Headlines

गुजरात- आज बेटे की सगाई थी, रात को परिवार खत्म:आग से घर में जहरीला धुआं भरा, पति-पत्नी और 2 बेटों की मौत

गुजरात- आज बेटे की सगाई थी, रात को परिवार खत्म:आग से घर में जहरीला धुआं भरा, पति-पत्नी और 2 बेटों की मौत

अहमदाबाद6 घंटे पहले
पूरा परिवार शुक्रवार को अपने बेटे देव दोशी (नीले कुर्ता-पायजामा में) की सगाई के लिए वापी रवाना होने वाला था।

गुजरात के गोधरा में गुरुवार देर रात घर में लगी आग के धुएं से दम घुटकर एक परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। परिवार के बड़े बेटे की आज सगाई होनी थी। रात को पूरी तैयारियां की गईं।

सुबह उन्हें वापी निकलना था, लेकिन आग लगने से उठे जहरीले धुएं ने उनकी जान ले ली। मृतकों में कमलभाई दाेशी (50), उनकी पत्नी देवलबेन (45), बड़ा बेटा देव (24) और छोटा बेटा राज (22) शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, देर रात ग्राउंड फ्लोर पर रखे सोफे में शॉर्ट-सर्किट या किसी दूसरे कारण से आग लग गई। घर चारों तरफ से कांच से बंद था, ऐसे में जहरीला धुआं बाहर नहीं निकल पाया। ऐसे में किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।

बड़े बेटे देव की आज दिन में सगाई थी, परिवार सुबह ही वापी के लिए निकलने वाला था।

फायर ब्रिगेड पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी पड़ोसियों ने सुबह घर से धुआं उठता देखा तो फायर ब्रिगेड को सूचना दी। लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।

घटना के 3 फोटो

घर चारों तरफ से कांच से बंद था, ऐसे में आग से उठने वाला धुआं बाहर नहीं निकल पाया।
सुबह इलाके के लोगों ने धुआं देखा तो फायर ब्रिगेड को बुलाया।
टीम जब घर में दाखिल हुई तो सभी चार सदस्य मृत मिले।

घटना के बाद शहर में शोक का माहौल

दाेशी परिवार गोधरा के ‘वर्धमान ज्वेलर्स’ के कारण काफी जाना-पहचाना था। जिस घर से आज देव दाेशी को सगाई के लिए निकलना था, उसी घर से चारों सदस्यों की अर्थियां उठीं। स्थानीय लोगों ने इसे बेहद दर्दनाक बताया और कहा कि इतनी खुशी के मौके पर ऐसी त्रासदी ने पूरे शहर को झकझोर दिया है।

अब जानिए जहरीले धुएं से मौत कैसे हुई..

जहरीले धुएं से मौत होना दम घुटने और जहरीली गैसों के शरीर में जाने की वजह से होता है। इसे 4 चरणों में समझें-

1. धुआं फेफड़ों में जाता है: आग लगने पर उठने वाला धुआं सीधे सांस के साथ अंदर चला जाता है।

2. शरीर को ऑक्सीजन नहीं मिलती: धुएं में कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी गैसें होती हैं, जो खून में ऑक्सीजन की जगह ले लेती हैं। इससे शरीर को जरूरी ऑक्सीजन नहीं मिल पाती।

3. चक्कर आना और बेहोशी: कुछ ही मिनटों में इंसान को चक्कर आने लगते हैं, सांस लेने में दिक्कत होती है और धीरे-धीरे बेहोशी आ जाती है।

4. अत्यधिक धुआं होने पर मौत: अगर लंबे समय तक जहरीले धुएं में व्यक्ति फंसा रहे, तो ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैसों के असर से मौत हो सकती है।

कमरे में अचानक धुआं भर जाने पर क्या कदम उठाएं..

कमरे में जहरीले धुएं के भर जाने के बाद ये 6 कदम उठाने चाहिए-

1. नाक–मुंह कपड़े से ढकें- कोई भी कपड़ा, टी-शर्ट, रुमाल लेकर उसे पानी से भिगोकर नाक व मुंह पर बांध लें। इससे धुआं कम अंदर जाएगा।

2. नीचे झुककर चलें- धुआं ऊपर की ओर जाता है, नीचे की तरफ हवा थोड़ी साफ रहती है। इसलिए झुककर या घुटनों के बल चलते हुए बाहर निकलें।

3. दरवाजा खोलने से पहले उसका तापमान जांचें- हाथ की पीछे वाली सतह से दरवाजा छूकर देखें, अगर गरम है, तो उसे मत खोलें, क्योंकि बाहर आग हो सकती है।

4. तुरंत खिड़की या दरवाजा खोलकर बाहर निकलें- सबसे नजदीकी सुरक्षित रास्ते से बाहर जाएं। अगर बाहर नहीं जा सकते, तो खिड़की खोलकर हवा आने दें और मदद के लिए आवाज लगाएं।

5. लिफ्ट का इस्तेमाल न करें- हमेशा सीढ़ियों का इस्तेमाल करें, क्योंकि आग में लिफ्ट फंस सकती है।

6. फायर ब्रिगेड को तुरंत फोन करें- सुरक्षित जगह पहुंचने के बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को कॉल करें और लोकेशन बताएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024