Headlines

देश का मानसून ट्रैकर:जम्मू-कश्मीर में बादल फटा, श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे बंद; MP-राजस्थान में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट

देश का मानसून ट्रैकर:जम्मू-कश्मीर में बादल फटा, श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे बंद; MP-राजस्थान में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट

नई दिल्ली1 घंटे पहले
जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले के कंगन इलाके में शनिवार (3 अगस्त) रात बादल फटा।

जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले के कंगन इलाके में शनिवार (3 अगस्त) रात में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। इसमें कई गाड़ियां मलबे में दब गईं। घरों को भी नुकसान पहुंचा है। श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे बंद हो गया है। इससे कश्मीर घाटी लद्दाख से कट गई है।

पदवबल के पास श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमुरी रोड और अमरनाथ यात्रा के लिए बालटाल बेस कैंप का रास्ता भी बंद हो गया है। कवचरवान, चेरवा और पडबल गांव सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। अभी किसी जनहानि की खबर नहीं है।

पुलिस ने बताया कि बादल फटने से आई बाढ़ के कारण घरों-गाड़ियों को नुकसान हुआ है।

MP-राजस्थान में भारी बारिश का रेड अलर्ट
दूसरी तरफ, IMD ने मध्य प्रदेश और राजस्थान में आज भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश में पिछले 3 दिन से लगातार तेज बारिश का दौर जारी है। इस वजह से 10 बड़े डैम फुल हो गए हैं। राज्य में 21 जून को मानसून की एंट्री के बाद से अब तक 58% यानी 21.6 इंच बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से 2.6 इंच ज्यादा है।

राजस्थान में मानसून सीजन में अब तक 21% ज्यादा बरसात हो चुकी है। राज्य में आमतौर पर 1 जून से 3 अगस्त तक 231.3MM औसत बरसात होती है, जबकि इस सीजन में अब तक 280.6MM बरसात हाे चुकी है।

हिमाचल में बादल फटने के चौथे दिन रेस्क्यू-सर्च जारी
हिमाचल प्रदेश में बीते कुछ दिनों में बादल फटने की घटनाओं के कारण 114 सड़कें बंद हैं। मौसम विभाग ने राज्य में 7 अगस्त तक भारी बारिश का अनुमान जताया है और यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य में 27 जून से 1 अगस्त के बीच बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड में 79 लोगों की मौत हुई है।

रामपुर के समेज में 1 अगस्त को बादल फटने से 9 लोगों की मौत हो गई। 45 लोग लापता हैं। इनकी तलाश के लिए रविवार (4 अगस्त) को चौथे दिन रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन जारी है। भारतीय सेना ने प्रभावित इलाकों तक पहुंचने के लिए एक अस्थायी पुल का निर्माण किया है।

कमांडेंट होमगार्ड आर.पी. नेप्टा ने बताया कि मलबा और चट्टान हटाने के लिए JCB का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। NDRF, CISF और भारतीय सेना मौके पर मौजूद हैं। अब तक 3 शव बरामद हुए हैं, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो पाई है। अब तक की जानकारी के मुताबिक यहां 36 लोग लापता हैं।

महाराष्ट्र में रेड-ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार (4 अगस्त) के लिए महाराष्ट्र के पालघर, पुणे, सतारा के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया है। ठाणे, नासिक, मुंबई, रायगढ़, सिंधुदुर्ग में ऑरेंज अलर्ट है। पालघर में शनिवार (3 अगस्त) को नदी पार करते वक्त 21 साल का युवक पानी में बह गया। उसके दोस्त ने किसी तरह अपनी जान बचाई। युवक की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों को नदी, नालों, समुद्र, झरने, तालाब के पास जाने से मना किया है।

झारखंड में पुल ढहा
झारखंड के बोकारो जिले के ललपनिया और डुमरी बिहार स्टेशन को जोड़ने वाला ढेंढे घाट पुल शनिवार (3 अगस्त) की सुबह ढह गया। पुल से गिरने के कारण एक बुजुर्ग लापता है।वे उस समय पुल पार कर रहे थे, तभी बीच का स्लैब ढह गया। बुजुर्ग की तलाश की जा रही है।

22 राज्यों में आज जारी रहेगा बारिश का दौर
IMD ने आज उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, गोवा, पंजाब, हरियाणा, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, असम, मेघालय, केरल, तमिलनाडु राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024