Headlines

कर्नाटक में PM बोले- न रुकूंगा, न थकूंगा, न झुकूंगा:ये मोदी की गारंटी है, इसे आप 10 साल से देख रहे हैं

कर्नाटक में PM बोले- न रुकूंगा, न थकूंगा, न झुकूंगा:ये मोदी की गारंटी है, इसे आप 10 साल से देख रहे हैं

बेंगलुरु5 मिनट पहले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार 28 अप्रैल को कर्नाटक के बेलगावी, उत्तर कन्नड़, दावणगेरे और बेल्लारी में सभा की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार 28 अप्रैल को कर्नाटक दौरे पर थे। उन्होंने बेलगावी, उत्तर कन्नड़, दावणगेरे और बेल्लारी में सभाएं की। प्रधानमंत्री ने दावणगेरे में कहा कि न रुकूंगा, न थकूंगा और न झुकूंगा। ये मोदी की गारंटी है। आप ये सब 10 साल से देख रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने ये भी कहा- कांग्रेस के शहजादे को हमारे राजा-महाराजाओं के योगदान याद नहीं आते। ये वोटबैंक की राजनीति के लिए राजा-महाराजाओं के खिलाफ बोलने की हिम्मत करते हैं और नवाबों, बादशाहों और सुल्तानों के खिलाफ एक शब्द बोलने की ताकत नहीं है। कांग्रेस को देश की उपलब्धियां अच्छी नहीं लगती। कोरोना वैक्सीन पर भी सवाल उठाए थे।

उन्होंने कहा- तुष्टिकरण ही कांग्रेस का लक्ष्य और मिशन है। PFI एक राष्ट्र विरोधी संगठन जिसे हमारी सरकार ने प्रतिबंधित कर दिया था, कांग्रेस अपने राजनीतिक फायदे के लिए एक माध्यम के रूप में इसका इस्तेमाल कर रही है। वायनाड (राहुल गांधी की संसदीय सीट) में सिर्फ एक सीट जीतने के लिए कांग्रेस ऐसे आतंकी संगठन का बचाव करने में जुटी है।

मोदी की स्पीच के 10 पॉइंट…

1. कोरोना वैक्सीन से लेकर EVM तक हर चीज पर सवाल उठाए
भारत जब मजबूत होता है तो हर भारतीय खुश होता है लेकिन कांग्रेस देशहित से इतना दूर हो चुकी है कि उसे देश की उपलब्धियां अच्छी नहीं लगती। भारत की हर सफलता पर उन्हें शर्म आने लगी है। उन्होंने EVM के बहाने पूरी दुनिया में भारत को बदनाम करने की कोशिश की।

2. हुबली कॉलेज में हत्या हुई, कांग्रेस ने यहां भी तुष्टिकरण किया
PM ने हुबली के एक कॉलेज में 18 अप्रैल को कांग्रेस पार्षद की बेटी नेहा की हत्या की भी चर्चा की। नेहा को सरेआम फयाज ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। उन्होंने कहा- हुबली में कॉलेज कैंपस में जो हुआ उसने देश में भूचाल ला दिया है, उस बेटी का परिवार एक्शन की मांग करता रहा लेकिन कांग्रेस की सरकार तुष्टिकरण के दबाव को ही प्राथमिकता देती है। उन्हें अपने वोट बैंक की चिंता है।

3. कांग्रेस ने बेंगलुरु कैफे ब्लास्ट को कह दिया सिलेंडर फटा होगा
प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु के कैफे में हुए बम धमाके का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा- बेंगलुरु के कैफे में धमाका हुआ तो भी कांग्रेस की सरकार में गंभीरता नहीं आई, उन्होंने यहां तक कह दिया कि गैस का सिलेंडर फटा होगा। कांग्रेस देश की जनता के आंखों में धूल क्यों झोंक रही है?

4. कांग्रेस के शहजादे हमारे राजा-महाराजाओं को अत्याचारी कहते हैं
कांग्रेस के शहजादे का कहना है कि भारत के राजा, महाराजा अत्याचारी थे, वे गरीबों की जमीन छीन लेते थे। कांग्रेस के शहजादे ने छत्रपति शिवाजी महाराज, रानी चिनम्मा का अपमान किया है। कांग्रेस के शहजादे का बयान सोच-समझकर वोट बैंक की राजनीति करने के लिए, तुष्टीकरण के लिए दिया गया बयान है।

5. औरंगजेब ने हमारे मंदिरों को तोड़ा, कांग्रेस उनके समर्थक पार्टियों के साथ
कांग्रेस को औरंगजेब के अत्याचार याद नहीं आते, जिसने हमारे सैकड़ों मंदिरों को तोड़ा, अपवित्र किया। कांग्रेस औरंगजेब की गुणगान करने वाली पार्टियों के साथ खुशी से गठबंधन करती है। ये भूल गए, जिन्होंने हमारे तीर्थों को तहस-नहस किया, लूटपाट किया, गौ हत्याएं की।

6. कांग्रेस की नजर स्त्री धन पर, ये एक्स-रे कराने की योजना बना रहे
हम देश की महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीबों को सशक्त बनाने के लिए काम कर रहे हैं। और दूसरी ओर, कांग्रेस आपकी संपत्ति, आपके सोने, स्त्री धन, मंगलसूत्र और न जाने क्या-क्या का ‘एक्स-रे’ कराने की योजना बना रही है। कांग्रेस का लक्ष्य आपके घरों पर छापे मारना और आपके अधिकारों और संपत्तियों को छीनना है।

7. आपकी संपत्ति को अपने पसंदीदा वोट बैंक में बांटने की बात करती है
कांग्रेस आपकी संपत्ति को अपने पसंदीदा वोट बैंक में बांटने की बात करती है। क्या आप अपनी मेहनत की कमाई किसी को दे देना चाहेंगे? क्या आप कांग्रेस को अपना मंगलसूत्र हड़पने देंगे? नहीं! क्या कोई ‘पंजा’ आपकी संपत्ति लूट सकता है? नहीं। मैं कांग्रेस को सचेत करना चाहता हूं – ये मंसूबे छोड़ दीजि

8. दस साल में हमने ईज ऑफ लिविंग के लिए काम किया
पिछले 10 वर्षों में भाजपा, NDA सरकार ने देश के नागरिकों की ईज ऑफ लिविंग के लिए बहुत काम किया है। इसका बड़ा उदाहरण भारतीय न्याय संहिता है, कांग्रेस मानसिक रूप से अंग्रेजों की गुलामी में ही जी रही थी। अब भारत में न्याय संहिता में दंड को नहीं, बल्कि न्याय देने को प्राथमिकता दी गई है।

9. इस सरकार को कोई झुका नहीं सकता
भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है, कुछ देशों को ये पसंद नहीं आ रहा। वे यही चाहते हैं कि सरकार कमजोर हो। कमजोर सरकार में ये लोग अपने हिसाब से जो भी काम निकलवाना होता है, बिना झिझक निकाल लेते हैं। कांग्रेस को भी इसमें करप्शन की खुली छूट रहती थी। तुम भी कमाओ, मैं भी कमाऊं। भाजपा की मजबूत सरकार ऐसे लोगों के लिए बहुत बड़ी चुनौती बन गई है। उनकी चिंता ये है कि ये ऐसी सरकार है, जो झुकती नहीं है। ये ऐसी सरकार है, जिसे कोई झुका नहीं सकता।

10. कांग्रेस अब हार का भाषण ड्राफ्ट कर रही
ये (कांग्रेस, विपक्ष) पहले जब भी हार जाते थे तो EVM की टोपी पहना देते थे। चुनाव आते ही दिन-रात EVM की माला जपते रहते थे। अब परसों (26 अप्रैल को) सुप्रीम कोर्ट ने ऐसा चांटा मारा कि वे असमंजस में हैं कि अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को सांत्वना देने के लिए क्या कहेंगे…। अब पूरी कांग्रेस इसकी ड्राफ्टिंग में लगी है कि चुनाव हार जाएं तो क्या बयान देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024