दिल्ली की गाजीपुर लैंडफिल साइट में आग:13 घंटे से फायर ब्रिगेड की टीम बुझाने में जुटी; धुएं से लोगों को सांस लेने में दिक्कत
दिल्ली की गाजीपुर लैंडफिल साइट में रविवार शाम से भीषण आग लगी है। डंपिंग यार्ड से पिछले करीब 12 घंटे से आग की लपटों के साथ धुएं का गुबार निकल रहा है। फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हैं।
दिल्ली फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें रविवार शाम करीब 6 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआत में दो दमकल गाड़ियों को भेजा गया। बाद में 8 और गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। इनमें से 4 गाड़ियां डंपिंग यार्ड के ऊपरी हिस्से पर हैं।
आग लगने का कारण गर्म और शुष्क मौसम बताया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि गीला कबाड़ दबे रहने से उसमें हीट पैदा होती है। फिर उसमें गैस बनती है, जिससे आग लगती है। फिलहाल, घटना में किसी के हताहत की खबर नहीं है।
कचरे के ढेर से धुआं निकलने से आसपास की कॉलोनी में रहने वाले लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत होने लगी है। लोगों ने सरकार और प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
गाजीपुर लैंडफिल साइट में लगी आग की तस्वीरें…
फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने बताया कि आग बुझाने में समय लग सकता है। ऊपर से आग बुझने के बावजूद लैंडफिल के अंदर लंबे समय तक आग जलती रह सकती है। पुलिस ने लैंडफिल साइट के आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी है। दमकल की गाड़ियां आसानी से आ सकें, इसके लिए सड़कों को भी खाली कराया गया है। आम लोगों को वहां खड़े होने या वीडियो बनाने से रोका गया है।
एक स्थानीय निवासी ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा कि धुएं से सांस लेने में दिक्कत हो रही है। यहां रहने वालों का जीवन मुश्किल हो गया है। इतनी बदबू आती है कि यहां खड़ा होना भी मुश्किल है। सरकार का ध्यान सिर्फ चुनाव पर है। कोई भी उन मुद्दों पर ध्यान नहीं दे रहा है, जिनका हम सामना करते हैं।
मेयर बोलीं- सब कुछ अंडर कंट्रोल
दिल्ली की मेयर शेली ओबेरॉय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि गाजीपुर लैंडफिल साइट के एक छोटे से हिस्से में आग लगी है। सभी अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। हालात नियंत्रण में है।
भाजपा ने कहा- AAP के लैंडफिल साइट खाली कराने का वादा किया था
गाजीपुर लैंडफिल साइट में आग को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। भाजपा ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि AAP पिछले साल 31 दिसंबर तक गाजीपुर लैंडफिल साइट खाली कराने का वादा किया था, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ।
दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि लैंडफिल साइट पर आग लगने से पूरे इलाके में धुआं फैल गया है। इससे वहां रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 2022 के MCD चुनाव से पहले पिछले साल 31 दिसंबर तक इस लैंडफिल साइट को खाली करने का वादा किया था। हालांकि, कचरा साफ करने के बजाय और अधिक डाल दिया गया।
कुतुब मीनार से 8 मीटर कम लैंडफिल की ऊंचाई
2019 में गाजीपुर लैंडफिल की ऊंचाई 65 मीटर थी, जो कुतुब मीनार से केवल आठ मीटर कम थी। 2017 में डंपिंग यार्ड से कचरे का एक हिस्सा बगल की सड़क पर गिर गया था, जिससे दो लोगों की मौत हो गई।
2022 में गीजीपुर लैंडफिल में आग लगने की तीन घटनाएं हुईं। इसमें 28 मार्च को लगी आग भी शामिल है, जिसे बुझाने में 50 घंटे से अधिक समय लगे थे।
