Headlines

महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ने खड़गे को चिट्‌ठी लिखी:कहा- MVA ने एक भी मुसलमान को टिकट नहीं दिया, उन्हें सिर्फ हमारा वोट चाहिए

महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मंत्री मोहम्मद आरिफ नसीम खान ने पार्टी की कैंपेन कमेटी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को चिट्‌ठी लिखकर इसकी जानकारी दी।

नसीम ने कहा- महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों पर महा विकास अघाड़ी (MVA) ने एक भी मुस्लिम कैंडिडेट को टिकट नहीं दिया। गठबंधन को सिर्फ मुसलमानों का वोट चाहिए। मैं लोकसभा चुनाव के बाकी बची सीटों पर पार्टी के लिए प्रचार नहीं करूंगा। मैं कैंपेन कमेटी से इस्तीफा देता हूं।

उन्होंने कहा कि पूरे महाराष्ट्र के कई मुस्लिम संगठन, नेता और पार्टी कार्यकर्ता उम्मीद कर रहे थे कि कांग्रेस अल्पसंख्यक समुदाय से कम से कम एक उम्मीदवार को टिकट देगी, लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हुआ। ये सभी पार्टी नेता और कार्यकर्ता अब उनसे पूछ रहे हैं- कांग्रेस को मुस्लिम वोट चाहिए, उम्मीदवार क्यों नहीं।

आरिफ खान मुंबई उत्तर मध्य से टिकट की दौड़ में थे
मोहम्मद आरिफ खान मुंबई उत्तर मध्य से टिकट की दौड़ में थे, लेकिन पार्टी ने यहां से वर्षा गायकवाड़ को टिकट दिया है। इससे पहले आरिफ 2019 में मुंबई के चांदीवली से विधानसभा चुनाव लड़े थे। हालांकि, वह 409 वोटों के मामूली अंतर से हार गए थे।

महाराष्ट्र में 17 सीटों पर लड़ रही कांग्रेस
महाराष्ट्र में लोकसभा की 48 सीटें हैं। गठबंधन के तहत कांग्रेस को 17 सीटें मिली हैं। इसके अलावा उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना (UBT) 21 और शरद पवार की NCP (शरदचंद्र पवार) 10 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

कांग्रेस की 17 सीटें: नंदरबार, धुले, अकोला, अमरावती, नागपुर, बांद्रा, गढ़चिरौली, चंद्रपुर, नांदेड़, जालना, मुंबई नॉर्थ सेंट्रल, पुणे, लातूर, सोलापुर, कोल्हापुर और नॉर्थ मुंबई।

शरद पवार की 10 सीटें: बारामती, शिरपुर, सतारा, भिवंडी, वर्धा, अहमदनगर दक्षिण, बीड, मधा, डिंडौरी, रावेर।

उद्धव ठाकरे की 21 सीटें: जलगांव, परभणी, नासिक, पालघर, कल्याण, ठाणे, रायगढ़, मवाल, धाराशिव, रत्नागिरी, बुलढाणा, शिरडी, संभाजीनगर, सांगली, मुंबई नॉर्थ वेस्ट, मुंबई साउथ, मुंबई नॉर्थ ईस्ट, मुंबई साउथ सेंट्रल, यवतमाल, हिंगोली और हातकणंगले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024