सीकर में तेंदुए ने 4 लाेगों पर हमला कर दिया। मंगलवार सुबह लेपर्ड ने एक किसान पर हमला किया था, इसके बाद से ही उसे एक खेत में ट्रेंकुलाइज करने की कोशिशें जारी थी, तभी शाम को इस घटना की रिपोर्टिंग करने डिजिटल के रिपोर्टर सुरेंद्र माथुर सहित 3 लोगों पर लेपर्ड ने पीछे से हमला कर दिया। लेपर्ड ने भास्कर रिपोर्टर के मुंह पर पंजा मारा है। सभी को घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लेपर्ड सीकर में जयपुर-झुंझुनूं बायपास स्थित कुड़ली गांव में सबसे पहले सुबह 10:45 के करीब देखा गया था। वह खेत में काम कर रहे किसान पर झपट्टा मारकर भाग गया। इसके बाद एक एक पेड़ के नीचे बैठ गया था।
घटना स्थल से करीब 30 किलोमीटर दूर ही लोहार्गल और शाकंभरी की पहाड़ियां है। संभावना है कि इन पहाड़ियों से लेपर्ड आया है। वन विभाग की टीम ने 9 घंटे की मशक्कत के बाद लेपर्ड को ट्रेंकुलाइज कर लिया है।
रिपोर्टर पर हमले से पहले लेपर्ड झाड़ियों में छुपकर बैठा था।
खेत में अचानक भागने लगा तेंदुआ, मची अफरा-तफरी
खबर को कवर करने के लिए सुरेंद्र माथुर मौके पर थे। इस दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई। लेपर्ड खेत में स्पीड में भागने लगा और अचानक पीछे से रिपोर्टर पर झपट़्टा मार दिया। तेंदुए ने रिपोर्टर के जैकेट पर झपट्टा मारा। रिपोर्टर सुरेंद्र माथुर ने जान बचाने के लिए हाथ झटका तो उनके चेहरे पर पंजा मारा और भाग गया।
रिपोर्टर सहित चार लोगों पर हमला
लेपर्ड की जैकेट को मुंह में ले लिया था। पास में ही ग्रामीण सुभाष भामू थे। उनके हाथ पर भी लेपर्ड ने पंजा मारा। दोनों जैसे-तैसे जान बचाई। खेत में भागते लोकेश (21) पर भी लेपर्ड ने हमला किया। वह दूध लेने के लिए जा रहा था। उनके भी मुंह, एक हाथ और सिर में घाव है। लेपर्ड ने खेत में रिपोर्टर सहित चार लोगों पर हमला किया
लेपर्ड के रिपोर्टर सुरेंद्र माथुर के मुंह पर पंजा मारा था।
किसान के कंधे और मुंह पर मारा पंजा
ग्रामीण अरविंद कुमार ओला ने बताया- गांव में बजरंग लाल गुर्जर एक खेत को किराए पर लेकर खेती कर रहा है। वह सुबह खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान लेपर्ड ने उस पर हमला कर दिया। घायल किसान ने बताया कि लेपर्ड अचानक आया और मुझे नीचे गिरा दिया। इसके बाद मेरे कंधे और मुंह की तरफ हमला किया। पास ही पार्क एवेन्यू होटल है, जिसके सीसीटीवी कैमरे में लेपर्ड रिकॉर्ड हुआ है।
लेपर्ड सुबह 11 बजे खेत में आया था। किसान पर हमला करने के बाद खेत में एक पेड़ के नीचे बैठ गया। उसे ट्रेंकुलाइज करने के लिए जयपुर से टीम को बुलाया गया, जो शाम करीब 4 बजे पहुंची। इसके बाद लेपर्ड साढ़े 4 बजे पेड़ के नीचे से पास के खेतों की तरफ भागा। वह 3 खेतों में छलांग लगाते हुए चौथे खेत में गया। इस खेत में ही ग्रामीण और भास्कर रिपोर्टर थे। इस दौरान अचानक लेपर्ड ने रिपोर्टर सहित चार लोगों पर पीछे से हमला कर दिया। टीम ने शाम करीब साढ़े 6 बजे लेपर्ड को ट्रेंकुलाइज कर लिया।
खेत के पास खुद के बचाव के लिए लाठियां लिए हुए लोग।
