Headlines

मोदी बोले- लैंड फॉर जॉब स्कैम वालों का काउंटडाउन शुरू:बिहार में कहा- लालटेनियों ने अपना घर रोशन किया; सभी शहजादे अब छुट्‌टी पर जाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार 25 मई को पटना, काराकाट और फिर बक्सर में चुनावी सभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने सुबह 11 बजे पटना के बिक्रम में रामकृपाल यादव के समर्थन में सभा की। इस दौरान उन्होंने इंडी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। पीएम ने कहा कि लालटेनियों ने पूरे बिहार को अंधेरे में रखा, सिर्फ अपने परिवार के लोगों को रोशनी पहुंचाई।

इसके बाद प्रधानमंत्री करीब डेढ़ बजे काराकाट पहुंचे। यहां उपेंद्र कुशवाहा के लिए उन्होंने वोट मांगा। इस दौरान उन्होंने लालू और तेजस्वी यादव पर बड़ा हमला बोला। पीएम ने कहा कि बिहार के लोगों से नौकरी के बदले जमीन लेने वाले लोगों का जेल का काउंटडाउन शुरू हो गया है। हेलिकॉप्टर का चक्कर खत्म होते ही इनके लिए जेल का रास्ता खुल जाएगा।

इसके बाद पीएम करीब 3 बजे बक्सर पहुंचे। यहां बीजेपी कैंडिडेट मिथिलेश तिवारी के समर्थन में उन्होंने सभा की। पीएम वे कहा कि आज की वोटिंग के बाद इंडी गठबंधन के गुब्बारे की सारी हवा निकल चुकी है। अब साफ दिखता है सारे शहजादों का शटर गिरने वाला है।

बिहार के शहजादे अब आराम से जमानत, अमानत का काम देखेंगे। कांग्रेस के शहजादे ने भी छुट्टियों की तैयारी शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश के शहजादे को सदमा लगने वाला है, उन्होंने कहा कि बनारस में मोदी चुनाव हारने वाला है और उत्तर प्रदेश की 80 की 80 सीटें INDI गठबंधन जीत रहा है। अब पता नहीं यह बार-बार साइकिल पंक्चर होने का सदमा है या कांग्रेस के शहजादे की संगत का असर है।

कांग्रेस देश को अपनी जायदाद समझती है। कहते हैं शहजादे ही इकलौते प्रधानमंत्री हैं। आरजेडी वाले कहते हैं 5 साल में 5 प्रधानमंत्री बनाएंगे। भ्रष्टाचार इनके अंदर इस तरह बैठा है कि ये उसे नोटों की गड्‌डी समझते हैं। देश को लूटो और आपस में बांट लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024