सीनियर आईएएस अफसर राजेश कुमार सिंह नए रक्षा सचिव होंगे। वे मौजूदा रक्षा सचिव अरमानी गिरधर की जगह लेंगे, जो 31 अक्टूबर को रिटायर हो रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव को स्वास्थ्य व परिवार कल्याण सचिव नियुक्त किया गया है।
केंद्रीय कैबिनेट की अपॉइंटमेंट कमेटी (ACC) ने शुक्रवार (16 अगस्त) को सेक्रेटरी लेवल के अफसरों के विभाग बदले हैं। प्रेस रिलीज के जरिए 15 से ज्यादा अफसरों की नई नियुक्ति की जानकारी दी गई है।
किस अधिकारी को कौन सा विभाग मिला
1989 बैच के अधिकारी हैं राजेश सिंह
राजेश सिंह केरल कैडर के 1989 बैच के अधिकारी है। वे केंद्र सरकार में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, कृषि समेत कई अन्य विभागों में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। राजेश अभी डिपार्टमेंट फॉर प्रमोशन ऑफ इंडस्ट्री एंड इंटरनल ट्रेड के सचिव हैं।
उन्हें रक्षा मंत्रालय में ओएसडी के रूप में नियुक्त किया गया है। कैबिनेट की अपॉइंटमेंट कमेटी (ACC) ने राजेश सिंह की रिटायरमेंट की उम्र के बाद भी उनकी सर्विस 31 अक्टूबर, 2026 तक के लिए बढ़ाने की मंजूरी दे दी है।
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय में एडिशनल सेक्रेटरी अमरदीप सिंह भाटिया राजेश सिंह की जगह पर डिपार्टमेंट फॉर प्रमोशन ऑफ इंडस्ट्री एंड इंटरनल ट्रेड के सचिव होंगे।
30 सितंबर को पद संभालेंगी पुण्य सलिला
पुण्य सलिला अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश (AGMUT) कैडर के 1993 बैच की IAS अधिकारी हैं। पुण्य सलिला 30 सितंबर को अपूर्वा चंद्रा के रिटायर होने के बाद स्वास्थ्य सचिव का पद संभालेंगी।
नागराजू मद्दीराला होंगे वित्तीय सेवा सचिव
IAS अधिकारी नागराजू मद्दीराला को वित्तीय सेवा सचिव, वित्तीय सेवा सचिव विवेक जोशी को डीओपीटी सचिव नियुक्त किया गया है। अल्पसंख्यक मामलों के सचिव कटिकिथला श्रीनिवास अगले आवास और शहरी मामलों के सचिव होंगे।
श्रीनिवास की जगह पंचायती राज मंत्रालय में विशेष सचिव चंद्र शेखर कुमार नए अल्पसंख्यक मामलों के सचिव होंगे। दीप्ति उमाशंकर को देश के राष्ट्रपति के नए सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है।
दो अधिकारियों को इन-सीटू अपग्रेडेशन मिला
ACC ने सेक्रेटरी के पद और वेतन में विशेष सचिव के स्तर पर दो अधिकारियों के इन-सीटू अपग्रेड को भी मंजूरी दे दी है। उनमें चेन्नई पोर्ट ट्रस्ट के चेयरमैन के रूप में तमिलनाडु कैडर के सुनील पालीवाल शामिल और डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन के डायरेक्टर जनरल रूप में AGMUT कैडर के विक्रम देव दत्त शामिल हैं।
