तारिक रहमान बोले-भारत से रिश्तों में बांग्लादेश का हित जरूरी:चीन डेवलपमेंट में सहयोगी, हसीना की वापसी पर कहा- कानून अपना काम करेगा
बांग्लादेश आम चुनाव में जीत के बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) अध्यक्ष तारिक रहमान ने शनिवार को पहली बार मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने भारत-बांग्लादेश रिश्तों से जुड़े सवाल पर कहा कि हम बांग्लादेश के हितों को सबसे ऊपर रखेंगे।
रहमान ने यह भी कहा कि चीन बांग्लादेश का विकास में सहयोगी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में बांग्लादेश और चीन मिलकर काम करते रहेंगे। उनका कहना था कि दूसरे देशों की तरह चीन भी बांग्लादेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
जब उनसे पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को भारत से वापस लाने के बारे में पूछा गया, तो रहमान ने कहा कि यह पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया पर निर्भर करेगा।
रहमान बोले- SAARC को फिर एक्टिव करने की कोशिश करेंगे
तारिक रहमान ने कहा कि SAARC की शुरुआत बांग्लादेश ने की थी, इसलिए वे इसे फिर से शुरू करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद वे दूसरे देशों से बात करेंगे और संगठन को दोबारा एक्टिव करने की कोशिश करेंगे।
उन्होंने साफ कहा कि देश में कानून-व्यवस्था हर हाल में बनाए रखी जाएगी। शांति और सुरक्षा बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून सभी पर बराबर लागू होगा।
तारिक रहमान ने देशवासियों से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि रास्ते और विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन देश के हित में सभी को साथ रहना होगा। राष्ट्रीय एकता ही देश की ताकत है और बंटवारा कमजोरी।
तारिक ने कहा कि आज से देश में सच्चे अर्थों में आजादी और अधिकार बहाल हुए हैं। उन्होंने बांग्लादेश की जनता को बधाई देते हुए कहा कि लोगों ने सभी मुश्किलों को पार कर देश में लोकतंत्र की राह बनाई है।
रहमान बोले- लोगों ने डेढ़ दशक बाद जवाबदेह सरकार चुनी
BNP अध्यक्ष ने कहा कि देश अब एक नई शुरुआत करने जा रहा है, लेकिन उसे कमजोर अर्थव्यवस्था, कमजोर संविधान और खराब कानून-व्यवस्था जैसी चुनौतियों का सामना करना होगा।
तारिक रहमान ने कहा कि डेढ़ दशक से ज्यादा समय बाद जनता के सीधे वोट से ऐसी संसद और सरकार बनी है, जो लोगों के लिए जवाबदेह होगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी बुरी ताकत को दोबारा तानाशाह बनने से रोकने और देश को बचाने के लिए सभी को एकजुट रहना होगा और जनता की इच्छा का सम्मान करना होगा।
उन्होंने बताया कि इस चुनाव में कुल 51 राजनीतिक दलों ने हिस्सा लिया। रिजल्ट चाहे जो भी रहे हों, सभी पार्टियों को बधाई।
राजनीतिक दल ही लोकतंत्र की असली ताकत
तारिक ने कहा कि लोकतांत्रिक सिस्टम में राजनीतिक दल ही लोकतंत्र की असली ताकत होते हैं। अगर सरकार और विपक्ष दोनों अपनी-अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से निभाएं, तो देश में लोकतंत्र मजबूत होगा।
आखिर में उन्होंने चुनाव में हिस्सा लेने वाले सभी राजनीतिक दलों से राष्ट्र निर्माण की प्रोसेस हिस्सा लेने और सुझाव देने की अपील की।
BNP+गठबंधन ने 212 सीटें हासिल कीं
बांग्लादेश में गुरुवार को हुए आम चुनाव में BNP ने बड़ी जीत दर्ज की है। प्रथोम ओलो के मुताबिक BNP+गठबंधन ने 299 सीटों में से 212 सीटें हासिल की।
जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के गठबंधन को 77 सीटें मिलीं। देश में करीब 20 साल बाद BNP की सरकार बनेगी। 2008 से 2024 तक वहां शेख हसीना की आवामी लीग सत्ता में थी। इस जीत के साथ BNP अध्यक्ष तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना तय माना जा रहा है।
तारिक ने दो सीटों से चुनाव लड़ा था और दोनों पर जीत हासिल की है। तारिक रहमान की जीत पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘मेरे भाई तारिक, उनकी टीम और बाकी सभी को बधाई।
बांग्लादेश में 35 साल बाद कोई पुरुष प्रधानमंत्री बनेगा। 1988 में काजी जफर अहमद प्रधानमंत्री बने थे। इसके बाद 1991 से 2024 तक देश की राजनीति में पूर्व पीएम शेख हसीना और खालिदा जिया का दबदबा रहा। ये दोनों ही प्रधानमंत्री बनती रहीं। पढ़ें पूरी खबर…
