ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के पीएस संजीव लाल, उसके सहायक जहांगीर आलम की गिरफ्तारी के बाद ED बड़ा एक्शन ले सकती है। सूत्रों की मानें तो ED मंत्री आलमगीर को भी समन करने की तैयारी में है।
खबर है कि ED अब बड़हरवा टेंडर विवाद से लेकर वीरेंद्र राम प्रकरण तक में मंत्री आलमगीर आलम की भूमिका तलाशेगी। वहीं आलमगीर आलम के मामले में कांग्रेस पार्टी की ओर से भी किसी तरह का बयान जारी नहीं किया गया है।
इधर आज इस मामले में संजीव लाल की पत्नी रीता लाल से ED पूछताछ कर रही है। वो दोपहर 12 बजे ईडी ऑफिस पहुंची हैं। बुधवार की देर रात उन्हें समन भेजा गया था।
बता दें कि ईडी ने 6 मई को मंत्री के पीएस, उसके सहायक समेत अन्य के ठिकाने पर छापेमारी की थी। 7 मई को भी संजीव लाल के करीबी के ठिकानों पर रेड पड़ी थी। वहीं कल ED की टीम संजीव लाल को साथ लेकर सचिवालय पहुंची थी, वहां पीएस के ऑफिस में 5 घंटे जांच हुई थी।
आज से रिमांड पर भी पूछताछ
ED के अधिकारियों को संजीव लाल और उसके सहायक जहांगीर आलम की रिमांड मिली हुई है। आज से उनसे भी पूछताछ की जाएगी। गिरफ्तारी और फिर कोर्ट में पेश किए जाने के बाद बुधवार को संजीव लाल को सचिवालय ले जाया गया था।
सचिवालय में सेकेंड फ्लोर के कमरा नंबर 217 को लगभग पांच घंटे तक खंगाला गया। इस दौरान कई कमीशन और टेंडर से जुड़े दस्तावेज तो ED ने खंगाले ही, साथ ही संजीव लाल के ड्रॉवर से कुल 175000 रुपए बरामद हुए हैं। इसके अलावा 28000 रुपए के 500 के पुराने नोट मिले हैं।
आज जारी हो सकता है सस्पेंशन लेटर
गिरफ्तारी के बाद संजीव लाल को सस्पेंड करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कार्मिक विभाग के सूत्र बता रहे हैं कि सस्पेंशन को लेकर सीएम की सहमति के लिए पत्र भेजा गया है। ऐसी संभावना है कि आज अगर सीएम की सहमति मिल जाती है तो सस्पेंशन लेटर आज ही जारी कर दिया जाएगा। नियम के मुताबिक अगर कोई सरकारी सेवक 24 घंटे से अधिक समय तक हिरासत में रहता है तो उसे निलंबित करने का प्रावधान है।
