Headlines

तमिलनाडु- एक्टर विजय की रैली में समर्थक की मौत:अन्नाद्रमुक ने कहा- TVK की रैलियों में शामिल होना है तो ताबूत लेकर जाएं

तमिलनाडु के सलेम में तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) चीफ विजय की रैली में शुक्रवार को 37 साल के एक समर्थक की हीटस्ट्रोक के कारण मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र का रहने वाला सूरज TVK चीफ विजय से मिलने गया था। वह रैली के दौरान सीने में दर्द की शिकायत के बाद गिर पड़ा।

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में सूरज की मौत हो गई। वह कई सालों से सलेम में रह रहा था। पुलिस ने बताया कि सूरज की कुछ समय पहले एंजियोप्लास्टी हुई थी। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।

इस घटना पर विपक्षी पार्टी अन्नद्रमुक ने तंज कसा। AIADMK प्रवक्ता कोवई सत्यन ने कहा- ऐसा लगता है कि विजय की रैली में शामिल होना है तो लोगों को ताबूत साथ ले जाना चाहिए। कोवई सत्यन ने घाना के मशहूर डांसिंग पेलबियरर्स का वीडियो शेयर किया, जो ताबूत उठाकर खास अंदाज में नाचने के लिए दुनियाभर में जाने जाते हैं।

पिछले साल 27 सितंबर को तमिलनाडु के करूर में एक्टर विजय की रैली के दौरान भगदड़ मची थी। रैली में आई भीड़ अचानक बेकाबू हो गई थी जिसमे कुल 41 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे।

घटना पर AIADMK की पोस्ट

CM स्टालिन ने 1.31 करोड़ महिलाओं के अकाउंट में ₹5-5 हजार ट्रांसफर किए

वहीं, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने शुक्रवार को बताया कि उनकी सरकार ने कलैगनार महिला अधिकार योजना के तहत राज्य की 1.31 करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में ₹5,000 जमा किए हैं।

स्टालिन ने कहा- इसमें से ₹3,000 फरवरी, मार्च और अप्रैल महीने की किस्तों के लिए पहले ही दे दिए गए हैं। इसके अलावा ₹2,000 समर स्पेशल पैकेज के रूप में दिए गए हैं। यानी कुल मिलाकर हर लाभार्थी महिला को ₹5,000 मिले हैं।

CM ने वादा किया कि अगर उनकी पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) फिर से सत्ता में आती है, तो महिलाओं को मिलने वाली ₹1,000 की मासिक सहायता बढ़ाकर ₹2,000 कर दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग चुनाव का हवाला देकर इस योजना की रकम रोकना चाहते थे, लेकिन उनकी सरकार ने पहले ही पैसे भेज दिए ताकि महिलाओं को कोई परेशानी न हो।

BJP नेता तमिलिसाई सौंदरराजन ने स्टालिन के इस कदम को चुनाव के डर और बुखार से प्रेरित बताया। सौंदरराजन ने कहा कि राज्य सरकार बेवजह केंद्र सरकार पर आरोप लगा रही है।

तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं और चुनाव इस साल के पहले छह महीनों में होने की संभावना है। पिछली बार 2021 में स्टालिन की पार्टी ने बहुमत हासिल किया था।

अन्य राज्यों में महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक मदद-

  • पश्चिम बंगाल: साल 2021 में लक्ष्मी भंडार योजना की शुरुआत हुई। इसके तहत महिलाओं को ₹500 रुपए हर महीने मिलते थे। लेकिन अब विधानसभा चुनाव से पहले ये राशि बढ़ाकर ₹1500 कर दी गई है।
  • मध्य प्रदेश: विधानसभा चुनाव 2023 से पहले लाड़ली बहना योजना की शुरुआत हुई। इसके तहत महिलाओं को ₹1000 हर महीने मिलते थे। अब यह राशि बढ़कर ₹1500 कर दी गई है।
  • हिमाचल प्रदेश: साल 2023 में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना की शुरू हुई। इसके तहत ₹1500 हर महीने महिलाओं के खाते में ट्रांसफर किए जाते हैं।
  • झारखंड: राज्य में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना अगस्त 2024 में शुरू की गई थी। इसके तहत महिलाओं को हर महीने ₹1000 दिए जा रहे थे। 2024 विधानसभा चुनाव से पहले सीएम हेमंत सोरेन ने राशि बढ़ाकर ₹2500 कर दी थी।
  • केरल: 22 दिसंबर 2025 को स्त्री सुरक्षा योजना की शुरुआत हुई। इसके तहत महिलाओं और ट्रांसवुमेन को हर महीने ₹1000 ट्रांसफर किए जाते हैं। योजना को लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले लागू किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024