हरियाणा में मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास संत कबीर कुटीर और सचिवालय में फिदायीन हमले की धमकी मिली।
सूत्रों के मुताबिक CID के सीनियर अधिकारियों को मेल भेजकर कहा गया कि दोनों जगह फिदायीन हमले होंगे। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस की टीमें एक्टिव हो गईं। CM आवास और सचिवालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
सचिवालय में अनाउंसमेंट कराकर बिल्डिंग खाली कराई गई है। अधिकारियों ने कहा कि कोई भी कर्मचारी किसी भी फ्लोर पर न रहे। बिल्डिंग और आसपास के इलाके में बम और डॉग स्क्वायड बुलाकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जिस समय धमकी आई, उस समय मुख्यमंत्री नायब सैनी आवास पर नहीं थे। वह रोहतक के पहरावर गांव में परशुराम जयंती पर आयोजित राज्य स्तरीय प्रोग्राम में गए हुए थे।
22 मई को हाईकोर्ट को उड़ाने की धमकी मिली थी इससे पहले, 22 मई को चंडीगढ़ स्थित पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। सुबह साढ़े 11 बजे मेल भेजकर धमकी दी गई। इसके तुरंत बाद कोर्ट रूम खाली करा लिए गए। परिसर में मौजूद लोगों को कोई भी लावारिस वस्तु न छूने को कहा गया। करीब ढाई घंटे तक बम और डॉग स्क्वायड से खाली किए परिसर की जांच की। कोर्ट की कार्यवाही भी 2 बजे तक स्थगित की गई। हालांकि जांच में यहां कुछ संदिग्ध नहीं मिला। 2 बजे के बाद हाईकोर्ट के गेट खोल दिए गए।
21 मई को 3 जिलों में लघु सचिवालय में मेल आई वहीं 21 मई को गुरुग्राम, फतेहाबाद, और अंबाला में लघु सचिवालय और DC ऑफिस को RDX से उड़ाने की धमकी दी गई थी। फतेहाबाद के SP सिद्धांत जैन ने बताया था कि सुबह करीब 7 बजे DC की मेल पर हॉटमेल से मेल आई। इसमें साउथ इंडियन लेंग्वेज में लिखा हुआ था कि दोपहर 3.30 बजे एक्सप्लोसिव विस्फोट होगा। कुछ अभद्र बातें भी लिखी हुई थीं। इसके बाद हिसार से बम निरोधक दस्ते की टीम बुलाई गईं।
वहीं गुरुग्राम लघु सचिवालय में बुधवार दोपहर करीब 2 बजे धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें दावा किया गया था कि इमारत में बम प्लांट किया गया है, जो कभी भी विस्फोट कर सकता है। इसी तरह अंबाला में DC की ऑफिशियल ईमेल पर मेल आई। मेल में अंबाला के DC ऑफिस को RDX से उड़ने की धमकी दी गई। हालांकि तीनों ही जगह जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
