Headlines

देवगौड़ा के बेटे-पोते के खिलाफ यौन शोषण का केस:घर में खाना बनाने वाली महिला ने एचडी रेवन्ना और प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ शिकायत की

देश के पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के बेटे एचडी रेवन्ना और पोते प्रज्वल रेवन्ना पर रविवार को सेक्शुअल हैरेसमेंट का केस दर्ज हुआ है। एचडी रेवन्ना कर्नाटक सरकार में पूर्व मंत्री रह चुके हैं, जबकि प्रज्वल रेवन्ना हासन लोकसभा सीट से सांसद हैं और JDS उम्मीदवार भी हैं।

ये केस उनकी महिला बावर्ची की शिकायत पर होलेनरसीपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि वह एचडी रेवन्ना की पत्नी भवानी की रिश्तेदार है। जब उसने रेवन्ना परिवार में खाना बनाने का काम शुरू किया, तो उसके चार महीने बाद रेवन्ना ने उसका शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया था। वहीं, प्रज्वल उसकी बेटी को कॉल करके गंदी बातें करता था।

महिला ने अपनी शिकायत में ये भी कहा है कि उसके और उसके परिवार की जिंदगी को खतरा है। इधर, प्रज्वल रेवन्ना शनिवार सुबह जर्मनी के लिए रवाना हो गए।

साल 2019 में प्रज्वल रेवन्ना हासन लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। वे तीसरे सबसे कम उम्र (29) के सांसद बने थे।

प्रज्वल रेवन्ना का नाम सेक्स स्कैंडल में भी आया, SIT जांच होगी
प्रज्वल रेवन्ना का नाम एक सेक्स स्कैंडल में भी आया है। कर्नाटक में लोकसभा चुनाव से ठीक दो दिन पहले सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो वायरल हुए। शनिवार (27 अप्रैल) को राज्य के सीएम सिद्धारमैया ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) के गठन का आदेश दिया।

सीएम ने एक्स पर लिखा, “सरकार ने प्रज्वल रेवन्ना अश्लील वीडियो मामले के संबंध में एक विशेष जांच दल बनाने का फैसला किया है। हासन जिले में अश्लील वीडियो क्लिप प्रसारित हो रहे हैं, जहां ऐसा प्रतीत होता है कि महिलाएं यौन शोषित हैं।”

कर्नाटक राज्य महिला आयोग ने 26 अप्रैल को सीएम से मामले की जांच के लिए विशेष दल बनाने की मांग की थी।

JD(S) लीडर, कर्नाटक के पूर्व CM और प्रज्वल के चाचा एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि अगर प्रज्वल दूसरे देश भाग गए हैं, तो कर्नाटक सरकार की गठित की गई SIT उन्हें वापस लाएगी। इस मामले से पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है।

मामले में FIR की गई दर्ज
JDS और भाजपा दोनों के चुनाव एजेंट पूर्णचंद्र तेजस्वी एमजी ने अश्लील वीडियो-फोटो के इस मामले में पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा है कि नवीन गौड़ा और कई अन्य लोगों ने प्रज्वल रेवन्ना को बदनाम करने के लिए ये अश्लील वीडियो शेयर किए हैं।

एफआईआर में कहा गया है, “नवीन गौड़ा और अन्य ने वीडियो और छवियों में छेड़छाड़ की और प्रज्ज्वल रेवन्ना को बदनाम करने के लिए हासन लोकसभा क्षेत्र में पेन ड्राइव, सीडी और वॉट्सऐप के माध्यम से अश्लील वीडियो और फोटो मतदाताओं के बीच शेयर किया। वे लोगों से प्रज्ज्वल को वोट न देने के लिए कह रहे हैं।”

भाजपा के साथ गठबंधन में है JDS, डिप्टी सीएम ने पूछा था सवाल
कर्नाटक में JDS और भाजपा के बीच गठबंधन है। वीडियो सामने आने पर राज्य के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने केंद्र सरकार से इस मामले में जवाब मांगा। उन्होंने पूछा कि यौन उत्पीड़न के आरोप सिर्फ कुछ हासन नेता पर नहीं हैं। कर्नाटक भाजपा प्रमुख बीवाई विजयेंद्र और दूसरे नेताओं को इस पर जवाब देना चाहिए।

शिवकुमार ने कहा- मैंने उनकी (प्रज्ज्वल रेवन्ना) रिपोर्ट पढ़ी है, जिसमें कहा गया है कि महिला आयोग उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है। वहीं, जेडीएस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ​​​​​ने शिवकुमार के अश्लील वीडियो मामले में शामिल होने की बात कही है।

इस पर डिप्टी सीएम ने कहा कि कुमारस्वामी को मेरा नाम लेने दीजिए। मैं उन्हें बेनकाब कर दूंगा। क्या वे इस तरह की बात करके महिलाओं के खिलाफ यौन उत्पीड़न को उचित ठहरा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024