मतदान के दौरान हेड कॉन्स्टेबल ने किया सुसाइड:भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, भूपेश बघेल से धक्का-मुक्की; छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण में करीब 72.51% मतदान
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर लोकसभा सीट पर शाम 6 बजे तक 72.51% वोटिंग हुई है। इस दौरान VIP सीट राजनांदगांव में जमकर हंगामा भी हुआ। कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व CM भूपेश बघेल के साथ धक्का-मुक्की की गई। वहीं भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भी आपस में भिड़ गए।
सबसे ज्यादा वोटिंग कांकेर सीट पर ही 73.50% हुई है। हालांकि मुठभेड़ स्थल छोटे बेठिया में जरूर नक्सलियों का डर हावी रहा और लोग मतदान के लिए कम निकले। मतदान के दौरान महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के गरियाबंद में मध्य प्रदेश SAF के हेड कॉन्स्टेबल जियालाल पवार (52) ने अपनी सर्विस राइफल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। पढ़ें पूरी खबर…
सबसे ज्यादा वोटिंग कांकेर में, सबसे कम महासमुंद में
तीन लोकसभा सीटों में सबसे ज्यादा मतदान 73.50% कांकेर में, राजनांदगांव में 72.93% और महासमुंद में सबसे कम 71.13% हुआ है। अगर 2019 के आंकड़ों को देखें तो यह कांकेर में 3.7%, महासमुंद में 5.97% और राजनांदगांव में 5.67% कम है। हालांकि अभी निर्वाचन आयोग ने अंतिम आंकड़े जारी नहीं किए हैं। इसके चलते इनमें शनिवार तक फेर-बदल संभव है।
कांकेर में नक्सलियों ने बैनर लगाकर चुनाव का बहिष्कार किया। मरबेड़ा मतदान केंद्र से 1 से डेढ़ किलोमीटर दूरी मुख्य सड़क किनारे नक्सलियों ने बैनर लगाया। छोटे बेठिया क्षेत्र में ही 16 अप्रैल को मुठभेड़ में 29 नक्सली मारे गए थे। इस इलाके के बूथों पर दोपहर तक सन्नाटा रहा। इसके बाद इक्का-दुक्का ही वोट पड़ सके।
भूपेश बघेल से धक्का-मुक्की
राजनांदगांव के टेडेसरा बूथ पर भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान भूपेश बघेल भी सूचना मिलने पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि उनसे भी धक्का-मुक्की की गई है। भाजपा की महिला कार्यकर्ता ने कांग्रेस समर्थक सरपंच-उपसरपंच के बेटे और समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। वहीं भूपेश बघेल ने इसके लिए भाजपा समर्थकों को जिम्मेदार बताया है।
महासमुंद में ग्रामीणों ने किया चुनाव बहिष्कार
महासमुंद लोकसभा के ग्राम बेलर में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। गांव से मतदान केंद्र हटाए जाने की वजह से आक्रोशित थे। बेलर गांव से 4 किलोमीटर दूर पोलिंग स्टेशन शिफ्ट किया गया, जिसकी वजह से ग्रामीण विरोध कर रहे थे। उनका कहना है कि पिछले विधानसभा चुनाव में यहां पर पोलिंग स्टेशन बनाया गया था, मगर लोगों की मांग को नजर अंदाज करते हुए पोलिंग स्टेशन हटा दिया गया।
फर्जी मतदान पर बालोद में हंगामा
बालोद के दल्लीराजहरा में गुरु नानक स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र पर हंगामा हो गया। गाडरपुल की रहने वाली मधु लालवानी वोट डालने पहुंची तो पता चला कि पहले ही किसी ने मतदान कर दिया है।
छत्तीसगढ़ में 3 चरणों में मतदान
छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों के लिए 3 चरणों में मतदान होना है। इसमें से बस्तर, राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर सीट के लिए वोटिंग हो चुकी है। अब तीसरे चरण और अंतिम चरण के लिए 7 मई को रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, दुर्ग और सरगुजा सीट पर वोट पड़ेंगे।
तस्वीरों में देखिए मतदान…
