Headlines

संदेशखाली में CBI ने NSG कमांडो के साथ सर्चिंग की:कई जगह हथियार-गोला बारूद मिला; यहां 5 जनवरी को ED टीम पर हमला हुआ था

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शुक्रवार 26 अप्रैल को संदेशखाली में कई जगहों पर सर्चिंग की। इस दौरान जांच एजेंसी विदेशी पिस्टल समेत कई हथियार, बम और गोला-बारूद बरामद किया। सर्चिंग में CBI की पांच टीमों के अलावा बंगाल पुलिस, नेशनल सिक्योरिटी गार्ड्स (NSG) समेत सेंट्रल फोर्सेस मौजूद थीं।

अधिकारियों ने बताया कि यह सर्चिंग 5 जनवरी को शाहजहां शेख के घर दबिश देने गई प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम पर हमले से जुड़ी है। ED की टीम 5 जनवरी को राशन घोटाला मामले में शाहजहां के ठिकानों पर रेड करने गई थी।

उस दिन करीब एक हजार लोगों की भीड़ ने टीम पर हमला कर दिया था, जिसमें ED के तीन अधिकारी घायल हो गए थे। एजेंसी के एक डिप्टी डायरेक्टर ने बशीरहाट SP से इसकी शिकायत की थी।

मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट ने CBI को FIR दर्ज करने का आदेश दिया था। इसी मामले की जांच में CBI को संदेशखाली में हथियारों का बड़ा जखीरा छिपा होने का इनपुट मिला था। CBI से जांच कराने के निर्देश के खिलाफ बंगाल सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई है। इस पर 29 अप्रैल को सुनवाई होगी।

संदेशखाली केस में CBI की पहली FIR
कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद गुरुवार 25 अप्रैल को CBI ने संदेशखली में जमीन हड़पने और महिलाओं के खिलाफ यौन शोषण केस में पहली FIR दर्ज की। मामले में पांच आरोपियों के नाम शामिल हैं। हालांकि ये आरोपी कौन हैं, यह सामने नहीं आया। हालांकि, कहा जा रहा है कि ये रसूखदार लोग हैं।

कलकत्ता हाईकोर्ट ने 10 अप्रैल को संदेशखाली मामले की जांच CBI को सौंप दी थी। अपने आदेश में कहा कि CBI कोर्ट की निगरानी में जांच करेगी और रिपोर्ट सौंपेगी। मामले की अगली सुनवाई 2 मई को होगी।

संदेशखाली की महिलाओं ने 8 फरवरी को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेताओं पर यौन उत्पीड़न और जबरन जमीन कब्जाने का आरोप लगाया था। मामले में 3 आरोपी शाहजहां शेख, शिबू हाजरा और उत्तम सरदार न्यायिक हिरासत में हैं।

कौन है मुख्य आरोपी शाहजहां शेख
आरोपी शाहजहां शेख संदेशखाली में कहां से आया, ये कोई नहीं जानता। 2000-2001 में वो मछली केंद्र में मजदूर था। वह सब्जी भी बेचता था। फिर ईंट-भट‌्ठे पर काम करने लगा। यहीं उसने मजदूरों की यूनियन बनाई। फिर सीपीएम से जुड़ा। सिंगूर और नंदीग्राम आंदोलन में वामदलों की जमीन खिसकी तो 2012 में शाहजहां तृणमूल कांग्रेस के तत्कालीन महासचिव मुकुल रॉय और उत्तर 24 परगना जिले के ताकतवर नेता ज्योतिप्रिय मलिक के सहारे पार्टी से जुड़ गया।

संदेशखाली के लोगों के मुताबिक, शाहजहां के पास सैकड़ों मछली पालन केंद्र, ईंट भट्‌ठे, सैकड़ों एकड़ जमीन हैं। वह 2 से 4 हजार करोड़ की संपत्ति का मालिक है।

शाहजहां शेख को बंगाल पुलिस ने 29 फरवरी को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे CBI को सौंप दिया था।

शाहजहां के समर्थकों ने ED की टीम पर हमला किया था
कोरोना के दौरान कथित तौर पर हुए हजारों करोड़ रुपए के राशन घोटाले में ED ने 5 जनवरी को बंगाल में 15 ठिकानों पर छापा मारा था। टीम नॉर्थ 24 परगना जिले के संदेशखाली गांव में शाहजहां शेख और शंकर अध्य के घर भी रेड डालने गई थी। इस दौरान उन पर TMC समर्थकों ने जानलेवा हमला किया था।

आरोप लगाने वाली पीड़ित महिलाओं का कहना है कि शाहजहां शेख जिसे चाहे उसे अपनी हवस का शिकार बनाता था। ED की रेड के बाद वह फरार हो गया था। करीब 55 दिन बाद उसे 29 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024