Headlines

शहीद पायलट के परिवार ने पुराने फाइटर-जेट पर सवाल उठाए:ऋषिराज के चाचा बाेले- सोचना चाहिए कि ऐसे विमान उड़ाने क्यों दिए जाते हैं

LIVE

शहीद पायलट के परिवार ने पुराने फाइटर-जेट पर सवाल उठाए:ऋषिराज के चाचा बाेले- सोचना चाहिए कि ऐसे विमान उड़ाने क्यों दिए जाते हैं

पाली7 मिनट पहले

शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषिराज सिंह देवड़ा (23) के चाचा हितपाल सिंह ने पुराने फाइटर जेट को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा- पुराने प्लेन से होनहार बच्चे चले जाएंगे। ये सोचना चाहिए कि नए पायलट जो आते हैं, उन्हें इतने पुराने विमान उड़ाने के लिए दिए क्यों जाते हैं।

9 जुलाई को चूरू में वायुसेना के जगुआर फाइटर जेट क्रैश हुआ था। इसमें पाली के फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषिराज सिंह देवड़ा शहीद हो गए थे। गुरुवार (आज) को उनकी पार्थिव देह पाली जिला मुख्यालय से करीब 70 किमी दूर सुमेरपुर के खिंवादी गांव लाई जाएगी। यहीं सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा।

चूरू में वायुसेना के जगुआर फाइटर जेट क्रैश में शहीद होने वाले पाली के फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषिराज सिंह देवड़ा के घर सुबह से ही लोगों का जुटना शुरू हो गया था।

सुमेरपुर (पाली) एसडीएम कालूराम कुमार ने बताया- आज दोपहर करीब 2 बजे तक पार्थिव देह जोधपुर पहुंचने की संभावना है। उन्होंने बताया कि यदि मौसम साफ रहा तो जोधपुर से पार्थिव देह को हेलिकॉप्टर से सिरोही भेजा जाएगा। सिरोही से सड़क मार्ग से गांव जाएंगे। य​दि मौसम साफ नहीं रहा तो जोधपुर से सड़क मार्ग से ही पार्थिव देह रवाना होगी।

फाइटर जेट क्रैश में शहीद हुए ऋषिराज के घर में मातम पसरा है।

चूरू के राजलदेसर में सर्च ऑपरेशन चूरू के राजलदेसर इलाके में 9 जुलाई को दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर वायुसेना का जगुआर फाइटर जेट क्रैश हो गया था। हादसे में पायलट लोकेंद्र सिंह सिंधु (44) और को-पायलट ऋषिराज सिंह देवड़ा शहीद हो गए थे। लोकेंद्र रोहतक (हरियाणा) के रहनेवाले थे।

राजलदेसर के भाणुदा चारणान गांव में गुरुवार सुबह करीब सात बजे एयरफोर्स ने ब्लैक बॉक्स के लिए सर्च अभियान शुरू किया। घटनास्थल पर और आसपास राजलदेसर, रतनगढ़, छापर, व बीदासर थाने की पुलिस तैनात है। सर्च ऑपरेशन में ड्रोन की भी मदद ली जा रही है।

जिस जगह प्लेन क्रैश हुआ, वहां बड़े इलाके में फाइटर जेट का मलबा बिखरा मिला। भारतीय वायु सेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की है।

तस्वीर में ऋषिराज सिंह अपने उनके पिता जसवंत सिंह (होटल व्यवसायी) और मां के साथ। (फाइल फोटो)

मोशन ग्राफिक्स में देखें हादसा कैसे हुआ..

दोनों पायलट ने शहीद होकर 1200 परिवारों को बचाया:प्रत्यक्षदर्शी बोले- हवा में लहराकर गिरा फाइटर जेट, बम जैसा धमाका, टुकड़ों में बिखरे शव

शहीद के अंतिम विदाई के पल-पल के अपडेट के लिए ब्लाॅग देखिए…

अपडेट्स

7 मिनट पहले

जोधपुर से सिरोही ले जाई जाएगी पार्थिव देह

सुमेरपुर एसडीएम कालूराम कुमार ने बताया कि पार्थिव देह को जोधपुर से सिरोही हेलिकॉप्टर से लाया जाएगा। दोपहर करीब 3:15 बजे सिरोही पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से गांव ले जाएंगे।

01:37 PM10 जुलाई 2025

परिवार वाले शादी के लिए लड़की देख रहे थे

शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषिराज सिंह देवड़ा के परिजनों को यकीन नहीं हो रहा कि उनका लाडला अब इस दुनिया में नहीं रहा। परिवार वाले ऋषिराज की शादी के लिए लड़की देख रहे थे। शहीद ऋषिराज सिंह के पिता जसवंत सिंह होटल व्यवसायी हैं, जबकि माता भंवर कंवर गृहिणी हैं। छोटा भाई युवराज सिंह जोधपुर में 12वीं की पढ़ाई कर कर रहा है।

01:03 PM10 जुलाई 2025

शहीद के घर सुबह से लोगों का आना शुरू हो गया है

ऋषिराज के पैतृक गांव स्थित घर के सामने टेंट लगाया गया है। दोपहर बाद पार्थिव देह पहुंचेगी। प्लेन क्रैश में शहीद होने की सूचना मिलने के बाद सुबह से ही लोगों का आना शुरू हो गया है।

01:01 PM10 जुलाई 2025

शहीद के चाचा बोले- पुराना विमान था, क्या हुआ, क्या नहीं, यह जांच का विषय है

ऋषिराज के चाचा हितपाल सिंह बोले- हमें गर्व है कि देश के लिए मेरा भतीजा शहीद हुआ है। हमारा लड़का होनहार था। ये जांच का विषय है कि पुराना विमान था या क्या हुआ और क्या नहीं। पुराने विमान से ऐसे होनहार बच्चे चले जाएंगे तो..। इतना कहते हुए उनका गला रूंध गया। खुद को संभालते हुए उन्होंने कहा- ये सोचना चाहिए कि नए पायलट जो आते हैं, उन्हें इतने पुराने विमान उड़ाने के लिए दिए जाते हैं।

11:58 AM10 जुलाई 2025

तीन डॉक्टरों की टीम ने शवों का पोस्टमॉर्टम किया

बुधवार की देर रात चूरू जिला कलेक्टर के आदेश पर रतनगढ़ जिला अस्पताल में तीन डॉक्टरों की टीम ने शवों का पोस्टमाॅर्टम किया। पोस्टमाॅर्टम के बाद शव वायुसेना के अधिकारियों को सौंप दिए गए।

10:09 AM10 जुलाई 2025

12वीं के बाद नेशनल डिफेंस एकेडमी गए

पाली डेयरी फेडरेशन के अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया ने बताया- ऋषिराज सिंह शुरू से ही पढ़ाई में होशियार थे। सेना में जाकर देश सेवा करना चाहते थे। उन्होंने 12वीं तक की पढ़ाई जोधपुर से की थी। 12वीं पास करने के बाद वे पुणे गए। वहां नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) में साढ़े 3 साल का कोर्स किया। इसके बाद भारतीय वायुसेना से जुड़े और लड़ाकू विमान उड़ाने की ट्रेनिंग लेकर फाइटर पायलट बने।

10:09 AM10 जुलाई 2025

सूरतगढ़ से उड़ा था जगुआर जेट

सेना के मुताबिक, यह जगुआर फाइटर जेट श्रीगंगानगर के पास सूरतगढ़ एयरबेस से उड़ा था। यह जेट टू सीटर था, ट्रेनिंग के लिए इसका उपयोग किया जाता है। सूरतगढ़ एयरबेस से करीब 160 किलोमीटर दूर चूरू के राजलदेसर इलाके में जेट क्रैश हो गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, उन्होंने पहले विमान की गड़गड़ाहट सुनी। विमान ने अपना नियंत्रण खो दिया था। जमीन पर गिरते ही विमान के छोटे-छोटे टुकड़े हो गए और उसमें आग लग गई। जहां विमान गिरा, वहां गड्‌ढा हो गया। पेड़ भी जल गए।

इसके बाद प्रशासन को घटना की जानकारी दी गई। घटना के ठोस कारणों का पता फिलहाल नहीं चला है। अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

चूरू के राजलदेसर गांव के पास जगह-जगह प्लेन का मलबा बिखरा पड़ा है।
10:08 AM10 जुलाई 2025

फाइटर जेट क्रैश से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए…

जगुआर फाइटर जेट क्रैश में पाली के पायलट शहीद:वायुसेना में फ्लाइट लेफ्टिनेंट थे ऋषिराज सिंह; पैतृक गांव में सैन्य सम्मान से होगा अंतिम संस्कार

चूरू में वायुसेना के जगुआर फाइटर जेट क्रैश में पाली के फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषिराज सिंह देवड़ा (23) शहीद हो गए। फाइटर जेट में स्क्वॉड्रन लीडर लोकेंद्र सिंह सिंधु (44) निवासी रोहतक (हरियाणा) पायलट थे, जबकि ऋषिराज सिंह निवासी खिंवादी, सुमेरपुर (पाली) को पायलट थे। (पूरी खबर पढ़ें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024