Headlines

इन लोगों ने मेरा इंसुलिन बंद कर दिया, मेरा कसूर क्या है… रोड शो में बोले अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जेल से रिहा होने के बाद पहली बार रोड शो कर रहे हैं. दिल्ली के महरौली में रोड शो के जरिए पार्टी उम्मीदवार के लिए वोट मांग रहे हैं. रोड शो के दौरान केजरीवाल ने इशारों ही इशारों में बीजेपी पर जमकर हमला बोला. दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि कल सुप्रीम कोर्ट में एक चमत्कार हुआ जिसकी वजह से मैं आपके बीच में हूं. जेल से सीधा आपके बीच आया हूं.

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए आगे कहा कि मैं बहुत छोटा आदमी हूं, ये लोग बहुत ताकतवर हैं. मेरा कसूर ये है कि मैंने दिल्ली के स्कूल अच्छे कर दिए. अस्पताल में फ्री इलाज की व्यवस्था कर दी, लेकिन जब मैं तिहाड़ गया तब 15 दिनों के लिए मेरी दवा बंद कर दी. मेरा इंसुलिन बंद कर दिया. ये लोग दिल्ली सरकार को ठप करना चाहते हैं. इन लोगों ने तो मनीष सिसोदिया को भी जेल भेज दिया. उसे तो देश का शिक्षा मंत्री बना देने चाहिए था.

रोड शो में मौजूद लोगों से केजरीवाल ने कहा कि मुझे आप लोगों का साथ चाहिए. देश में तानाशाही चल रही है. इसी तानाशाही के खिलाफ लड़ना है. बहुत बड़े-बड़े तानाशाह आए इस देश में और चले गए. हमें देश को तानाशाही से बचाना है. इस बार के चुनाव में बीजेपी को बहुमत नहीं मिल रहा है. कई राज्यों में इनकी सीटें कम हो रही हैं. पंजाब से इनका सफाया तय है. 4 जून को इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी. हम दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिला कर रहेंगे, बस आप दिल्ली की सभी सातों सीटें इंडिया गठबंधन को दे दीजिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024