ने कहा कि शनिवार (14 जून) को उसने वीडियो कॉल की थी। जिसमें शीतल ने कहा कि उसका बॉयफ्रेंड उसे पीट रहा है। वह उसे जबरन साथ ले जाने की कोशिश कर रहा है।

इसके बाद कॉल कट गई। अब उसकी लाश मिली है। इससे पहले शीतल के बॉयफ्रेंड सुनील की कार भी रविवार सुबह पानीपत में दिल्ली पैरलल नहर में पड़ी मिली थी। जिसमें से उसे लोगों ने निकाल लिया। हालांकि शीतल उस कार में नहीं थी। निजी अस्पताल में उपचाराधीन आरोपी सुनील को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

लाश बरामदगी के बारे में सोनीपत एसीपी हेडक्वार्टर अजीत सिंह ने कहा…

QuoteImage

खरखौदा में नहर में युवती की डेडबॉडी मिली थी। जिसकी पहचान शीतल के रूप में हुई है। पानीपत की उरलाना कलां चौकी में गुमशुदगी का मामला दर्ज हुआ था। मामले की जांच की जा रही है।

QuoteImage

इस हालत में मिली मॉडल की लाश…

सोनीपत पुलिस ने नहर से निकाली मॉडल शीतल की लाश।
सोनीपत पुलिस ने नहर से मॉडल शीतल की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल में रखवाया।
मॉडल शीतल की कलाई पर बना विशाल नाम का टैटू।
मॉडल शीतल की छाती पर बना टैटू और गले पर चाकू से काटने का निशान।

2 दिन पहले शूटिंग के लिए गई थी मॉडल नेहा ने बताया कि शीतल उसके ही साथ रहती थी। वह हरियाणवी एल्बम में बतौर मॉडल का काम करती थी। 14 जून को गांव अहर में शूटिंग के लिए गई थी। जहां से वह वापस नहीं आई। इसके बारे में पता किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया।

गले पर मिले तेज धारदार हथियार के निशान सोनीपत में शीतल उर्फ सिमी चौधरी का पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका है। फोरेंसिक एक्सपर्ट सोनीपत में न होने के चलते शव को खानपुर भेज दिया गया है। इस मामले में पानीपत और सोनीपत दोनों जिलों की पुलिस जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में गले पर किसी तेज धार हथियार के निशान नजर आ रहे हैं। पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने के बाद स्थिति ज्यादा साफ होगी।

मॉडल की PHOTOS…

सिम्मी के मॉडलिंग वाले हरियाणवी गाने ‘जन का जाड्‌डा का’ VIDEO

मॉडल सिम्मी के बॉयफ्रेंड को लेकर बहन ने क्या कहा….

  • मॉडल का तलाक हुआ, एक बच्चा : नेहा ने बताया वह मूल रूप से गांव खलीला माजरा की रहने वाली है। हाल में वह सतकरतार कॉलोनी में रहती है। वे 4 बहनें और एक भाई है। बहनों में सबसे छोटी बहन शीतल (24) ही थी। शीतल तलाकशुदा है। उसका एक बच्चा है, जोकि अपने पिता के साथ ही रहता है।
  • होटल में हुई थी सुनील से दोस्ती: नेहा ने बताया कि शीतल इसराना के रहने वाले सुनील के करनाल के मॉडल टाउन में स्थित होटल सुकून में काम करती थी। इसी दौरान उसने शूटिंग भी करनी शुरू की थी। करीब 6 माह पहले से ही शीतल शूटिंग करने लगी थी। उसने कई गानों में शूटिंग की है। होटल में काम करने के दौरान ही सुनील ने शीतल के साथ दोस्ती की थी।
  • शादीशुदा होने की बात पता चली, काम छोड़ा: नेहा ने बताया कि इसके बाद सुनील उससे शादी करने की बात कहने लगा। इस बीच शीतल को पता चला कि सुनील पहले से ही शादीशुदा है और उसके 2 बच्चे हैं। इसके बाद शीतल ने उसे मना कर दिया और होटल में काम भी करना बंद कर दिया, लेकिन सुनील ने उसका पीछा नहीं छोड़ा।
  • शूटिंग वाली जगह पहुंच कर सुनील ने मारपीट की: नेहा ने बताया कि 14 जून की रात डेढ़ बजे शीतल ने उससे वॉट्सऐप पर वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत की थी। इस दौरान उसने बताया था कि वह काम से निकल रही है और घर आ रही है। सुनील यहां भी पहुंच गया है और उसने उसके साथ मारपीट भी की है। उसकी गर्दन पर चोट भी मारी है। वह उसे जबरन उसके साथ चलने के बारे में कह रहा है।
  • शीतल ने कहा, थोड़ी देर में आऊंगी, फिर संपर्क टूट गया: हालांकि शीतल ने कुछ ही देर में घर पहुंचने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद से उससे संपर्क टूट गया। रविवार को कार नहर में मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद कहानी का पता लगा।
पानीपत के अस्पताल में भर्ती इसराना गांव का सुनील, जिस पर मॉडल शीतल की हत्या करने का आरोप लग रहा है।

निजी अस्पताल में भर्ती सुनील, अचेत होने का नाटक कर रहा आरोपी सुनील अभी पानीपत के सिवाह बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती है। जानकारी मिली है कि सुनील बहुत अच्छा तैराक है। उसने ये सब साजिश के तहत ही किया है। वह तेज रफ्तार से कार को नहर में लेकर गया। इसके बाद वह खुद कुछ ही देर बाद बाहर निकल आया था, जबकि मॉडल नहर में लापता हो गई थी। सुनील की हालत सामान्य है, लेकिन वह भर्ती होने के लिए अचेत होने का लगातार नाटक कर रहा है।

आखिरी बार सुनील के साथ ही थी शीतल सोनीपत पुलिस ने बताया कि शीतल आखिरी बार इसराना गांव के रहने वाले सुनील के साथ ही थी। शुरूआती जांच में यह सामने आया कि शीतल आखिरी बार सुनील के साथ ही देखी गई थी। सुनील अस्पताल में है। इस बारे में पानीपत डीएसपी सतीश वत्स ने कहा कि मामले की जांच में सामने आया है कि आरोपी सुनील के खिलाफ शीतल की तरफ से पहले भी कई बार शिकायतें दी जा चुकी है। लेकिन, उन मामलों में क्या रहा, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

14-15 जून की रात सुनील की यह आई-10 कार नहर से निकाली गई थी।

यहां जानिए सुनील ने कैसे रचा था ड्रामा…

जाटल रोड पुल के पास नहर में गिरी थी कार 14-15 जून की दरमियानी रात एक आई-10 कार शांति नगर और जाटल रोड पुल के बीच विराट नगर फेज-3 के पास संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में गिर गई थी। उस वक्त रात करीब डेढ़ बजे का समय था। कुछ लोगों ने यह हादसा होते देख लिया और तुरंत ही नहर में कूद कर ड्राइवर को बाहर निकाला था।

पहले सिविल अस्पताल, फिर निजी हॉस्पिटल में कराया भर्ती पुलिस के मुताबिक, कार सवार युवक की पहचान 30 वर्षीय सुनील निवासी इसराना के रूप में हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सुनील को बेसुध हालत में पहले सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ देर बाद यहां से उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां आज भी वह भर्ती है।

परिजनों बताया था- एक दिन पहले घर से निकला था युवक सूचना मिलते ही परिवार वाले भी अस्पताल पहुंच गए थे। सुनील के चचेरे भाई श्रीओम ने बताया कि सुनील परिवार का इकलौता बेटा है और खेती बाड़ी करता है। वह शनिवार दिन में ही कार लेकर निकला था। रात को जब वह नहीं लौटा तो 11 बजे उसे फोन किया था। मगर, उसका फोन नहीं रिसीव हुआ था। इसके बाद करीब दो बजे पुलिस ने फोन कर हादसे की सूचना दी।

कैसे हुआ था हादसा, सुनील ने नहीं बताया था पुलिस ने बताया कि कार को नहर से निकलवाकर कब्जे में ले लिया गया था। हादसा कैसे हुआ? जब यह सवाल जब अस्पताल में भर्ती सुनील से पूछा गया था तो उसने तबीयत ज्यादा खराब होने का इशारा किया था। पुलिस ने भी उसकी हालत में सुधार होने पर पूछताछ की बात कही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024