नौतपा का आज दूसरा दिन है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात के लिए हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है।
नौतपा के पहले दिन, यानी 25 मई को राजस्थान में गर्मी से 5 लोगों की मौत हो गई। यहां पिछले 3 दिनों में 22 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य का फलोदी देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 50 डिग्री दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लोगों को गर्मी से बचाने के लिए ट्रैफिक सिग्नल की टाइमिंग आधी की गई है। यानी जहां सिग्नल 60 सेकेंड रेड रहता था, वहां 30 सेकेंड ही रेड रहेगा।
महाराष्ट्र के अकोला में 45 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। यह राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। जिला कलेक्टर ने पब्लिक गैदरिंग रोकने के लिए शहर में धारा 144 लगाई है।
बंगाल की खाड़ी में उठा तूफान रेमल आज पश्चिम बंगाल से टकराएगा। मौसम विभाग ने देश के पूर्वोत्तर इलाके और बांग्लादेश के तटीय इलाकों के लिए तूफान की चेतावनी जारी की है।

रेमल तूफान के दौरान 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी
रेमल तूफान आने के दौरान समंदर में 1 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं, जिससे पश्चिम बंगाल के निचले तटीय इलाकों में बाढ़ आने की संभावना है।
IMD के मुताबिक, तूफान रेमल के लैंडफॉल के दौरान करीब 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
तेज हवाओं की चेतावनी के चलते कोलकाता एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने 26 मई दोपहर 12 बजे से 27 मई सुबह 9 बजे तक की सभी उड़ानों को सस्पेंड कर दिया गया है।
