हुबली मर्डर केस- CID करेगी जांच:CM सिद्धारमैया बोले- स्पेशल कोर्ट बनाई जाएगी; मुस्लिम समुदाय ने विक्टिम के सपोर्ट में बंद बुलाया
हुबली के बीवीबी कॉलेज कैंपस में 18 अप्रैल को फैयाज खोंडुनाईक ने नेहा हिरेमथ की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। सोमवार (22 अप्रैल) को कर्नाटक CM सिद्धारमैया ने मामले की जांच CID को सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की सुनवाई के लिए स्पेशल कोर्ट भी बनाई
नेहा, MCA फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट थी। आरोपी फैयाज उसका पूर्व क्लासमेट था। पुलिस ने उसे वारदात के एक घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में उसने बताया था कि नेहा उसके साथ रिलेशनशिप में थी। कुछ दिनों से अचानक वह उससे दूर रहने लगी थी। इसलिए उसने घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद पूरे कर्नाटक में आक्रोश देखा गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) सहित कई संगठनों ने नेहा की हत्या के विरोध में जगह-जगह प्रदर्शन किए। आरोपी को फांसी देने की मांग की जा रही है।
BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा था मामला CBI का सौंपे
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को कर्नाटक के हुबली-धारवाड़ में कांग्रेस कॉर्पोरेटर निरंजन हिरेमथ से मुलाकात की और उनकी बेटी नेहा की हत्या पर दुख जताया। मुलाकात के बाद नड्डा ने कहा कि हम इस मामले में CBI जांच की मांग करते हैं।
नड्डा ने कहा कि अगर राज्य सरकार चाहे तो तो वे इस केस को CBI को ट्रांसफर कर सकती है। भाजपा इसमें साथ देगी, ताकि नेहा को न्याय मिले, इंसानियत को न्याय मिले और ऐसे मामले फिर न हों। यहां तक कि नेहा के पिता ने भी CBI जांच की मांग की है क्योंकि उन्हें राज्य की पुलिस पर भरोसा नहीं है।
निरंजन हिरेमथ ने कहा कि नेहा की हत्या को लेकर मैंने पुलिस को 8 लोगों के नाम दिए थे। उन्होंने एक को भी अब तक नहीं पकड़ा है। अगर वे आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकते, तो केस CBI को दे दें।
निरंजन ने कहा- इस मामले में कमिश्नर एक महिला है, फिर भी वह एक लड़की की हत्या को गंभीरता से नहीं ले रही हैं। कमिश्नर किसी दबाव में काम कर रही हैं। मेरा विश्वास अब टूट रहा है। मामले में लापरवाही के लिए कमिश्नर का तबादला किया जाना चाहिए।
मुस्लिम समुदाय ने एक दिन के बंद का आह्वान किया
नेहा की हत्या के खिलाफ विरोध जताने के लिए हुबली के मुस्लिम समुदाय ने सोमवार को बंद का आह्वान किया है। धारवाड़ की अंजुमन-ए-इस्लाम समिति के प्रेसिडेंट इस्माइल तमतगार ने कहा कि सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक मुस्लिम समुदाय के सभी व्यापारी नेहा की आत्मा की शांति की दुआ करते हुए दुकानें बंद रखेंगे।
उन्होंने कहा कि हम नेहा के परिवार के साथ हैं। हम अपनी दुकानों पर जस्टिस फॉर नेहा के पोस्टर लगाएंगे। नेहा के लिए एक रैली भी निकाली जाएगी। हमारा प्रदर्शन ये संदेश देने के लिए है कि किसी बच्ची के साथ ऐसा नहीं होना चाहिए। हम इस हत्या की आलोचना करते हैं।
नेहा की हत्या को सही ठहराने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया
हुबली पुलिस ने शनिवार को नेहा की हत्या को सही ठहराने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि नेहा और फैयाज रिश्ते में थे। दोनों की तस्वीरें पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा था- ‘नेहा-फैयाज ट्रू लव, जस्टिस फॉर लव’। दोनों आरोपियों की खिलाफ कुछ हिंदूवादी लोगों ने शिकायत दर्ज करवाई थी।
फैयाज की मां बोलीं- मेरे बेटे ने जो किया उससे सिर शर्म से झुक गया; पिता बोले- ऐसी सजा मिले जो मिसाल बने
आरोपी फैयाज खोंडुनाईक की मां मुमताज ने कहा कि नेहा के साथ बहुत बड़ा अन्याय हुआ है। वह अच्छी लड़की थी। मेरे बेटे ने जो किया, उससे हमारा सिर शर्म से झुक गया है। उसने बहुत बड़ी गलती की है। उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मुमताज ने पीड़ित परिवार और राज्य के लोगों से माफी मांगी। हालांकि, उन्होंने लव-जिहाद के दावों से इनकार किया।
पेशे से टीचर आरोपी की मां मुमताज ने कहा कि फैयाज और नेहा एक दूसरे से प्यार करते थे। मुझे एक साल पहले दोनों के रिश्ते के बारे में पता चला था। दोनों शादी करना चाहते थे। मेरे बेटे ने मुझे नेहा के बारे में बताया था। तब मैंने पहले उसे अपने करियर पर ध्यान देने को कहा था।
वहीं, फैयाज के पिता बाबा साहेब सुबानी ने कहा कि फैयाज को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जिससे कोई भी भविष्य में ऐसी कोई चीज करने की हिम्मत न करे। मैं हाथ जोड़कर नेहा के परिवार से माफी मांगता हूं। वह मेरी बेटी जैसी थी। नेहा और फैयाज एक-दूसरे से प्यार करते थे और रिलेशनशिप में थे। फैयाज ने मुझसे कहा था कि वह नेहा से शादी करना चाहता है, लेकिन मैंने मना कर दिया था।
सुबानी ने बताया कि वे और उनकी पत्नी पिछले 6 साल से अलग रह रहे थे। फैयाज अपनी मां के साथ रहता था और पैसों की जरूरत पड़ने पर ही उन्हें कॉल करता था। उनकी फैयाज से आखिरी बार तीन महीने पहले बात हुई थी। करीब 8 महीने पहले नेहा के परिवार ने उन्हें कॉल करके बताया था कि फैयाज नेहा को परेशान कर रहा है।
लड़की के पिता बोले- यह लव जिहाद नहीं है तो क्या है?
नेहा के पिता निरंजन हिरेमथ ने बेटी की हत्या को लव-जिहाद का मामला बताया है। उन्होंने दावा किया कि आरोपी ने उनकी बेटी को फंसाने की योजना बनाई थी। वे उसे धमकी दे रहे थे, लेकिन हमारी लड़की ने इस पर ध्यान नहीं दिया।
दूसरी तरफ, राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने लव-जिहाद के दावों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह हत्या निजी कारणों से की गई है और राज्य में कानून व्यवस्था बिल्कुल दुरुस्त है।
प्रपोजल ठुकराने से नाराज था आरोपी
पुलिस ने 18 अप्रैल को बताया था कि नेहा और फैयाज एक दूसरे को पहले से जानते थे। दोनों BCA के दौरान क्लासमेट थे। नेहा ने उसका प्रपोजल ठुकरा दिया था, जिसके कारण फैयाज ने घटना को अंजाम दिया।
हुब्बली-धारवाड़ की पुलिस कमिश्नर रेणुका एस सुकेमार ने कहा कि इस मामले में 18 अप्रैल को FIR दर्ज की गई थी, जिसके एक घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। हमने सारी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है। आरोपी को ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया है।
