Headlines

जम्मू में अकेले चुनाव लड़ेगी भाजपा:प्रदेश अध्यक्ष बोले- कश्मीर में निर्दलियों से गठबंधन कर सकते हैं; अपनी पार्टी के जुल्फकार BJP में शामिल

जम्मू में अकेले चुनाव लड़ेगी भाजपा:प्रदेश अध्यक्ष बोले- कश्मीर में निर्दलियों से गठबंधन कर सकते हैं; अपनी पार्टी के जुल्फकार BJP में शामिल

श्रीनगर16 मिनट पहले
जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी नेता और PDP-BJP गठबंधन सरकार में कैबिनेट मंत्री चौधरी जुल्फकार अली भाजपा में शामिल हुए।

विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की आज रविवार (18 अगस्त) को जम्मू में बैठक होगी। इसमें आगामी चुनाव में पार्टी की रणनीति और संभावित कैंडिडेट के नाम पर चर्चा हो सकती है।

केंद्रीय मंत्री और जम्मू-कश्मीर भाजपा विधानसभा चुनाव प्रभारी किशन रेड्डी, BJP नेशनल जनरल सेक्रेटरी तरुण चुघ और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह बैठक के लिए जम्मू पहुंचे हैं।

भाजपा अगले हफ्ते से जम्मू-कश्मीर में चुनाव प्रचार की शुरुआत कर सकती है। पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विधानसभा चुनाव में रैली करेंगे।

जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना ने कहा- जम्मू-कश्मीर की जनता भाजपा को भारी मतों से जिताएगी और हम सरकार बनाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा- पार्टी जम्मू में किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। कश्मीर में कुछ निर्दलीय कैंडिडेट के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ सकते हैं।

जम्मू-कश्मीर भाजपा विधानसभा चुनाव प्रभारी किशन रेड्डी, तरुण चुघ और जितेंद्र सिंह आज रविवार को बैठक के लिए जम्मू पहुंचे हैं।

J&K अपनी पार्टी नेता जुल्फकार अली भाजपा शामिल हुए

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मंत्री चौधरी जुल्फकार अली भाजपा में शामिल हो गए हैं। इससे पहले शनिवार (17 अगस्त) को चौधरी जुल्फकार अली ने गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की। BJP ज्वाइन करने के बाद जुलफकार अली ने कहा कि मोदी सरकार की योजनाएं सभी लोगों तक पहुंच रही हैं। योजनाओं ने हम पर गहरा असर डाला है और हमें नारे वाली राजनीति से आगे बढ़कर सच्ची राजनीति करने की जरूरत है। मुझे उम्मीद है कि भारतीय जनता पार्टी अकेले दम पर जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाएगी।

अमित शाह से जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के जुल्फकार अली से मिले।

जुल्फकार अली पेशे से एक वकील हैं। उन्होंने 2008 और 2014 के विधानसभा चुनावों में PDP के टिकट पर राजौरी जिले की दरहाल विधानसभा से चुनाव लड़ा था। दोनों में जीत हासिल हुई थी। 2015 से 2018 तक वे महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व वाली PDP-BJP गठबंधन सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे थे।

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मंत्री चौधरी चौधरी जुल्फकार अली के भाजपा में शामिल होने पर रविंदर रैना ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के बड़े राजनीतिक नेता हैं। हम उनका भाजपा में स्वागत करते हैं और उनके शामिल होने से भाजपा को मजबूती मिलेगी।।

जम्मू-कश्मीर में तीन फेज में होगी वोटिंग

इलेक्शन कमीशन ने 16 अगस्त को जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया है। राज्य में तीन फेज में वोटिंग होगी। यहां विधानसभा की कुल 90 सीटें हैं। बहुमत का आंकड़ा 46 है। चुनाव आयोग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में चुनाव के पहले फेज के लिए गजट नोटीफिकेशन 20 अगस्त से शुरू हो जाएगा। पहले फेज के नॉमीनेशन के लिए आखिरी तारीख 27 अगस्त होगी।

जम्मू-कश्मीर: नई सरकार का कार्यकाल 6 साल की जगह 5 साल का होगा
सुप्रीम कोर्ट ने 30 सितंबर 2024 तक जम्मू कश्मीर में चुनाव कराने का आदेश दिया था। राज्य से अनुच्छेद 370 हटने के बाद ये पहला विधानसभा चुनाव होगा। केंद्र सरकार ने 5 अगस्त 2019 को आर्टिकल 370 हटाया था। इसके बाद से यहां LG मनोज सिन्हा प्रशासक हैं। चुनाव के बाद नई सरकार का कार्यकाल 6 साल की जगह 5 साल का होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024