Headlines

PM के रोड शो के लिए पूरी काशी को निमंत्रण:10 लाख लोगों को बुलाने का टारगेट; 4 मंत्री, 3 सांसद और 14 विधायक उतरे

PM के रोड शो के लिए पूरी काशी को निमंत्रण:10 लाख लोगों को बुलाने का टारगेट; 4 मंत्री, 3 सांसद और 14 विधायक उतरे

वाराणसी5 मिनट पहलेलेखक: अमरमणि त्रिपाठी
वाराणसी की गलियों में रोड शो के लिए लोगों को आमंत्रण पत्र बांटते भाजपा नेता।

वाराणसी में PM नरेंद्र मोदी 14 मई को नामांकन से पहले 13 मई को रोड शो करेंगे। 6 किमी के रोड शो में 10 लाख लोगों को बुलाने का टारगेट है। इसके लिए पूरी काशी को निमंत्रण पत्र दिया जा रहा है। 25 टीमें बनाई गई हैं। इन टीमों को यूपी सरकार के 4 मंत्री, 3 सांसद और 14 विधायक लीड कर रहे हैं।

भाजपा संगठन के बड़े लीडर पूरी ताकत लगाए हुए हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज रोड शो की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

सबसे ज्यादा भीड़ दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र यानी श्रीकाशी विश्वनाथ इलाके में जुटाई जाएगी। माहौल बनाने के लिए 9 मई से गंगा के दशाश्वमेध घाट पर एक हजार ड्रोन से काशी के विकास, बड़े प्रोजेक्ट और मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट को दिखाया जा रहा है।

मोदी बीएचयू गेट पर मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शाम 4 बजे से रोड शो शुरू करेंगे।

इस पूरे आयोजन को खुद भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल देख रहे हैं। यह पहली बार होगा, जब काशी में रोड शो के लिए आम लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है।

इस रोड शो को खास बनाने के लिए सांसद, विधायक, कैबिनेट मंत्री, राज्यमंत्री, एमएलसी, प्रवासी प्रभारी, काशी क्षेत्र के पदाधिकारी और वाराणसी क्षेत्र के पदाधिकारियों की टीमें बनाई हैं।

इन 25 टीमों को वाराणसी शहर दक्षिणी, शहर उत्तरी, कैंट, रोहनियां, सेवापुरी में लगाया गया है। इनके साथ मंडल अध्यक्षों की टीम, बूथ अध्यक्षों की टीम, शक्ति केंद्र संयोजकों की टीम समेत प्रमुख कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है।

ये है निमंत्रण पत्र

सभी टीमें घर-घर जाकर लोगों को पीएम मोदी के रोड शो को ऐतिहासिक बनाने की अपील कर रही हैं। इन टीमों को बनारस के 5 लाख घरों तक पहुंचने और 10 लाख लोगों को बुलाने का टारगेट रखा गया है।

नए ट्रेंड पर पीएम के मेगा शो में मिनी भारत नजर आएगा, गंगा किनारे बसे विभिन्न समाज के लोग अपनी संस्कृति के साथ स्वागत करेंगे। इससे पीएम देश-दुनिया को एक भारत-श्रेष्ठ भारत का संदेश देंगे।

वाराणसी के आदि विश्वेश्वर वार्ड में लोगों को प्रधानमंत्री के रोड शो का आमंत्रण देते पूर्व मंत्री और विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी।

मंदिरों, मठों और संस्थाओं की भागीदारी
प्रधानमंत्री के रोड-शो के लिए मंत्री-विधायक मठ, मंदिर, धार्मिक स्थलों, सामाजिक संगठन, समाज विशेष और संस्थाओं के सदस्यों, समूह से भी संवाद कर रहे हैं। संगठनों से बैठक के बाद सबकी जिम्मेदारी भी तय की जा रही है। बूथ समिति के सदस्यों के साथ सभी जनप्रतिनिधि और पार्टी के नेता घर-घर जाकर काशीवासियों को रोड शो में आने का निमंत्रण देंगे।

प्रचार वाहनों से भी काशीवासियों को रोड शो का संदेश

लोकसभा समन्वयक एमएलसी अश्वनी त्यागी के नेतृत्व में 11 प्रचार वाहनों को शहर में लगाया गया है। इन पर पीएम के रोड-शो की होर्डिंग्स, पार्टी के झंडे, बैनर लगे हैं।

इन वाहनों को बनारस के प्रमुख चौराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, घाट और मंदिरों के पास खड़ा कर काशीवासियों को रोड शो के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।

2014-19 में भी पीएम ने भी किया था रोड शो
पीएम मोदी ने 24 अप्रैल, 2014 को नामांकन के दिन रोड शो किया था। रोड शो मलदहिया चौराहे से कलेक्ट्रेट तक निकला था। 2019 में 26 अप्रैल को नामांकन किया था। उससे 1 दिन पहले 25 अप्रैल को रोड शो किया था। यह रोड़ शो BHU से शुरू होकर काशी विश्वनाथ मंदिर पर खत्म हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024