नमस्कार,
कल की बड़ी खबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के चुनावी बयानों की रही। एक खबर इजराइल-ईरान के बीच चल रहे तनाव की रही, दावा किया जा रहा है कि ईरान अगले दो दिन में इजराइल पर हमला कर सकता है।
लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…
- राहुल गांधी और राजनाथ सिंह छत्तीसगढ़ के बस्तर में जनसभा करेंगे।
- पंजाब और राजस्थान के बीच IPL मुकाबला होगा। यह मैच मोहाली में खेला जाएगा।
अब कल की बड़ी खबरें…
1. मोदी बोले- जम्मू-कश्मीर को फिर राज्य का दर्जा मिलेगा, विपक्ष की मानसिकता मुगलों जैसी
PM मोदी ने उधमपुर में कहा कि वह समय दूर नहीं जब जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव होंगे। इसे वापस राज्य का दर्जा मिलेगा। मोदी ने राहुल गांधी और लालू परिवार पर बिना नाम लिए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये लोग सावन के महीने में मटन बनाते हैं, इसका वीडियो जारी कर देश के लोगों को चिढ़ाते हैं। ऐसा करके मुगल मानसिकता के ये नेता देश के लोगों को चिढ़ाना चाहते हैं।
PM के बयान की वजह: दरअसल, 7 महीने पहले सावन में राहुल गांधी ने लालू यादव से मटन बनाना सीखा और इसका वीडियो अपने सोशल मीडिया पर 2 सितंबर 2023 को शेयर किया था। वहीं चैत्र नवरात्र के पहले दिन 9 अप्रैल को तेजस्वी ने अपने x पर एक वीडियो शेयर किया था। इसमें वो VIP प्रमुख मुकेश सहनी के साथ में लंच में चेचरा मछली और रोटी खाते दिख रहे थे।
कांग्रेस पर झूठ बोलने का आरोप लगाया: मोदी ने कांग्रेस पर संविधान को लेकर झूठ बोलने का भी आरोप लगाया। उन्होंने बाड़मेर की रैली में कहा, ‘जहां तक संविधान का सवाल है, तो लिखकर ले लीजिए कि बाबा साहेब अंबेडकर खुद आ जाएं तो भी संविधान खत्म नहीं कर सकते हैं। हमारा संविधान हमारे लिए गीता है, रामायण है, बाइबल है, कुरान है।’
पूरी खबर यहां पढ़ें…
2. राहुल बोले- ED, CBI और IT केंद्र के राजनीतिक हथियार, भारत में विचारधारा की लड़ाई
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में चुनावी सभा की। उन्होंने कहा- केंद्र सरकार ED, CBI और IT का राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रही है। प्रधानमंत्री खुद चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति करते हैं। कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए। दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार कर लिए गए। राहुल ने कहा कि भारत में विचारधारा की लड़ाई चल रही है। एक तरफ न्याय, स्वतंत्रता और समानता है। दूसरी तरफ RSS, PM मोदी और उनकी सरकार है।
खड़गे बोले- मोदी ने झूठे वादे किए: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्नाटक के कलबुर्गी में अपने दामाद राधाकृष्ण डोड्डामणि के समर्थन में चुनावी सभा की। उन्होंने कहा- मोदी ने देश के लोगों को 15-15 लाख रुपए, करोड़ों नौकरियां और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य देने के वादे किए थे। वे अयोध्या में राम मूर्ति की शपथ लेकर बताएं कि उन्होंने कितने वादे पूरे किए।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
3. ईरान-इजराइल में जंग का खतरा; भारत की एडवाइजरी- नागरिक ईरान-इजराइल न जाएं
अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) ने दावा किया है कि ईरान अगले दो दिन में इजराइल पर हमला कर सकता है। ईरान-इजराइल में बढ़ते तनाव के बीच भारत समेत 5 देशों ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। इसमें नागरिकों को ईरान और इजराइल न जाने की सलाह दी गई है। एडवाइजरी जारी करने वाले देशों में अमेरिका, ब्रिटेन, रूस और फ्रांस शामिल हैं।
ईरान क्यों हमला कर सकता है: इजराइल ने 1 अप्रैल को सीरिया में ईरानी एंबेसी के पास एयरस्ट्राइक की थी। इसमें ईरान के दो टॉप आर्मी कमांडर्स समेत 13 लोग मारे गए थे। इसके बाद ईरान ने इजराइल को बदला लेने की धमकी दी थी।
इजराइल ने सीरिया में हमला क्यों किया: इजराइल ने सीरिया में एयरस्ट्राइक के जरिए ईरान को यह मैसेज देना चाहा कि अगर वह हमास और हिजबुल्लाह जैसे आतंकी संगठनों की मदद करता रहा तो उसके ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
4. सोना पहली बार ₹73 हजार के पार, चांदी भी ₹83 हजार प्रति किलो ग्राम पर पहुंची
10 ग्राम सोना 1,351 रुपए महंगा होकर 73,174 रुपए पहुंच गया है। यह ऑल टाइम हाई है। साल 2024 में सोने के दाम 9,872 रुपए बढ़ चुके हैं। 1 जनवरी को सोना 63,302 रुपए पर था। चांदी ने भी बीते दिन नया रिकॉर्ड बनाया। एक किलो चांदी 1,476 रुपए बढ़कर 83,819 रुपए हो गई है। जनवरी में इसकी कीमत 73,395 रुपए प्रति किलोग्राम थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना रिकॉर्ड हाई पर: अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गोल्ड ने कीमत का नया रिकॉर्ड बनाया है। सोना 2,412 डॉलर प्रति आउंस के नए लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया है। अप्रैल में सोना 7% से ज्यादा मजबूत हो चुका है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
5. लोकसभा चुनाव-2024 के अहम अपडेट्स…
- भाजपा 14 अप्रैल की सुबह 11:30 बजे अपना घोषणापत्र जारी करेगी।
- BSP ने उत्तर प्रदेश में 9 और प्रत्याशियों का नाम ऐलान किया।
- नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला बारामूला से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
- गुजरात चुनाव आयोग वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के लिए 20 लाख आमंत्रण पत्र भेजेगा।
- मणिपुर में विस्थापित लोगों के लिए 29 स्पेशल पोलिंग स्टेशन बनाए गए।
