विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की आज रविवार (18 अगस्त) को जम्मू में बैठक होगी। इसमें आगामी चुनाव में पार्टी की रणनीति और संभावित कैंडिडेट के नाम पर चर्चा हो सकती है।
केंद्रीय मंत्री और जम्मू-कश्मीर भाजपा विधानसभा चुनाव प्रभारी किशन रेड्डी, BJP नेशनल जनरल सेक्रेटरी तरुण चुघ और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह बैठक के लिए जम्मू पहुंचे हैं।
भाजपा अगले हफ्ते से जम्मू-कश्मीर में चुनाव प्रचार की शुरुआत कर सकती है। पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विधानसभा चुनाव में रैली करेंगे।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा जम्मू-कश्मीर में कुछ रीजनल पार्टी और निर्दलीय नेताओं के साथ चुनाव लड़ने की संभावना है। माना जा रहा है कि भाजपा इस बार चुनाव में 80% नए चेहरे उतारेगी।
J&K अपनी पार्टी नेता जुल्फकार अली भाजपा बैठक में शामिल होंगे
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के उपाध्यक्ष चौधरी जुल्फकार अली आज भाजपा की बैठक में भी शामिल होंगे। इससे पहले शनिवार (17 अगस्त) को चौधरी जुल्फकार अली ने गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की। अटकलें हैं कि जुल्फकार बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। जुल्फकार अली पेशे से एक वकील हैं। उन्होंने 2008 और 2014 के विधानसभा चुनावों में PDP के टिकट पर राजौरी जिले की दरहाल विधानसभा से चुनाव लड़ा था। दोनों में जीत हासिल हुई थी।
जम्मू-कश्मीर में तीन फेज में होगी वोटिंग
इलेक्शन कमीशन ने 16 अगस्त को जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया है। राज्य में तीन फेज में वोटिंग होगी। यहां विधानसभा की कुल 90 सीटें हैं। बहुमत का आंकड़ा 46 है। चुनाव आयोग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में चुनाव के पहले फेज के लिए गजट नोटीफिकेशन 20 अगस्त से शुरू हो जाएगा। पहले फेज के नॉमीनेशन के लिए आखिरी तारीख 27 अगस्त होगी।
जम्मू-कश्मीर: नई सरकार का कार्यकाल 6 साल की जगह 5 साल का होगा
सुप्रीम कोर्ट ने 30 सितंबर 2024 तक जम्मू कश्मीर में चुनाव कराने का आदेश दिया था। राज्य से अनुच्छेद 370 हटने के बाद ये पहला विधानसभा चुनाव होगा। केंद्र सरकार ने 5 अगस्त 2019 को आर्टिकल 370 हटाया था। इसके बाद से यहां LG मनोज सिन्हा प्रशासक हैं। चुनाव के बाद नई सरकार का कार्यकाल 6 साल की जगह 5 साल का होगा।
