Headlines

वायनाड लैंडस्लाइड, तबाह घरों में चोरी हो रही:अब तक 365 मौतें, 206 लापता; केरल के CM बोले- पुनर्वास के लिए टाउनशिप बनाएंगे

वायनाड लैंडस्लाइड, तबाह घरों में चोरी हो रही:अब तक 365 मौतें, 206 लापता; केरल के CM बोले- पुनर्वास के लिए टाउनशिप बनाएंगे

वायनाड5 मिनट पहले
वायनाड लैंडस्लाइड के छठे दिन भी सर्च ऑपरेशन जारी है। 206 लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

केरल के वायनाड में 29-30 जुलाई की रात भारी बारिश के बाद हुए लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या 365 पहुंच गई है। इनमें 30 बच्चे शामिल हैं। हादसे के छठे दिन बाद भी आज रविवार (4 अगस्त) को सर्च ऑपरेशन जारी है। 206 लोग अब भी लापता हैं।

केरल के CM पी. विजयन ने शनिवार को कहा- वायनाड लैंडस्लाइड में घर-जमीन खो चुके लोगों के पुनर्वास के लिए सरकार एक टाउनशिप बनाएगी। यहां लैंडस्लाइड प्रभावित इलाके में बचे हुए लोगों को बसाया जाएगा। राहुल गांधी और कर्नाटक सरकार ने भी लैंडस्लाइड पीड़ितों के लिए 100 घर बनाने का ऐलान किया है।

इधर, PTI के मुताबिक लैंडस्लाइड के बाद रिलीफ कैंप में रह रहे लोगों का कहना है कि उनके घरों में चोरियां हो रही हैं। कुछ लोग रात के समय आकर घरों से कीमती सामान चुरा रहे हैं। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद अब पुलिस चोरों को पकड़ने के लिए पेट्रोलिंग कर रही है।

घटनास्थल को मैप से समझें..

सर्च ऑपरेशन के छठवें दिन के अपडेट्स

  • लैंडस्लाइड के छठे दिन बाद आज रविवार को सुबह 7 बजे से सर्च ऑपरेशन शुरू हो गया है। छह टीमों में शामिल 1264 लोग मुंडक्कई, चुरालमाला और सामलीमट्टम में सर्च ऑपेरशन चला रहे हैं। मुख्यमंत्री विजयन ने शनिवार को कहा था कि रेस्क्यू ऑपरेशन अंतिम चरण में है।
  • मौसम विभाग ने आज केरल के 6 जिलों कासरगोड, कन्नूर, वायनाड, कोझिकोड, इडुक्की और कोट्टायम में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
  • केरल के मंत्री एके ससींद्रन ने रविवार को कहा- हमने लैंडस्लाइड प्रभावित इलाके को 6 जोन में बांटा है। हर जोन में 40 लोगों की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है। इसके लिए स्थानीय लोगों की भी मदद ली जा रही है।
  • लैंडस्लाइड प्रभावित इलाकों में लापता और दबे हुए लोगों को खोजने के लिए रडार की मदद ली जा रही है। यह रडार जमीन के अंदर 80 मीटर तक की गहराई में इंसानों के फंसे होने का पता लगाता है। सेना इस रडार का इस्तेमाल बर्फीले इलाकों खासकर सियाचिन, लद्दाख में एवलांच के बाद सर्चिंग के लिए करती है।
  • सेना ने 1 अगस्त को मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा गांवों में रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म होने की जानकारी दी थी। अब सिर्फ मलबे में दबे शवों को ढूंढने का काम चल रहा है। कई जगह जमीन के अंदर मलबे में 20 से 30 फीट तक शवों के दबे होने की आशंका है।

लाइफलाइन रही चलियार नदी में अब तक मिले 205 शव
केरल की चलियार नदी से शनिवार को रेस्क्यू टीमों ने 3 शव और 13 लोगों के शरीर के टुकड़े बरामद हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, अब तक चलियार नदी से कुल 205 शव मिल चुके हैं। इनमें 73 शव और 132 शरीर के टुकड़े हैं। 198 शवों का पोस्टमार्टम हो चुका है और 195 को वायनाड भेज दिया है।

30 जुलाई की लैंडस्लाइड के बाद चलियार नदी तबाही का प्रतीक बन गई है। इससे पहले 169 किमी लंबी नदी वायनाड, मलप्पुरम और कोझिकोड जिले के लोगों के लिए लाइफलाइन रही है। नेवी, पुलिस, फायर, रेस्क्यू और NDRF की टीमों का चलियार नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है।

रेस्क्यू ऑपरेशन की तस्वीरें…

सेना ने चूरलमाला और मुंडक्कै को जोड़ने के लिए 190 फीट लंबे बेली पुल बनाया। इससे रेस्क्यू मशीनरी गुजर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024